बदल रहा है घूमने का तरीक़ा
एक समय तक जहां लोग सिर्फ लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर ही जाते थे वहीं अब अनजाने और कम भीड़-भाड़ वाले स्थानों की तलाश कर रहे हैं।
Indian Travel Trends: हमारे देश में यात्रायें हमेशा से ही प्रसांगिक रही हैं। घूमने का एक बहुत पुराना इतिहास रहा है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसमें बड़े बदलाव आए हैं। खासकर कोविड महामारी के बाद से भारतीय यात्री अब पहले की तुलना में अलग-अलग तरह की यात्राएं कर रहे हैं। एक समय तक जहां लोग सिर्फ लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर ही जाते थे वहीं अब अनजाने और कम भीड़-भाड़ वाले स्थानों की तलाश कर रहे हैं। जिसकी वजह से यात्रा की आदतों में भी कई नए ट्रेंड उभरकर सामने आए हैं। आइए इस बात को समझने का प्रयास करते हैं कि सबसे ज्यादा लोग कहां जाना पसंद कर रहे हैं और पांच ट्रैवल ट्रेंड्स कौन से हैं।
वर्केशन

कोरोना काल के बाद जब वर्क फ्रॉम होम का चलन बढ़ा तो लोगों ने अपनी कामकाजी दिनचर्या के साथ छुट्टियां भी मनाने का तरीका खोज लिया। जिसकी वजहसे पिछले कुछ वर्षों में वर्केशन का ट्रेंड काफी बढ़ गया है। वर्तमान में वर्केशन एक ऐसा ट्रेंड बन गया है जिसमें लोग खूबसूरत हिल स्टेशन्स या बीच डेस्टिनेशन्स पर अपनी कार्य जिम्मेदारियों को निभाते हुए आराम करते हैं। इस ट्रेंड को अपनाने से न केवल काम में मन लगता है बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य का भी पूरा आनंद मिलता है।
ऑफबीट डेस्टिनेशन
यात्रियों का झुकाव सिर्फ बड़े और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की बजाय ऑफबीट डेस्टिनेशन्स की ओर बढ़ गया है। वे अब ऐसी जगहों पर जाना पसंद कर रहे हैं जो शांति, स्वच्छता और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर हों। पहाड़ी इलाकों में स्थित छोटे-छोटे गांव और कम भीड़-भाड़ वाले पर्यटन स्थल यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान के कुछ स्थान यात्रियों के बीच ऑफबीट डेस्टिनेशन के तौर पर उभरकर सामने आए हैं जहां एक अलग अनुभव मिलता है।
सस्टेनेबल ट्रैवल

यात्री पर्यावरण के प्रति काफ़ी जागरूक हो गए हैं। जिसकी वजह से वह लोकल तथा सस्टेनेबल ट्रैवल का हिस्सा बन रहे हैं। सस्टेनेबल ट्रैवल का मतलब है ऐसी यात्रा करना जो पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाए। इसके तहत लोग स्थानीय उत्पादों का समर्थन करते हैं। इको-फ्रेंडली ट्रैवलिंग का तरीक़ा अपनाते हैं और यात्रा के दौरान स्थानीय संस्कृति का सम्मान करते हैं। लोग बड़े होटलों से हटकर छोटे होमस्टे में ठहरना पसंद करते हैं। लोग स्थानीय समुदाय के साथ जुड़कर उनके रीति-रिवाजों और संस्कृति को समझने में रुचि रखते हैं।
एडवेंचर ट्रैवल
यात्रियों के बीच अब एडवेंचर ट्रैवल का क्रेज बढ़ता जा रहा है। बंजी जंपिंग, ट्रैकिंग, स्कूबा डाइविंग जैसे साहसिक खेलों की लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ रही है। खासकर, युवाओं में इस प्रकार की यात्राओं को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। यात्री अब रोमांच और साहसिक गतिविधियों के लिए नए और उबाऊ रास्तों पर जाने के बजाय ऐसे स्थानों का रुख कर रहे हैं जहां वे नई गतिविधियों का अनुभव ले सकें। इस ट्रेंड के तहत लोग पहाड़ों, रेगिस्तानों, या समुद्रों के करीब यात्रा करने में रुचि रखते हैं।
वेलनेस ट्रैवल

मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर आजकल अधिक ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में वेलनेस और स्पा ट्रैवल की लोकप्रियता बढ़ी है। खासकर भारतीय अब आयुर्वेदिक उपचार, योग और ध्यान के लिए यात्रा करने लगे हैं। केरल, उत्तराखंड, और हिमाचल प्रदेश जैसे स्थानों पर लोग प्राकृतिक उपचार और शांति के लिए रिट्रीट्स का हिस्सा बनते हैं। योग, प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों और इको-फ्रेंडली वातावरण में स्वास्थ्य को फिर से पाने के लिए लोग इन स्थलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
