Overview: रूपाली गांगुली की मां ने 70 की उम्र में किया शरारात सॉन्ग पर डांस
टीवी की दुनिया की 'अनुपमा' यानी रूपाली गांगुली असल जिंदगी में भी उतनी ही पारिवारिक और खुशमिजाज हैं, जितनी वह पर्दे पर नजर आती हैं।
Rupali Ganguly Mother Dance on Song Shararat: टीवी की दुनिया की ‘अनुपमा‘ यानी रूपाली गांगुली असल जिंदगी में भी उतनी ही पारिवारिक और खुशमिजाज हैं, जितनी वह पर्दे पर नजर आती हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो साझा किया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। इस वीडियो की खास बात खुद रूपाली नहीं, बल्कि उनकी 70 वर्षीय मां रजनी गांगुली हैं, जो समंदर की लहरों के बीच अपनी ऊर्जा से युवाओं को मात देती नजर आ रही हैं।
समंदर किनारे शरारत का जादू
रूपाली गांगुली ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वह अपनी मां के साथ फिल्म ‘धुरंधर’ के सुपरहिट गाने ‘शरारत’ पर थिरकती दिख रही हैं। वीडियो की शुरुआत में उनकी मां रजनी गांगुली बड़े ही स्वैग के साथ डांस स्टेप्स करती हैं और फिर रूपाली अपनी अदाओं का तड़का लगाती हैं। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए रूपाली ने बड़े गर्व से लिखा, “मेरे भाई विजय गांगुली का गाना और मेरी मां का परिचय…”।
70 की उम्र में भी रजनी जी का जोश और उनके डांस मूव्स देखकर फैंस उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। यह साबित करता है कि उम्र महज एक आंकड़ा है, अगर दिल में कुछ कर गुजरने की चाह हो।
विजय गांगुली ने कोरियोग्राफी किया है शरारत
इस गाने ‘शरारत’ की कोरियोग्राफी रूपाली के भाई विजय गांगुली ने ही की है। विजय बॉलीवुड के एक मंझे हुए कोरियोग्राफर हैं, जिन्होंने ‘वॉर’ का ‘घुंघरू’ और ‘रूही’ का ‘नदियों पार’ जैसे चार्टबस्टर गानों पर पूरी दुनिया को नचाया है। ‘धुरंधर’ फिल्म का यह गाना पिछले साल दिसंबर से ही सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, लेकिन अपनी मां और बहन के साथ इसे एक अलग ही पहचान मिल गई है।
विरासत में मिली है कला
बहुत कम लोग जानते हैं कि रूपाली गांगुली एक बेहद प्रतिभाशाली फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनकी मां महाराष्ट्रीयन हैं और उनके पिता स्वर्गीय अनिल गांगुली हिंदी सिनेमा के दिग्गज बंगाली फिल्म निर्माता-निर्देशक थे। उन्होंने ‘कोरा कागज’, ‘तपस्या’ और ‘पिया का घर’ जैसी क्लासिक फिल्मों का निर्देशन किया था। यही वजह है कि रूपाली के भीतर बंगाली संस्कार और महाराष्ट्रीयन ऊर्जा का एक खूबसूरत संगम देखने को मिलता है।
टेलीविजन की क्वीन बनीं रूपाली
आज रूपाली गांगुली किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। साल 2020 में शुरू हुआ उनका शो ‘अनुपमा’ आज भी टीआरपी की रेस में सबसे आगे बना हुआ है। खबरों की मानें तो रूपाली इस समय भारतीय टेलीविजन की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेसेस में शुमार हैं। अपनी प्रोफेशनल सफलता के साथ-साथ वह अपनी निजी जिंदगी को भी बखूबी संभालती हैं। उन्होंने बिजनेसमैन अश्विन के वर्मा से शादी की है और उनका एक प्यारा सा बेटा है, जिसका नाम रुद्रांश है।
फैंस दे रहे हैं तगड़ा रिएक्शन
रूपाली की मां के डांस को देखकर फैंस को खुद को रिएक्ट करने से नहीं रोक पा रहे हैं। इस उम्र में इस तरह की एनर्जी देखते ही बनती है। एक यूजर ने कमेंट में लिखा, ‘इस उम्र में भी आपके पास इतनी ताकत है. कमाल की एनर्जी है आपकी।’

