Overview: ओस से सूख गया है तुलसी का पौधा, तो इन किचन इंग्रीडिएंट्स की मदद से बनाएं हरा-भरा
अपर्याप्त धूप और मिट्टी की गुणवत्ता भी तुलसी के पौधे को खराब करने में योगदान दे सकती है।
How to Revive Dying Tulsi Plant: हिंदू मान्यता के अनुसार तुलसी का पौधा घर के आंगन में रखना शुभ होता है। ये एक लोकप्रिय जड़ी-बूटी है जो पूजा-पाठ के अलावा किसी भी व्यंजन का स्वाद और सुगंध बढ़ाने में मदद कर सकती है। तुलसी के पौधे को पनपने और बढ़ने के लिए विशेष देखभाल और ध्यान की आवश्यकता होती है। ये पौधा गर्मियों के दिनों में जितनी तेजी से फलता-फूलता है वहीं सर्दियों के मौसम में ओस और ठंडी हवा के कारण बेजान और मुरझा जाता है। इसके अलावा अपर्याप्त धूप और मिट्टी की गुणवत्ता भी तुलसी के पौधे को खराब करने में योगदान दे सकती है। ऐसे में किचन के कुछ इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल कर तुलसी के पौधे को फिर से हरा-भरा बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
चाय की पत्ती

यदि आपका तुलसी का पौधा सूखा और मुरझाया हुआ दिखाई देने लगा है तो उसे हरा-भरा बनाने के लिए चाय की पत्ती का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए आप पौधे की मिट्टी में दो चम्मच चाय की पत्ती मिलाकर गुड़ाई कर दें। चाय में नाइट्रोजन भरपूर मात्रा में होता है जो पौधे की ग्रोथ में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसके अलावा चाय की पत्ती मिट्टी को एसिडिक कर देती है जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ जाती है।
हल्दी पाउडर
तुलसी का पौधा कई बार फंगल इंफेक्शन की वजह से भी खराब हो जाता है। पौधे को फिर से हरा-भरा और खूबसूरत बनाने के लिए हल्दी पाउडर का उपयोग किया जा सकता है। हल्दी पाउडर में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं जो पौधे में मौजूद कीड़े और इंफेक्शन को मारते हैं और पौधे की ग्रोथ में सुधार कर सकते हैं। ध्यान रखें कि हल्दी का अधिक मात्रा में उपयोग न करें।
नीम की पत्ती
नीम की पत्तियों का उपयोग मुख्य रूप से चीजों और वातावरण को फ्रेश रखने के लिए किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं नीम की पत्तियां तुलसी के पौधे को भी नए जैसा हरा-भरा बना सकती हैं। इसके लिए आपको नीम की पत्तियों को सुखाकर पाउडर बना लें और उसे पर्याप्त मात्रा में मिट्टी में मिला दें। इससे पौधे को दोबारा से पोषक तत्व मिलने लगते हैं और पौधा कुछ ही दिनों में हरा-भरा हो जाता है।
दही

तुलसी का पौधा यदि मुरझाने लगता है तो उसकी पत्तियां लगातार झड़ने लगती हैं। ऐसे में आप पौधे की मिट्टी में दो चम्मच दही मिल दें। दही प्रोबायोटिक होता है जो मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बढ़ाने में मदद कर सकता है। दही डालने से पहले मिट्टी की एक बार गुड़ाई कर लें। फिर आधा लीटर पानी में दही मिलाएं और पौधे में इस लिक्विड को डाल दें। इससे मिट्टी अधिक स्मूद और नम हो जाती है।
केले के छिलके
तुलसी के पौधे को हरा-भरा बनाए रखने के लिए आप घर पर ही खाद तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको हल्दी, केले के सूखे हुए छिलके और चाय की पत्ती की आवश्यकता होगी। इन सभी चीजों को एक कंटेनर में डालकर मिक्स कर लें और इस खाद को मिट्टी के साथ मिला दें। खाद को गमले में डालने से पहले मिट्टी की गुड़ाई कर लें। ध्यान रहे खाद डालते समय मिट्टी सूखी होनी चाहिए। इस होममेड खाद का उपयोग हर 15 दिनों में किया जा सकता है।
