sawan 2025
sawan 2025

Overview: सावन के महीने में रंगों का सही चयन आपके जीवन में ला सकता है शुभता, ऊर्जा और शिव कृपा

सावन में रंगों का चयन सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, बल्कि हमारी आंतरिक ऊर्जा और पूजा की शक्ति को बढ़ाने के लिए होता है। सही रंग आपके भावनात्मक संतुलन, ध्यान और भक्ति को और गहरा कर सकते हैं।

Sawan 2025 Colors to Wear: सावन का महीना केवल व्रत-पूजा का समय नहीं होता, यह प्रकृति के साथ हमारे भीतर की ऊर्जा को भी संतुलित करने का अवसर होता है। इस पूरे महीने शिव भक्ति की लहर होती है, और हर दिन का अपना एक विशेष रंग होता है जो हमारे मूड, मानसिक स्थिति और आध्यात्मिक ऊर्जा पर प्रभाव डालता है। ऐसे में सही रंग पहनना सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक प्रक्रिया भी बन जाती है।

सोमवार : शिव भक्ति के लिए सफेद और हल्के रंग

सावन के सोमवार को भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए सफेद, हल्का नीला या हल्का गुलाबी रंग पहनना श्रेष्ठ माना जाता है। ये रंग मानसिक शांति और आत्मिक शुद्धता का प्रतीक होते हैं। सफेद रंग शिव जी की प्रियता को दर्शाता है, इसलिए यह दिन सफेद पहनकर शिव पूजा करना बेहद शुभ होता है।

मंगलवार : ऊर्जा और साहस के लिए लाल या सिंदूरी रंग

मंगलवार का दिन हनुमान जी और शक्ति से जुड़ा है। इस दिन लाल, सिंदूरी या गुलाबी रंग पहनना शुभ होता है। ये रंग जोश, साहस और आत्मबल को बढ़ाते हैं। सावन में यह रंग पहनकर हनुमान चालीसा या शिव तांडव स्तोत्र का पाठ करना विशेष फलदायी होता है।

बुधवार : ताजगी और संतुलन के लिए हरा रंग

बुधवार को हरे रंग को प्राथमिकता दें। यह रंग न केवल आंखों को सुकून देता है बल्कि जीवन में संतुलन और समृद्धि का प्रतीक भी माना जाता है। सावन की हरियाली में हरा रंग आपको प्रकृति से जोड़ता है और मानसिक संतुलन बनाए रखता है।

गुरुवार : आस्था और ज्ञान के लिए पीला रंग

गुरुवार को पीले या हल्के केसरिया रंग पहनना शुभ होता है। यह रंग बृहस्पति ग्रह से जुड़ा है और ज्ञान, धार्मिकता व सद्गुणों का प्रतीक माना जाता है। इस दिन पीला पहनकर शिव या बृहस्पति देव की आराधना करने से ज्ञान और शुभता में वृद्धि होती है।

शुक्रवार : प्रेम और सौंदर्य के लिए गुलाबी या सफेद रंग

शुक्रवार को गुलाबी, हल्का नीला या क्रीम रंग धारण करना सौभाग्यदायक होता है। ये रंग प्रेम, सौंदर्य और मधुरता के प्रतीक होते हैं। यह दिन मां लक्ष्मी का भी होता है, ऐसे में शांति और ऐश्वर्य की प्राप्ति के लिए इन रंगों का चयन करें।

शनिवार : आध्यात्मिक उन्नति के लिए बैंगनी या गहरा नीला

शनिवार को बैंगनी, गहरा नीला या हल्का स्लेटी रंग शुभ माने जाते हैं। ये रंग गंभीरता, संयम और ध्यान के प्रतीक हैं। इस दिन शिव भक्ति के साथ शनिदेव की पूजा भी होती है, ऐसे में गहरे और संयमित रंग धारण करना लाभदायक होता है।

रविवार : आत्मबल और आध्यात्मिकता के लिए नारंगी या हल्का लाल

रविवार सूर्य देव का दिन है, जो ऊर्जा और आत्मबल के प्रतीक हैं। इस दिन नारंगी या हल्का लाल रंग पहनना शरीर में ऊर्जा और उत्साह को बढ़ाता है। सावन में यह रंग आपके दिन को भक्ति और जोश से भर सकता है

इन अशुभ रंगों से करें परहेज

सावन के महीने में काले, गहरे भूरे और बहुत चमकदार या भड़कते रंगों से बचना चाहिए। काला रंग शनि और तमोगुण से जुड़ा माना जाता है, जो शिव भक्ति की ऊर्जा में रुकावट डाल सकता है। भड़कते रंग मन की स्थिरता को भंग करते हैं, जिससे पूजा में एकाग्रता नहीं बनती।

शिवरात्रि और विशेष पूजन के दिन क्या पहनें

सावन की शिवरात्रि और विशेष पूजा वाले दिनों में सफेद, पीला या हल्का हरा रंग पहनना सबसे शुभ होता है। यह रंग मन को शांत और पवित्र बनाए रखते हैं। महिलाएं हल्के रंगों की साड़ी या सूट और पुरुष कुर्ता-पायजामा में सफेद या पीला रंग पहन सकते हैं।

मेरा नाम वंदना है, पिछले छह वर्षों से हिंदी कंटेंट राइटिंग में सक्रिय हूं। डिजिटल मीडिया में महिला स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन, बच्चों की परवरिश और सामाजिक मुद्दों पर लेखन का अनुभव है। वर्तमान में गृहलक्ष्मी टीम का हिस्सा हूं और नियमित...