जाॅब्स में बढ़ते टारगेट्स और बाजार में बढ़ती महंगाई, इन दो चीजों ने मानों हर इंसान को कहीं न कहीं थका दिया है। जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए हर कोई एक अंधी दौड़ में शामिल हो गया है। ऐसी दौड़ जिसका अंत मिलना ही मुश्किल हो गया है। अगर आप भी जिंदगी की इसी उधेड़बुन से थक गए हैं और शांति व सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं तो बेंगलुरु के आस-पास आपको ऐसे कई शानदार डेस्टिनेशन मिल जाएंगे, जहां जाकर आपकी सारी थकान दूर हो जाएगी।
कुर्ग

बेंगलुरु से करीब 270 किलोमीटर दूर स्थित है कुर्ग। समुद्री तल से करीब 1525 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह हिल स्टेशन चाय के बागानों, काॅफी प्लाटंस और घने जंगलों के लिए मशहूर है। यहां का शांत वातावरण आपके दिल को सुकून देगा, साथ ही ताजी हवा आपकी सारी थकान उड़ा ले जाएगी। हरे भरे पहाड़ों से लेकर, झीलें, झरने, खूबसूरत नजारे, एक परफेक्ट हाॅलीडे के लिए आपको जो कुछ भी चाहिए, यहां आपको सब मिल जाएगा। 70 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरता एबी फॉल्स बहुत ही शानदार है। कुर्ग में आपको ‘बादलों का बाजार’ यानी मंडलपट्टी देखने का मौका भी मिलेगा। यह व्यू प्वाइंट करीब 4050 फीट की ऊंचाई पर है। प्रकृति की चित्रकारी के साथ ही आपको यहां अध्यात्म का अनुभव भी होगा। यहां बना नामद्रोलिंग मठ 5000 से अधिक भिक्षुओं और ननों का घर है। यहां आकर आपको अलग ही सुकून मिलेगा।
नंदी हिल्स

नंदी हिल्स बेंगलुरु से सिर्फ 62 किलोमीटर दूर स्थित है। एडवेंचर के शौकीन लोगों के लिए यह एक परफेक्ट टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। यहां पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग के साथ ही आप ट्रैकिंग का आनंद ले सकते हैं। यहां प्रकृति के नजारों के साथ ही आपको अपनी संस्कृति और इतिहास की झलक भी देखने को मिल जाएगी। नंदी हिल्स पोन्नैयार नदी,पेन्नार नदी और पलार नदी के संगम स्थल के पास है। यहां टीपू सुल्तान का समर पैलेस है, जहां वह गर्मियों के दिनों में निवास करते थे। यह पैलेस बहुत सुंदर और भव्य है। भोग नन्दीश्वर मंदिर में आपको भारतवर्ष की उन्नत वास्तुकला को करीब से देखने का मौका मिलेगा। नंदी हील्स में सबसे खास है यहां का सनसेट, जिसे देखने और कैमरे में कैद करने यहां हर साल लाखों पर्यटक आते हैं।
चिकमंगलूर

कर्नाटक के खूबसूरत चिकमंगलूर हिल स्टेशन के बारे में ज्यादा लोग नहीं जानते, लेकिन यह जगह बहुत ही शानदार है। यहां पर्यटकों को हरे-भरे पहाड़ों के साथ ही झरने और काॅफी के बागान देखने को मिलते हैं। चिकमंगलूर को ‘कर्नाटक की कॉफी भूमि’ कहा जाता है। यहां की हवाओं में आप कॉफी की खुशबू महसूस कर सकते हैं। बेंगलुरु से करीब 250 किलोमीटर दूर स्थित यह हिल स्टेशन कॉफी उत्पादन के लिए मशहूर है। मल्लयानागिरी पर्वत श्रेणियों की तलहटी में स्थित इस हिल स्टेशन पर आप ट्रेकिंग का आनंद भी ले सकते हैं। यहां जंगल सफारी में आपको कई जीव जंतु देखने को मिलेंगे। वैसे तो यहां साल भर मौसम सुहाना रहता है, लेकिन यहां घूमने का सबसे अच्छा टाइम सितंबर से मई तक है।
रामनगर
अगर आप नेचर लवर हैं तो रामनगर आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है। यहां आपको पक्षियों की कई प्रजातियां देखने को मिलेगी, जिनमें से एक है भारतीय और मिस्र के गिद्ध। दुनियाभर के फोटोग्राफर यहां इस खास पक्षी को कैमरे में कैद करने के लिए आते हैं। यहां की हंसी वादियां आपके दिल को सुकून देगी। ब्लॉकबस्टर फिल्म शोले की शूटिंग यहीं की गई थी।
सावनदुर्ग

अगर आपको हाॅलीडे पर कुछ खास देखना है तों चले आइए सावनदुर्ग। बेंगलुरु से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित सावनदुर्ग पूरे एशिया में सबसे बड़ी एकल रॉक संरचनाओं में से एक माना जाता है। एडवेंचर के शौकीनों के लिए यह परफेक्ट हाॅलीडे ऑप्शन है। यहां ट्रेकिंग से लेकर कैंपिंग और रॉक क्लाइम्बिंग की जा सकती है। समुद्र तल से करीब 4025 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह दुनिया के सबसे बड़े मोनोलिथों में से एक माना जाता है।
कनकपुरा .
अगर आप किसी अच्छे वीकेंड गेटवे की तलाश में हैं तो कनकपुरा आपके लिए अच्छा विकल्प है। बेंगलुरु से मात्र 70 किलोमीटर दूर स्थित यह छोटी सी जगह कई मायनों में अहम है। यह शहर रेशम के साथ ही ग्रेनाइट के उत्पादन के लिए भी मशहूर है। यहां वो सब है जो एक अच्छे हाॅलीडे के लिए जरूरी है। झीले, पहाड़, ट्रेकिंग, वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज के साथ ही कैंपिंग का भी आॅप्शन आपको मिल जाएगा।
स्कंदगिरी

इस हाॅलीडे पर अगर आपने एडवेंचर का मन बना लिया है तो सीधे चले आइए स्कंदगिरी। बेंगलुरु से करीब 61 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस जगह को कलावरा दुर्गा या कलावारा बेट्टा भी कहा जाता है। यहां सिर्फ दिन ही नहीं रात में भी ट्रेकिंग की जा सकती है। हालांकि यह ट्रेकिंग काफी मुश्किल भरी भी हो सकती है। समुद्र तल से 4430 फीट की ऊंचाई पर स्थित पहाड़ी की चोटी तक पहुंचने में आपको लगभग तीन से चार घंटे का समय लग सकता है। हालांकि ट्रेकिंग से पहले आपको इसके लिए परमीशन लेनी होगी। अगर आप ट्रेकिंग के शौकीन है तो गर्मी का मौसम आपके लिए बेस्ट है। उस समय यहां फिसलन कम होती है। स्कंदगिरी में आपको नेचर के कई रंग देखने को मिलेंगे। यहां का सनराइज और सनसेट देखने लायक है।
बन्नेरघट्टा राष्ट्रीय उद्यान

बेंगलुरु में रहने वाले वाइल्ड लाइफ लवर्स के लिए बेस्ट हाॅलीडे डेस्टिनेशन है बन्नेरघट्टा नेशनल पार्क। यहां के खूबसूरत जंगल में सफारी का आनंद लेने का अनुभव ही दिल खुश करने वाला है। यहां आपको बाघ, शेर के साथ ही हाथी, भालू, हिरण आदि देखने को मिल जाएंगे। बेंगलुरु से करीब 21 किलोमीटर दूर स्थित बन्नेरघट्टा राष्ट्रीय उद्यान को साल 1974 में वनस्पतियों और जीवों के संरक्षण के लिए बनाया गया था। इस उद्यान की सफारी में आपको करीब 45 मिनट का समय लगेगा। इसी के साथ आप यहां बना बन्नेरघट्टा चिड़ियाघर भी देख सकते हैं। यहां करीब 102 प्रजातियों के दो हजार से भी ज्यादा जानवर हैं। ऐसे में बड़ों के साथ ही बच्चों को भी यह जगह बेहद पसंद आएगी।
