Bridal Handbags: अभी कुछ दिनों पहले ही मैं एक शादी में गयी और एक परेशान कर देने वाला मंज़र देखा। जयमाल की कुर्सी पर बैठी नयी नवेली दुल्हन प्यास के मारे तड़प रही थी और उसने एक दो बार इशारे से पानी माँगा भी, पर सब इतने खुश और अपने में मग्न थे कि बेचारी प्यासी दुल्हन को भूल गए। मुझसे रहा न गया और मैं पानी ले कर सीधे भागी उस बेचारी की तरफ़। वह कहानी वाले प्यासे कौवे की तरह तुरंत पानी पीने लगी। पानी पीते-पीते बेचारी की लिपस्टिक ख़राब हो गयी। मैंने अपनी रुमाल से उसकी लिपस्टिक ठीक की। उसने बोला पता नहीं उसका हैंडबैग कहाँ है। अगर उसका पर्स उसके पास होता तो पानी या टिश्यू के लिए उसे किसी को बुलाना न पड़ता। बात तो उसने सही कही।
आखिर क्यों भूल जाते हैं लोग दुल्हन के पर्स को?
ऐसा नहीं है कि दुल्हन का हैंडबैग खरीदने में किसी बात की कोई कसर रखी जाती है पर सब लोग, और तो और खुद दुल्हन, सजने संवरने, लहंगे, ब्लाउज़ और साड़ी में इतनी व्यस्त हो जाते हैं कि इस काम के सामान को न चाहते हुए भुला दिया जाता है। कभी कभी तो पूरी शादी में दुल्हन का पर्स किसी टेबल पर ही पड़ा रह जाता है या तो फिर दुल्हन वाले कमरे में ही छूट जाता है। बेचारा हैंडबैग विदाई के समय ही दिखाई देता है। डरी, सहमी, शर्मायी दुल्हन की हर ज़रूरत का सामान उसके बटुए में ही होता है और अगर ये ही उस बेचारी के पास न रहे तो क्या होगा ये तो आप जान ही चुकी हैं।
ऐसा न हो इसलिए ध्यान रखें इन ज़रूरी बातों का –

१. कोशिश करें कि दुल्हन के लहंगे में ही एक बड़ी जेब बनवाएं जिसमें वो अपनी ज़रूरत का सामान रख सके।
२. दुल्हन के कपड़ों में ही हैंडबैग सिला सिलाया रहे ताकि दुल्हन के हाथ खाली रहें और अलग से पर्स टांगने या पकड़ने के झंझट से बची रहे।
३. बैग में छोटी पानी की बोतल, फुल्ली चार्जड मोबाइल फ़ोन, लिप ग्लॉस, गीले टिश्यू पेपर (वेट वाइप्स), सेफ्टी पिन और एक सूती रुमाल ज़रूर होना चाहिए।
४. अगर दुल्हन ने बैग को अलग से पकड़ा है, तो उसकी सहेलियां या बहनें इस बात का ध्यान रखें कि दुल्हन से उसका बैग अलग न हो।
५. बैग में टच अप के लिए एक छोटी से मेकअप किट होना भी ज़रूरी है।
६. क्लच बैग को उसके साइज़ के हिसाब से ही चुनें ताकि साड़ी ज़रूरी चीज़ें उस बैग में आ जाये।
७. अगर दुल्हन अपना पर्स नहीं संभाल सकती तो किसी और को उसके पर्स सँभालने की ज़िम्मेदारी दी जा सकती है पर इस बात का ध्यान रखना होगा की वो व्यक्ति दुल्हन के आसपास ही रहे।
८. कभी कभी गहने बहुत नुकीले होते हैं जिससे दुल्हन का हाथ काट भी सकता है, ऐसे में बैंड ऐड रखना बहुत सहायक होता है।
इन सब बातों का ध्यान रखना आवश्यक है। शादी ब्याह के जश्न में अक्सर ये छोटी छोटी बातें हमारे दिमाग से निकल जाती हैं। पर हम हैं न, आपको याद दिलाने के लिए।
