Overview:रियूजेबल बैग्स को आर्गेनाइज्ड तरीके से कैसे रखें
रियूजेबल बैग्स अक्सर घर में बिखरे रहते हैं। ऐसे में उसे आर्गेनाइज्ड तरीकों से रखने के लिए इन टिप्स का सहारा लें।
Organize Reusable Shopping Bags: जब भी घर का सामान लाना होता है, तब हमें शॉपिंग बैग की जरूरत पड़ती ही है। पहले जहां हम प्लास्टिक के बैग में सामान ले आते थे, वहीं हम प्लास्टिक बैन हो गया है। ऐसे में हर घर में रियूजेबल शॉपिंग बैग इस्तेमाल किए जाने लगे हैं। अमूमन हम सभी अपने घर में रियूजेबल शॉपिंग बैग जरूर रखते हैं। लेकिन समस्या तब पैदा होती है, जब ये रियूजेबल बैग घर के हर कोने में बिखरे मिलते हैं। कभी अलमारी के नीचे, और कभी तो सोफ़े के पीछे से भी कोई ना कोई शॉपिंग बैग निकल ही आता है।
ऐसे में घर अक्सर बिखरा-बिखरा महसूस होता है। हालांकि, अपने घर में स्पेस को बचाने और उसे साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि आप शॉपिंग बैग्स को आर्गेनाइज्ड तरीके से रखें। इससे आपको जरूरत पड़ने पर ये शॉपिंग बैग्स आसानी से मिल भी जाएंगे। इन रियूजेबल शॉपिंग बैग्स को आर्गेनाइज्ड तरीके से रखना कोई मुश्किल काम नहीं है, बस आपको कुछ स्मार्ट तरीकों को अपनाने की जरूरत है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप रियूजेबल शॉपिंग बैग को आसानी से सहेज सकती हैं-
बैग्स की करें छंटाई

अगर आप चाहती हैं कि रियूजेबल बैग्स को आर्गेनाइज्ड तरीके से रखना आसान हो तो ऐसे में आप सबसे पहले बैग्स की छंटाई कर लें। इसके लिए पहले सभी बैग्स को इकट्ठा कर लें और फिर उन्हें चेक करें। जो बैग फटे हुए हैं या बहुत पुराने हैं, उन्हें हटा दें। केवल उन्हीं बैग्स को अपने पास रखें, जिन्हें आप इस्तेमाल करने वाली हैं।
सही तरह से करें फोल्ड
बैग्स को अगर आप इस तरह रखना चाहती हैं कि स्पेस भी बचा सकें तो इन्हें सही तरह से फोल्ड करना बेहद जरूरी है। अक्सर हम बैग्स बस रोल कर देते हैं या फिर यूं ही डाल देते हैं, जिससे ड्रॉअर या टोकरी जल्दी भर जाती है। फिर से दोबारा वही परेशानी शुरू हो जाती है। इसलिए बैग्स को हमेशा उनके फैब्रिक के आधार पर फोल्ड करें। मसलन, क्लॉथ वाले टोट बैग्स को रेक्टेंगल शेप में फोल्ड कर के छोटा पैकेट बना लो। वहीं, नायलॉन फोल्डेबल बैग्स को रोल करके छोटे क्लिप या रबर बैंड से बांध दो। इसी तरह, प्लास्टिक टाइप बैग्स को ट्रायंगल शेप में फोल्ड करो, जैसे पॉलिबैग फोल्ड करते हैं।
अपनाएं स्मार्ट स्टोरेज ऑप्शन

रियूजेबल शॉपिंग बैग्स को रखने के लिए आपको अलग से स्पेस खाली करने की जरूरत नहीं है। आप स्मार्ट स्टोरेज ऑप्शन की मदद से इन्हें आसानी से रख सकती हैं। मसलन, अगर आप चाहें तो दरवाजे के पास एक बास्केट को हैंग कर दें, जिससे घर आते ही बैग को वहीं रखना आसान हो जाए। इसी तरह, अगर कोई किचन ड्रॉअर खाली है तो आप उसमें भी बैग्स को रख सकती हैं। अगर आपके पास स्पेस की बहुत अधिक कमी है तो ऐसे में वार्डरोब में हैंगिंग ऑर्गेनाइजर का इस्तेमाल करना एक अच्छा आइडिया है।
अपनाएं ये तरीके भी
शॉपिंग बैग को स्टोर करने के लिए आप कुछ आउट ऑफ द बॉक्स तरीकों को भी आजमा सकती हैं। मसलन, आप बैग-इन-अ-बैग तरीका अपनाएं। इसमें आप सारे छोटे बैग्स एक बड़े बैग में रख दें। वहीं, हैंगिंग शू ऑर्गेनाइजर में भी शॉपिंग बैग रखना एक अच्छा आइडिया है। चूंकि इसमें अलग-अलग पॉकेट होती हैं, इसलिए आपको काफी स्पेस मिलता है। इसके अलावा, आप पुराने कार्डबोर्ड या टिश्यू बॉक्स को भी बतौर बैग डिस्पेंसर इस्तेमाल कर सकती हैं। इसमें आप बैग्स को कुछ इस तरह रखें, जैसे एक-एक करके टिश्यू निकलते हैं।
