Summary: कम उम्र के पार्टनर को डेट कर रही हैं? इन बातों का जरूर रखें ध्यान
खुद से छोटे उम्र के लड़के को डेट करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए भावनात्मक समझ, बराबरी का सम्मान और भविष्य को लेकर स्पष्टता जरूरी है।
Dating Younger Partner: कहावत है कि ‘प्यार’ में उम्र की कोई सीमा नहीं होती है। ऐसे में आजकल कई ऐसे मामले भी देखने को मिल रहे हैं, जिसमें लड़कियां अपनी उम्र से छोटे लड़के को डेट कर रही होती हैं। दरअसल लड़कों को भी अपने से ज्यादा मैच्योर्ड लड़कियां जल्दी पसंद आती हैं, क्योंकि वे मुश्किल हालातों में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहती हैं। लेकिन उम्र में खुद से छोटे लड़के को डेट करना सामान्य से थोड़ा मुश्किल होता है।
कई बार लड़कियां अनजाने में ही कुछ ऐसी बातें कह देती हैं या कुछ ऐसा कर देती हैं, जिससे पार्टनर को कभी-कभी भावनात्मक ठेस पहुँचती है और रिश्ता टूट जाता है। इसलिए उम्र में खुद से छोटे लड़के को डेट करते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है।
बार-बार ‘बच्चे हो’ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल ना करें

जब आप खुद से उम्र में छोटे लड़के को डेट करती हैं तो आप बात-बात पर उसे यह ना कहें कि तुम बच्चे हो, तुम्हें कुछ नहीं पता है, मैं कहाँ बच्चे के चक्कर में फँस गई। अगर आप इस तरह की बातें अपने डेटिंग पार्टनर को कहती हैं तो उसे तकलीफ होती है और बुरा भी लगता है। जब आप बार-बार किसी इंसान को ऐसी बात कहती हैं तो उसे गुस्सा आना स्वाभाविक है। हो सकता है कि वह आपसे परेशान होकर कुछ कह दे, जो आपको सुनकर अच्छा ना लगे।
सिर्फ अपनी ना कहें, पार्टनर की बातें भी सुनें

अगर आप अपने पार्टनर से उम्र में बड़ी हैं तो इसका यह बिलकुल मतलब नहीं है कि आप जो भी कहती हैं, वह सही ही हो। आपको अपने पार्टनर की बात भी सुनने की कोशिश करनी चाहिए, क्योंकि रिश्ते में दोनों के विचार जरूरी हैं।
फाइनेंस का दबाव ना डालें

आपको यह बात समझनी होगी कि आपका पार्टनर आपसे उम्र में छोटा है, इसलिए उनकी सैलरी आपसे कम होना स्वाभाविक है। ऐसे में आप उनके ऊपर कम सैलरी का दबाव ना बनाएं। आप अपनी तरफ से उन्हें मोटिवेट करने की कोशिश करें, ताकि वे अपने कैरियर में अच्छा कर सकें और आप दोनों का भविष्य अच्छा बन सके।
लोगों के सवालों से डरें नहीं
जब आप खुद से कम उम्र के पार्टनर को डेट करती हैं तो आप लोगों के सवालों से कभी डरे नहीं और ना ही अपने पार्टनर को छुपाने की कोशिश करें। आपका ऐसा करना आपके पार्टनर को अजीब लग सकता है कि आप उन्हें लोगों के सामने अपनाने में शर्म महसूस करती हैं। ऐसा करने के बजाए खुशी से लोगों को मिलवाएं और अपने रिश्ते को मजबूत बनाने की कोशिश करें।
भविष्य को लेकर जरूर बात करें

जब आप अपने से छोटे पार्टनर को डेट करें तो आप अपने भविष्य को लेकर जरूर बात करें। साथ ही इस बात को भी चेक करें कि आपका पार्टनर आपको लेकर कितना सीरियस है। अगर वह इस रिश्ते में सीरियस नहीं है, तो आप तुरंत उससे दूरी बनाएं, क्योंकि ऐसे रिश्ते में अपना समय बर्बाद करने का कोई फायदा नहीं है।
