Overview:पैसों की जमा पूंजी नहीं, बच्चों में अच्छे संस्कार ही उनका असली भविष्य संवारते हैं
जया किशोरी का संदेश सीधा और दिल को छू लेने वाला है –“धन बच्चों को सुविधाएं देगा, पर संस्कार उन्हें जीवन जीने की कला सिखाएंगे।”अगर आप अपने बच्चों को सच्चा और सफल इंसान बनाना चाहते हैं, तो आज ही उनकी परवरिश में अच्छे संस्कारों की नींव डालिए।
Parenting Tips by Jaya Kishori: आज के दौर में माता-पिता बच्चों के लिए हर सुविधा जुटाने की होड़ में लगे रहते हैं – महंगे स्कूल, ब्रांडेड कपड़े, स्मार्ट गैजेट और भविष्य के लिए बैंक बैलेंस। लेकिन मोटिवेशनल स्पीकर और भजन गायिका जया किशोरी की नजर में इन सबसे ऊपर है संस्कार। उनका कहना है कि सिर्फ पैसे जमा करना काफी नहीं है, बच्चों को अच्छे और बुरे में फर्क करना सिखाना, उनके भीतर आदर, करुणा और आत्म-मूल्य जगाना कहीं ज़्यादा जरूरी है।
पैसा आएगा, जाएगा – पर संस्कार जीवन भर साथ देंगे
जया किशोरी समझाती हैं कि पैसे की अहमियत अपनी जगह है, लेकिन अगर बच्चों में अच्छे संस्कार नहीं होंगे तो वे उस पैसे का दुरुपयोग कर सकते हैं। धन अस्थायी है, पर मूल्य स्थायी।
बच्चा जैसा देखेगा, वैसा ही सीखेगा

माता-पिता बच्चों के पहले आदर्श होते हैं। अगर आप अपने व्यवहार में ईमानदारी, विनम्रता और संयम दिखाएंगे, तो बच्चा भी वही अपनाएगा। उपदेश से ज़्यादा असर व्यवहार से होता है।
भावनाएं भी सिखाइए
बच्चों को स्कूल अच्छे नंबर लाने सिखाता है, लेकिन संवेदना, सहानुभूति और आत्म-संयम घर से ही मिलता है। बच्चों को रोना, टूटना, संभलना और मुस्कुराना भी सिखाइए – यही असली परवरिश है।
बचपन में डालिए भक्ति और नैतिकता के बीज
जया किशोरी का मानना है कि अगर बच्चे को बचपन से ही भगवद गीता की एक श्लोक, या कहानियों से नैतिकता की समझ दी जाए, तो उसका आत्मबल और आत्मविश्वास कहीं मज़बूत होता है।
घर को बनाइए पहला संस्कारशाला
शिक्षा की शुरुआत स्कूल से नहीं, मां-बाप की गोद से होती है। अगर माता-पिता ही बच्चों से झूठ बोलें, दूसरों को ताना मारें या खुद अनुशासन में न रहें, तो बच्चा क्या सीखेगा?
डिजिटल दुनिया में बच्चों को दीजिए आत्मबल
सोशल मीडिया की चकाचौंध में बच्चे खो जाते हैं – दिखावा, तुलना और कम आत्मविश्वास उन्हें भीतर से खोखला बना सकता है। उन्हें भीतर से मजबूत बनाना, उन्हें खुद से प्यार करना सिखाना सबसे बड़ी शिक्षा है।
सिर्फ कमाना मत सिखाइए, खर्च करना भी सिखाइए
पैसा कमाना जितना ज़रूरी है, उतना ही ज़रूरी है ये समझाना कि कहां और कैसे खर्च करना चाहिए। बच्चों को यह एहसास दिलाना कि हर चीज़ की कीमत होती है, और कुछ चीज़ों की कोई कीमत नहीं – जैसे प्यार, समय और विश्वास।
