Overview: पार्टनर प्यार तो करता है, लेकिन सेक्स से दूर क्यों
कई लोग ऐसे होते हैं जो अपने पार्टनर से बहुत प्यार करते हैं, लेकिन सेक्स में उतनी दिलचस्पी नहीं दिखाते। जानिए इसके कारण, रिलेशनशिप पर असर और इसे समझदारी से कैसे संभालें
Love Without Sex: रिश्ते कई बार काफी उलझे हुए लगते हैं। एक ओर रिश्ते में सब कुछ परफेक्ट लगता है तो वहीं दूसरी ओर, कुछ अधूरा सा लगता है। पार्टनर बहुत ज्यादा रोमांटिक है। उसकी केयर, प्यार व रोमांस देखकर काफी अच्छा लगता है। लेकिन जब आप दोनों बेड पर हों और वो दूरी बनाने लगें तो? ऐसे में समझ में नहीं आता है कि कहां पर क्या गलत हो रहा है। पार्टनर का इस तरह का व्यवहार मन में कई तरह के सवाल पैदा करता है। कभी-कभी तो हमें खुद पर ही शक होने लगता है कि कहीं मुझमें ही तो किसी तरह की कमी नहीं है या फिर पार्टनर सच में प्यार करता भी है या नहीं।
हो सकता है कि आप भी अपने रिश्ते के ऐसे ही दौर से गुजर रहे हों तो ऐसे में आपको परेशान होने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। कई कपल्स इस दौर का सामना करते हैं। यहां आपको यह समझने की जरूरत है कि रोमांटिक होना और सेक्सुअल होना दोनों अलग-अलग चीजें हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम इसी विषय पर बात करेंगे, जिससे आपके लिए अपनी स्थिति को बेहतर तरीके से समझने में आसानी हो सके-
रोमांटिक और सेक्सुअल दोनों अलग बातें हैं
अक्सर लोग इसलिए असमंजस में रहते हैं, क्योंकि वे रोमांस व सेक्स को एक ही समझते हैं, जबकि दोनों काफी अलग हैं। रोमांटिक होने का मतलब है प्यार जताना, साथ समय बिताना, भावनात्मक रूप से जुड़ना। लेकिन सेक्स से जुड़ी इच्छाएं हर इंसान में अलग-अलग होती हैं। ये हर समय एक जैसी नहीं रहती और आपके मूड से लेकर हेल्थ तक से प्रभावित हो सकती हैं।
सेक्स से दूरी की मुख्य वजहें

अगर पार्टनर सेक्स से दूरी बना रहा है तो इसके पीछे कई वजहें जिम्मेदार हो सकती हैं। मसलन-
- उसकी कामेच्छा में अंतर हो सकता है। सेक्स को लेर किसी की चाहत ज्यादा या किसी की कम हो सकती है। ये काफी आम है।
- कभी-कभी तनाव या काम का प्रेशर की सेक्स के प्रति रुचि को कम कर देता है।
- स्वास्थ्य, हार्मोन या दवाएं भी अक्सर कामेच्छा को कम कर सकती हैं।
- बॉडी इमेज के चलते कई बार व्यक्ति का आत्मविश्वास कम हो जाता है और ऐसे में वह पार्टनर से फिजिकल रिलेशन बनाने से कतराता है।
- कभी-कभी व्यक्ति का अतीत या कोई बुरा अनुभव भी सेक्स में रुचि पूरी तरह से खत्म कर देता है। लोग इस पर खुलकर चर्चा नहीं कर पाते हैं।
- इसके अलावा, कुछ लोगों की स्वाभाविक रूप से सेक्स में रुचि नहीं होती है, लेकिन वे प्यार, रोमांस सब चाहते हैं।
कब परेशान होने की है जरूरत

रिलेशन में सेक्स ना होना खुद में परेशानी की वजह नहीं है। अगर पार्टनर रोमांटिक है, लेकिन सेक्सुअल नहीं होता तो ऐसे में आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। लेकिन कुछ स्थितियों में बात करना बेहद जरूरी हो जाता है। मसलन, अगर वह आपसे पूरी तरह से दूरी बनाना शुरू कर दें या फिर आपको बिल्कुल भी टच ना करे। आपके बीच बातचीत ना हो या वह आपका अनादर करे। अगर आपको उस पर चीटिंग का शक हो या पार्टनर में एकदम से बहुत ज्यादा बदलाव आ जाए तो ऐसे में आपको सतर्क हो जाना चाहिए।
