Summary: राशि अनुसार पहनें यह रंग और बनाएं सावन सोमवार को खास:
सावन में शिवभक्ति का खास महत्व होता है, और सोमवार का दिन भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए सबसे शुभ माना जाता है। अगर आप अपनी राशि के अनुसार रंग पहनकर पूजा करें, तो उसका असर कई गुना बढ़ जाता है।
Sawan 2025 Auspicious Colors: सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित होता है। खासकर सोमवार का दिन शिवभक्तों के लिए बेहद खास माना जाता है। इस दिन व्रत, पूजा और शिवलिंग पर जलाभिषेक करने से मनचाहा फल प्राप्त होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर आप अपनी राशि के अनुसार शुभ रंग पहनकर पूजा करें, तो इसका फल कई गुना बढ़ जाता है? आइए जानते हैं 12 राशियों के लिए सावन सोमवार को कौन सा रंग शुभ होता है।
मेष राशि
मेष राशि के स्वामी मंगल हैं। इस राशि के लोगों को सावन सोमवार के दिन लाल या गुलाबी रंग पहनना चाहिए। यह रंग ऊर्जा, उत्साह और साहस को बढ़ाता है। शिव जी की कृपा से नए कार्यों में सफलता मिलेगी।
वृषभ राशि
इस राशि के स्वामी शुक्र हैं। सफेद रंग शांति और स्थिरता का प्रतीक है। सावन सोमवार को सफेद रंग धारण करने से मन शांत रहेगा और शिव जी का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के स्वामी बुध हैं। हरा रंग बुध का प्रिय रंग है और यह बुद्धि तथा मानसिक संतुलन प्रदान करता है। इस दिन हरे कपड़े पहनकर पूजा करें तो पॉजिटिव सोच विकसित होगी।
कर्क राशि
चंद्रमा इस राशि के स्वामी हैं। हल्के रंग खासकर चांदी जैसा सफेद या नीला रंग मन को शांति देता है। यह दिन भावनात्मक संतुलन और पारिवारिक सुख के लिए शुभ रहेगा।
सिंह राशि
सिंह राशि सूर्य से जुड़ी है। नारंगी या गोल्डन कलर से आत्मविश्वास बढ़ता है। शिवजी की पूजा में इन रंगों का प्रयोग करने से लीडरशिप क्वालिटी और मान-सम्मान में बढ़ोतरी होती है।
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए हरा और पीला रंग शुभ है। ये रंग मानसिक स्पष्टता और समृद्धि लाते हैं। शिवजी को बेलपत्र और दूब प्रिय हैं, जो हरे रंग से जुड़ा है।
तुला राशि
शुक्र की राशि तुला के लिए गुलाबी और क्रीम कलर शुभ होते हैं। ये रंग जीवन में संतुलन और प्रेम लाते हैं। सावन सोमवार को ये रंग पहनना बहुत लाभकारी रहेगा।
वृश्चिक राशि
मंगल की यह राशि गहरे रंगों से जुड़ी होती है। लाल या मरून रंग शिव पूजा में ऊर्जा और ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगा।
धनु राशि
गुरु की राशि धनु वालों को पीला या केसरिया रंग पहनकर शिव पूजा करनी चाहिए। यह रंग ज्ञान, भक्ति और सौभाग्य का प्रतीक होता है।
मकर राशि
शनि की राशि मकर के लिए नीला और ग्रे रंग अच्छा होता हैं। ये रंग स्थिरता और गंभीरता लाते हैं। सावन सोमवार को इन रंगों का उपयोग करने से करियर और सेहत में सुधार होगा।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के लिए नीला और बैंगनी रंग शुभ हैं। ये रंग आत्मविकास और अध्यात्म से जुड़े हैं। शिव की पूजा में इस रंग से विशेष फल की प्राप्ति होती है।
मीन राशि
गुरु की यह राशि कोमल भावनाओं और भक्ति से जुड़ी होती है। हल्का पीला या सफेद रंग पहनकर पूजा करने से शिवजी की विशेष कृपा मिलती है।
