Overview:
इन दिनों के-ड्रामा शोज ने युवाओं में डीप किस यानी फ्रेंच किस का ट्रेंड भी काफी चला दिया है। इससे मूड बेहतर होता है, तनाव कम होता है, साथ ही पार्टनर से नजदीकी भी बढ़ती है।
Deep Kissing Effects: प्यार जताने का सबसे अच्छा और आसान तरीका है पार्टनर को ‘किस’ करना। इन दिनों के-ड्रामा शोज ने युवाओं में डीप किस यानी फ्रेंच किस का ट्रेंड भी काफी चला दिया है। इससे मूड बेहतर होता है, तनाव कम होता है, साथ ही पार्टनर से नजदीकी भी बढ़ती है। लेकिन ‘किस’ यानी चुंबन आपकी सेहत के लिए खतरनाक भी हो सकती है। क्या है इसका कारण, आइए जानते हैं।
मुंह से फैलते हैं खतरनाक बैक्टीरिया

मुंह हमारे पाचन तंत्र और सांस की नली से जुड़ा होता है। यही वजह है कि जब आप किसी को चूमते हैं तो उनके मुंह में मौजूद कीटाणु आपके शरीर में आसानी से जा सकते हैं। लार के जरिए वायरस बिना लक्षणों के शरीर में फैल सकते हैं। खासतौर पर ओपन माउथ किस से ज्यादा कीटाणु फैल सकते हैं।
वायरल बीमारियों का खतरा
चुंबन के जरिए मोनोन्यूक्लिओसिस यानी मोनो वायरस और मेनिन्जाइटिस जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। मोनो वायरस 6 महीने तक शरीर में रह सकते हैं। इसके कारण हर समय थकान महसूस होती है। मेनिन्जाइटिस आपके दिमाग और रीढ़ की हड्डी को नुकसान पहुंचा सकता है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की एक रिपोर्ट के अनुसार किस के जरिए वायरल बीमारियों के फैलने के पुख्ता प्रमाण हैं।
यौन रोग फैलने का डर
एक लंबी किस आपको सेक्सुअल इंफेक्शन जैसे गोनोरिया, सिफलिस, हर्पीज और एचपीवी जैसे गंभीर रोगों का शिकार बना सकती है। ये रोग बिना किसी लक्षण के भी हो सकते हैं। किसी को बिना हाइजीन के किस करने का मतलब है आप इन बीमारियों को खुला न्योता दे रहे हैं। इसके कारण मुंह में छाले और ओरल हर्पीज जैसे संक्रमण भी हो सकते हैं।
ओरल हेल्थ के लिए खतरनाक
आपके पार्टनर के मुंह में मौजूद बैक्टीरिया आपके दांतों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। दांतों की सड़न भी किस से ट्रांसफर हो सकती है। इतना ही नहीं कई बार डीप किस एलर्जी का कारण भी बन सकती है। यदि आपके पार्टनर ने ऐसा फूड खाया है, जिससे आपको एलर्जी है। और आप एक दूसरे को किस करते हैं तो ऐसे में एलर्जी की आशंका बढ़ जाती है।एक स्वीडिश सर्वेक्षण के अनुसार लगभग 12 प्रतिशत लोग ऐसी एलर्जी का शिकार होते हैं।
होठों पर पड़ सकता है असर
डीप किस होठों की स्किन के लिए भी खतरनाक हो सकती है। क्योंकि होठों की त्वचा काफी नाजुक होती हैै। इसमें पसीने की ग्रंथियां भी नहीं होती हैं। ऐसे में लंबी किस करने से होठों की त्वचा ड्राई हो सकती है। इसके कारण होंठ फट सकते हैं और जलन, खुजली व सूजन भी आ सकती है।
हमेशा अपनाएं किस हाइजीन
आमतौर पर किस हाइजीन पर लोग ध्यान नहीं देते हैं, लेकिन असल में प्यार और सेहत दोनों के लिए यह जरूरी है। रोजाना, ब्रश के साथ ही फ्लॉसिंग और जीभ साफ करना भी जरूरी है। इससे बैक्टीरिया इंफेक्शन को रोका जा सकता है। डीप किस से पहले और बाद में दोनों समय ओरल हाइजीन का ध्यान रखें।
1. दो बार करें ब्रश
अपने दांतों, मसूड़ों और जीभ को दिन में दो बार कम से कम दो मिनट तक ब्रश करें। जिससे भोजन के कण, प्लाक और बैक्टीरिया हटाने में मदद मिलेगी।
2. माउथवॉश का उपयोग
अपने मुंह को सूखने से बचाने के लिए अल्कोहल-मुक्त माउथवॉश का इस्तेमाल करें। लार के उत्पादन को बनाए रखने और अपने मुंह को हाइड्रेटेड रखने के लिए दिन भर में खूब पानी पिएं।
3. आहार का रखें ध्यान
पार्टनर को किस करने से पहले कच्चे प्याज या लहसुन जैसे तेज गंध वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें। लार को उत्तेजित और दुर्गंध को बेअसर करने के लिए जाइलिटॉल युक्त शुगर-फ्री गम या मिंट चबाएं।
4. लिप बाम जरूर लगाएं
एक लंबी किस आपके होठों को ड्राई कर सकती है। इसलिए किस के बाद एक अच्छी मॉइस्चराइजिंग लिप बाम जरूर अप्लाई करें।
