Summary: कौन हैं पुष्पम प्रिया चौधरी? जानें मास्क और काले कपड़ों के पीछे का राज
पुष्पम प्रिया चौधरी राजनीति की वह शख्सियत हैं, जो हमेशा काले कपड़े पहनती हैं और चेहरे पर मास्क लगाकर रहस्यमयी अंदाज बनाए रखती हैं। जानिए उनके इस अनोखे लुक के पीछे की वजह और उनकी राजनीति की कहानी।
Pushpam Priya Chaudhary: बिहार में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और ऐसे में राज्य के तमाम नेताओं का जिक्र हो रहा है। लेकिन इन नेताओं में एक महिला नेता ऐसी भी हैं जो हमेशा काले कपड़े पहनती हैं और मास्क लगाती हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिरकार यह महिला कौन हैं। हम बता दें कि बात हो रही है पुष्पम प्रिया चौधरी की, जो कई सालों तक यूनाइटेड किंगडम में रही हैं और जिन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी द प्लुरल्स की स्थापना की थी। पुष्पम प्रिया चौधरी राजनीति में कोई नया नाम नहीं हैं। उनके परिवार का भी राजनीति से काफी पुराना और गहरा नाता रहा है। तो चलिए जानते हैं, आखिरकार पुष्पम प्रिया चौधरी का बैकग्राउंड और राजनीतिक सफर क्या है।
पुष्पम प्रिया कौन हैं?
पुष्पम प्रिया चौधरी, जो द प्लुरल्स पार्टी की संस्थापक हैं, 2025 विधानसभा चुनाव में पारंपरिक राजनीति को चुनौती देने का फिर प्रयास कर रही हैं। 38 वर्षीय पुष्पम प्रिया, जो दरभंगा की रहने वाली हैं, अपने सभी काले कपड़े पहनने और फेस मास्क लगाने के अंदाज के लिए जानी जाती हैं।
काले कपड़े पहनने का राज
आपको बता दें कि जब से पुष्पम प्रिया चौधरी ने राजनीति में कदम रखा है, लोग यह जानना चाहते हैं कि वह हमेशा काले रंग के कपड़ों में ही क्यों नजर आती हैं और उनके चेहरे पर मास्क क्यों रहता है। इस बारे में उनसे जब सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें आज तक यह समझ नहीं आया कि राजनेता सफेद कपड़े क्यों पहनते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब तक वह चुनाव नहीं जीततीं, अपने चेहरे से मास्क नहीं हटाएंगी।
पुष्पम प्रिया ने कहां से पढ़ाई की
पुष्पम प्रिया का जन्म 13 जून 1987 को हुआ। उन्होंने प्रारंभिक पढ़ाई दरभंगा में की और फिर पुणे से अंडरग्रेजुएट की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ ससेक्स से डेवलपमेंट स्टडीज़ में मास्टर्स और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स किया। राजनीति में कदम रखने से पहले, उन्होंने बिहार सरकार के टूरिज्म और हेल्थ विभागों में सलाहकार के रूप में काम किया।
पुष्पम का राजनीतिक विरासत वाला परिवार
पुष्पम प्रिया का जन्म एक राजनीतिक परिवार में हुआ है। उनके पिता, विनोद कुमार चौधरी, पूर्व JD(U) विधायक रहे हैं, जबकि उनके दादा, प्रोफेसर उमाकांत चौधरी, समता पार्टी के संस्थापक सदस्य और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी सहयोगी थे। उनके चाचा, विनय कुमार चौधरी, वर्तमान में बिहार विधानसभा में बेनीपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
कैसे हुईं पुष्पम प्रिया की पॉलिटिकल सफर की शुरुआत
2020 में पुष्पम प्रिया ने राजनीति में कदम रखा और पूरे पन्नों के अखबार विज्ञापनों में खुद को अपनी पार्टी की मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया। उनका अभियान मेरिट, गवर्नेंस और डेवलपमेंट पर आधारित था और जाति या धर्म आधारित राजनीति से पूरी तरह अलग था। पहले उन्होंने सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का लक्ष्य रखा था, लेकिन पंजीकरण और अन्य कारणों से उनकी पार्टी ने 148 उम्मीदवार ही मैदान में उतारे।
