ठोस आहार के लिए आपका बच्चा तैयार है, ऐसे जानें
आप उस सही समय का इंतज़ार करें कि जब आपका बच्चा ठोस आहार लेने के लिए तैयार हो जाए। चलिए हम आपको बताते हैं ऐसे 5 संकेत जिनसे आप जान सकते हैं कि अब आपका बच्चा ठोस आहार लेने के लिए तैयार हो गया है।
जन्म से लेकर 6 महीने का होने तक बच्चे को सिर्फ आहार के रूप में मां का दूध ही दिया जाता है, क्योंकि उसमें वो सब पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो इस समय बच्चे की अच्छी ग्रोथ के लिए जरूरी हैं। लेकिन, जब बच्चा 6 महीने का पूरा हो जाता है या होने वाला होता है, तो उस समय उसके लिए सिर्फ माँ का दूध ही काफी नहीं होता है। अब उसको ऊपर के ठोस आहार की भी जरूरत होती है, लेकिन हर बच्चा अलग होता है। इसलिए सभी की ग्रोथ और जरूरतें भी अलग होती हैं। जरूरी नहीं कि एकदम 6 महीने पूरे करते ही आपका बच्चा ठोस आहार लेने के लिए तैयार हो जाए। इसलिए आप उस सही समय का इंतज़ार करें कि जब आपका बच्चा ठोस आहार लेने के लिए तैयार हो जाए। चलिए हम आपको बताते हैं ऐसे 5 संकेत जिनसे आप जान सकते हैं कि अब आपका बच्चा ठोस आहार लेने के लिए तैयार हो गया है।

वजन
अगर आपका बच्चा जन्म के वजन के समय से अब दोगुना हो गया है या फिर उसका वजन 5 किलो से ज्यादा है तो यह संकेत है कि अब आप उसको ठोस आहार दे सकते हैं। अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अनुसार जब शिशु का वजन जन्म के वेट से दोगुना हो जाए तो बच्चे को ठोस आहार दे सकते हैं, लेकिन सिर्फ वजन को ही पैमाना ना मानें क्योंकि कभी-कभी तीन या चार महीने के बच्चे का वजन भी 5 किलो हो सकता है।

सिर सीधा रखने लगे
बच्चा 6 महिने का होते-होते बैठने लगता है और सिर सीधा रखने लगता है। हालांकि, कुछ बच्चे थोड़ा और समय ले सकते हैं, इसलिए अगर आपका बच्चा सिर सीधा रखने लगे, तो यह संकेत है कि अब आपको ठोस आहार देना शुरू कर सकते हैं।

टंग थ्रस्ट रिफ्लक्स
नवजात शिशु अक्सर जीभ बाहर निकालता है, जिससे उसके मुंह में कुछ फंस ना जाए। अगर आप उसको खाने का कुछ देना शुरू करें और यह देखें कि वो जीभ से खाना बाहर नहीं निकाल रहा है, तो इसका मतलब यह संकेत है कि अब वो ठोस खाने के लिए तैयार है।

खाने में रूचि दिखाए
नवजात शिशु की माँ का दूध या फिर दूध की बोतल के अलावा किसी खाने में कोई दिलचस्पी नहीं होती है, लेकिन धीरे-धीरे उसकी खाने में रूचि होने लगती है। अगर बच्चा आपको कुछ खाते हुए गौर से देखता है और खाने के लिए छटपटाता है, तो इसका मतलब है कि वो भी खाना चाहता है।

10-12 ब्रेस्ट फीड से भी पेट ना भरे
सामान्यतः दस से बारह बार माँ का दूध पीने के बाद बच्चे का पेट अच्छे से भर जाता है लेकिन, अगर आप देखें कि 10-12 फीड के बाद भी बच्चा संतुष्टि महसूस नहीं कर रहा है और उसको और भूख लग रही है, तो इसका मतलब अब माँ का दूध उसके लिए काफी नहीं है और उसको इसके अलावा ठोस आहार की भी आवश्यकता है।

अगर आप भी अपने बच्चे में ये बातें देखें, तो समझें कि वो आपको संकेत दे रहा है कि ये उसके आहार शुरू करने का सही समय है।
