काम वाली बाई आपके लिए कितना बड़ा सहारा है, इस बात का जवाब उन दिनों में बखूबी मिलता है, जब वो छुट्टी पर होती है। लेकिन कुछ बाई ऐसी भी होती हैं कि जब वो नहीं आती तो उनका काम नहीं बल्कि व्यवहार याद आता है। याद आता है कि कैसे वो हमेशा अकड़ में ही रहती है। कैसे उसे जरा-जरा सी बात पर ये कहने की आदत है कि ‘…तो फिर आप कोई और बाई देख लो’। और कैसे आप उसके आगे खुद को दबा हुआ महसूस करती हैं। 

मानो आपने उन्हें काम पर नहीं रखा है बल्कि उन्होंने आपके यहां काम करके अहसान कर दिया है। डॉमिनेट करने वाली बाई कई घरों में होती हैं। ये वो बाई होती हैं, जो अपने अलग ही टशन में रहती हैं और घर का काम बिलकुल अपने हिसाब से करती हैं। उसे आप क्या सोचेंगी की तो बिलकुल भी चिंता नहीं होती है। ऐसी ही डॉमिनेटिंग बाई को आप कैसे कर सकती हैं हैंडल चलिए जानें कुछ टिप्स के सहारे-

कौन होती है डॉमिनेटिंग बाई

डॉमिनेटिंग बाई वो होगी, जो आपसे पहले खुद की बात सामने रखेगी, जो ये दिखाने की कोशिश करेगी कि उसे सब पता है। आपके घर का काम आपसे से अच्छा वो कर सकती है। बात-बात पर वो आपको ये बताएगी उसको आपसे ज्यादा पता है। हां, बस किचन और घर के बारे में लेकिन फिर भी आपको लगेगा कि अरे आपने कुछ सीखा ही नहीं या सबकुछ उसे ही पता है। वो ये लाइन हमेशा बोलेगी कि 

-अरे भाभी डिश ऐसे नहीं, ऐसे बनाइए। 

-आप ये नहीं जानती, लाइए मैं कर देती हूं। 

-मैं तो बहुत अच्छा खाना बनाती हूं। 

-मैं काम करूं तो टोका ना कीजिए। 

गलत को कहें गलत

बाई आपकी कैसी भी हो अगर वो काम अच्छा करती है तो वो आपके काम की है। इसलिए उससे बना कर रखने की जिम्मेदारी आपको निभानी ही होगी। लेकिन हां, इसका ये मतलब बिलकुल नहीं है कि आप उसकी गलत हरकतों को भी मामूली मान लें। गलत को गलत कहना ही होगा। क्योंकि ऐसा न हो कि आपके घर के सारे काम वो अच्छे से कर देती हो लेकिन इन सबके बीच आपका मन अशांत होता जा रहा हो। इसलिए बाई की गलत हरकतों को सबके सामने तो लाना ही होगा। फिर चाहे वो आपके सारे काम बेहतरीन तरीके से ही क्यों न करती हो, उसे खुद पर हावी बिलकुल ना होने दीजिए। इस दौरान अपने व्यवहार पर भी ध्यान दीजिए, ऐसा न हो कि आप उसकी गलती दिखते हुए, खुद की गलती को भूल जाएं। खुद पर नजर बनाए रखना भी जरूरी है। 

सीमाएं पता हों उसे

किसी को भी जब ये समझाना हो कि ‘अब बस’ तो उसको सबसे पहले ये समझाइए कि उसकी सीमाएं क्या हैं। बाई को पता होना चाहिए कि किस हद के बाद उनका बोलना पसंद नहीं किया जाएगा। इसके लिए आपको उसकी पहली गलती पर ही टोकना होगा। तब कहीं जाकर वो धीरे-धीरे अपनी आदत बदल पाएगी। बाई को अपने शब्दों की सीमा भी पता होनी चाहिए। उन्हें आपसे कुछ भी कभी भी कहने का कोई हक नहीं है। इसके लिए उसके कुछ गलत बोलते ही टोकिए, फिर चाहे वो ये बात किसी और के लिए ही क्यों ना कह रही हो। इस तरह उसे समझ आएगा कि आपके सामने गलत बोलना ही नहीं है, फिर चाहे वो किसी और के बारे ही क्यों न कहे जा रहे हों। उसकी गलती का उसे एहसास कराने के लिए उसकी गलती बता कर ऐसा न करने और सीमा में रहने की सलाह पहली बार में ही देनी होगी। 

दिल लगाना

कई दफा ऐसा होता है कि महिलाएं बाई से अपने दिल की बात कहने लगती हैं। वो अपने बारे में इतना कुछ बता देती हैं कि डॉमिनेटिंग बाई उन्हें थोड़ा और डॉमिनेट करने लगती है। आप उससे इमोशनली जुड़ जाती हैं तो उसकी गलतियों को भी माफ करने लगती हैं। जबकि बाई ने तो गलती की होती है। अब ऐसे में जरूरी है कि बाई से सबसे पहले तो दिल लगाना बंद कर दें। इसके आपको फायदे ही होंगी नुकसान तो ना के बराबर ही महसूस होंगे। याद रखिए दिल हर किसी से लगाने के लिए नहीं होता है। 

सीधे बात करना है जरूरी

किसी भी समस्या का सबसे आसान तरीका है कि उस मुद्दे पर बात की जाए। बात करना किसी भी परेशानी का सबसे आसान हल होता है। अगर आपको लग रहा है कि आपकी बाई आपको डॉमिनेट करती है। घर के काम आपके नहीं बल्कि उसके हिसाब से होते हैं तो यही सही समय है जब आपको बाई से इस मुद्दे पर बात कर लेनी चाहिए। आपको उससे बताना होगा कि इस तरह से काम नहीं चलेगा क्योंकि ये गलत है। गलत है किसी को भी दबाना और सिर्फ अपने हिसाब से काम करना। बाई होकर तो ये बिलकुल नहीं चलेगा बल्कि बाई को आपके हिसाब से चलना ही होगा। अगर वो ऐसा नहीं करेंगी तो आपको उन्हें ना चाहते हुए भी हटाना ही पड़ेगा। 

तुरंत हटाएं

बाई की आदतों से परेशान हैं तो सबसे पहले उसे समझाने की कोशिश ही करें। उसे बताएं कि आपने उसके साथ कितना अच्छा व्यवहार किया है। आप उसे कैसे घर जैसा महसूस कराती हैं और बाई जैसा एहसास तो कभी नहीं कराया। इसलिए उसे आपके साथ निश्छल, ईमानदार और दयालू रहना चाहिए। उसे इस ओर ध्यान देते हुए जल्द से जल्द सुधार करने होंगे। अगर ऐसा नहीं किया तो आप एक दिन उसकी सेवाएं समाप्त कर देंगी। ऐसा न हो इसके लिए उन्हें अपने व्यवहार में कुछ सुधार करने होंगे, तब ही बात बन पाएगी। 

 

ये भी पढ़ें-

बाई कंट्रोल: कामवाली बाई अक्सर मांगती है पैसे तो उसे ऐसे करें हैंडल