Tulsi Mala Benefits: सनातन धर्म में भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा दिखाने के लिए माला जपते हुए भगवान का नाम लेना पूजा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। धर्म में आस्था रखने वाले व्यक्ति पूजा और ध्यान के समय देवताओं के मंत्र जाप के लिए कई तरह की मालाओं से जप करते हैं। लेकिन तुलसी की माला से जाप करना परिवार की सुख शांति के लिए बहुत लाभकारी है क्योंकि हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को देवताओं के समान पूजनीय माना जाता है।
कई शास्त्रों में इस बात का उल्लेख मिलता है कि तुलसी श्री हरि विष्णु जी को अत्यंत ही प्रिय है। तुलसी की माला जपने के अलावा कई लोग तुलसी की माला गले में भी पहनते हैं। हर किसी का माला जपने का तरीका अलग अलग होता है लेकिन भगवान की पूजा करने और माला जपने के कुछ नियम होते हैं जिनका वर्णन शास्त्रों में किया गया है। तुलसी की माला जपते समय इन नियमों का ध्यान रखने से हमें माला जपने का पूरा लाभ प्राप्त होता है। आइए जानते है कि ऐसे कौनसे नियम हैं जिनका, तुलसी की माला जपते समय ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
इन नियमों का रखें ध्यान

पंडित इंद्रमणि घनस्याल बताते हैं कि तुलसी की माला जपते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि जिस माला से जाप किया जाता है, उसी माला को गले में न पहनें। तुलसी की माला जपने से पहले माला को शुद्ध करने के लिए माला पर गंगा जल छिड़कना चाहिए। जो व्यक्ति तुलसी की माला का जाप करता है उसे हमेशा सात्विक भोजन करना चाहिए। तुलसी की माला में कम से कम 27 मनकों का होना आवश्यक है। इससे अधिक 51, 108, 151 मनकों की माला का जाप भी किया जा सकता है। अपने मन में भगवान की छवि बनाकर तुलसी की माला जपना चाहिए। माला जपते समय हमेशा आँख बंद रखनी चाहिए।
यदि आँखें खोलकर माला जपते है तो खुली आँखों से केवल भगवान की तस्वीर ही देखनी चाहिए। माला का जाप करने के बाद माला को प्रणाम करके साफ कपड़े से ढ़ककर किसी डिब्बे में या आसन पर रखना चाहिए। माला जपते समय यह ध्यान रखना चाहिए की तुलसी की माला जमीन को स्पर्श न करें। जाप की जाने वाली माला की लंबाई हमारे पेट की नाभी से ऊपर रखनी चाहिए। हाथ में माला लेकर जाप करते समय हमारा हाथ भी हमारी नाक से ऊपर नहीं जाना चाहिए।
तुलसी माला जपने के लाभ

शास्त्रों में बताया गया है कि नियमों से तुलसी की माला का जाप करने से व्यक्ति को आध्यात्मिक शांति मिलती है। माला जपते समय अंगूठे और उंगलियों के घर्षण से एक सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न होती है जिससे व्यक्ति का मन स्थिर हो जाता है और आत्मा पवित्र हो जाती है जिसके कारण वह भगवान के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित हो जाता है। तुलसी की माला जपने से परिवार के सभी सदस्यों पर लक्ष्मी जी और विष्णु जी की कृपा बनी रहती है। जिससे घर की आर्थिक उन्नति होती है। तुलसी की माला का जाप करने से बुध और गुरु ग्रह की स्थिति मजबूत होती है।
यह भी पढ़ें: बिना पैसे खर्च किए सही करें घर का वास्तु दोष, ऐसे दूर करें नकारात्मक ऊर्जा: Home Vastu Tips
