Summary: सूरत की पिज़्ज़ेरिया ‘कुचिना मरिनारा’ को एशिया-पैसिफिक की “50 टॉप पिज़्ज़ा 2026” सूची में 47वां स्थान
सूरत की पिज़्ज़ेरिया कुचिना मरिनारा ने एशिया-पैसिफिक की प्रतिष्ठित 50 टॉप पिज़्ज़ा 2026 सूची में 47वां स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। शेफ हरमीत द्वारा शुरू किए गए इस रेस्टोरेंट को खुलने के केवल पाँच महीनों में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलना गुजरात के लिए गर्व की बात है।
Surat Pizzeria International Ranking 2026: भारत में पिज़्ज़ा का नाम लेते ही अक्सर लोगों के मन में बड़े इंटरनेशनल ब्रांड्स का नाम आता है। लेकिन अब इस धारणा को बदलते हुए गुजरात के सूरत शहर के एक पिज़्ज़ेरिया ने दुनिया के सामने अपनी खास पहचान बना ली है। सूरत के पिज़्ज़ेरिया ‘कुचिना मरिनारा’ ने एशिया-पैसिफिक की प्रतिष्ठित “50 टॉप पिज़्ज़ा 2026” सूची में 47वां स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि यह उपलब्धि एक स्थानीय शेफ के जुनून और मेहनत से मिली है।
कुचिना मरिनारा को महज 5 महीनों में मिली जगह
“50 टॉप पिज़्ज़ा 2026” की यह रैंकिंग 9 मार्च को टोक्यो में आयोजित एक ईवेंट के दौरान घोषित की गई। इस रैंकिंग को दुनिया के सबसे प्रभावशाली पिज़्ज़ा गाइड्स में से एक माना जाता है, जो हर साल एशिया-पैसिफिक की बेहतरीन पिज़्ज़ेरियाओं को अवॉर्ड देता है। ऐसे नामी स्टेज पर सूरत की कुचिना मरिनारा पिज़्ज़ेरिया का नाम आना न केवल सूरत बल्कि पूरे गुजरात और भारत के लिए गर्व की बात है।
इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है यह तथ्य कि कुचिना मरिनारा ने यह सम्मान खुलने के महज 5 महीनों के भीतर हासिल कर लिया। रेस्टोरेंट ने यह खुशखबरी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा कि यह गुजरात की पहली पिज़्ज़ेरिया है, जिसे इस लिस्ट में जगह मिली है।
कौन हैं कुचिना मरिनारा पिज़्ज़ेरिया के शेफ हरमीत?
इस रेस्टोरेंट के पीछे हैं शेफ हरमीत, जिनका सपना था कि भारत में लोगों को असली इटालियन स्वाद का अनुभव कराया जाए। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने यह रेस्टोरेंट शुरू किया, उस समय पिज़्ज़ा का बाजार बड़े मल्टीनेशनल ब्रांड्स जैसे डॉमिनोज़ और पिज़्ज़ा हट के प्रभाव में था। ऐसे माहौल में एक अलग पहचान बनाना आसान नहीं था।
शेफ हरमीत का कहना है कि उनका उद्देश्य उन लोगों तक पहुंचना था, जो असली इटालियन स्वाद को समझते और सराहते हैं। वह चाहते थे कि उनका रेस्टोरेंट ऐसा स्थान बने, जहां लोग पिज़्ज़ा को केवल फास्ट फूड के रूप में नहीं, बल्कि एक स्वादिष्ट इटालियन डिश के रूप में अनुभव करें।
मरिनारा पिज़्ज़ा है खास
शेफ हरमीत के अनुसार, उनके रेस्टोरेंट की पहचान मरिनारा पिज़्ज़ा से है। यह पिज़्ज़ा अपने सादे लेकिन अलग स्वाद के लिए जाना जाता है। हालांकि शेफ हरमीत का व्यक्तिगत फेवरेट कॉम्बिनेशन थोड़ा अलग है। उन्हें मरिनारा पिज़्ज़ा के ऊपर बुर्राटा चीज़ और चिली ऑयल डालकर खाना सबसे ज्यादा पसंद है, जिसे वह “परफेक्ट कॉम्बिनेशन” मानते हैं।
रेस्टोरेंट के मेन्यू में भी लगातार एक्सपेरिमेंट किए जाते हैं। एक ऐसा ही एक्सपेरिमेंट था “लव ट्रायंगल” नामक पिज़्ज़ा। शुरुआत में यह डिश उतनी सफल नहीं रही, लेकिन लगातार सुधार के बाद इसे मेन्यू में एक खास स्थान मिल गया।
गुरुग्राम और दिल्ली की पिज़्ज़ेरिया भी लिस्ट में
इस साल की एशिया-पैसिफिक रैंकिंग में भारत की दो अन्य पिज़्ज़ेरियाओं ने भी जगह बनाई है। गुरुग्राम की द सुसी 11वें स्थान पर रही, जबकि दिल्ली की लियो’ज़ पिज़्ज़ेरिया 41वें स्थान पर रही। वहीं इस लिस्ट में पहला स्थान टोक्यो के रिस्टोपिज़्ज़ा बाय नापोली स्टा का को मिला।

