Emergency Fund: जीवन में किसी भी चीज़ का भरोसा नहीं है। कब क्या परेशानी आ जाये कुछ कह नहीं सकते। कभी भी अचानक पैसों की ज़रूरत पड़ सकती है। अचानक बीमारी, घर में कोई सामान ख़राब हो जाए, गाड़ी की मरम्मत ऐसे कई अकस्मात् ज़रूरतें आपके सामने कभी भी आ सकती हैं और ये आपके स्ट्रेस का कारण बन सकती हैं। इन्हीं अकस्मात् ख़र्चों से निपटने के लिए हमें इमरजेंसी फण्ड की ज़रूरत होती है जिससे हम बिना किसी दबाब में आये और किसी से उधार माँगने की जगह अपने फण्ड से अपना सारा काम कर सकें। चलिए आज हम आपको बताते हैं क्या होता है और इसको कैसे करना चाहिये तैयार।
इमरजेंसी फण्ड क्या है
इमरजेंसी फंड एक ऐसा है जिसको अकस्मात् आये ख़र्चों को पूरा करने के लिए कैश रिजर्व फंड के रूप में रखा जाता है। यह पैसा दैनिक या नियमित ख़र्चों के लिए नहीं होता है। यह फाइनेंशियल इमरजेंसी में आपकी मदद करता है। यह फण्ड ऐसा होना चाहिये जिसको आसानी से बिना किसी परेशानी के निकाल जा सके।
क्यों है इमरजेंसी फण्ड ज़रूरी

बीमारी के लिए
मेडिकल इमरजेंसी का कभी कुछ कहा नहीं जा सकता। आजकल इलाज बहुत महँगा हो गया है चाहें आपके पास हेल्थ इन्शुरन्स हो तब भी आपको एडमिशन चार्ज, डॉक्टर फी और ऐसे सभी खर्चे जो इन्शुरन्स में कवर नहीं होते हैं उनके लिए फण्ड रखना ज़रूरी है।
अचानक जॉब चली जाना
प्राइवेट सेक्टर में जॉब की कोई गारंटी नहीं है। ऐसे में अगर आपकी जॉब छूट जाती है और जब तक आपको नयी जॉब नहीं मिल जाती है उस समय के लिए आपको इमरजेंसी फण्ड से काम चलाना पड़ता है।
मेंटेनेंस
कभी भी अगर कोई बड़ी चीज़ ख़राब हो जाए जैसे कार में कोई ख़राबी आ जाए या फिर घर में कोई रिपेयरिंग की ज़रूरत हो तो आप इस इमरजेंसी फण्ड से ये काम करवा सकते हैं।
कितना होना चाहिए इमरजेंसी फंड
इमरजेंसी फण्ड में आप कितना फण्ड रखते हैं यह आपके व्यक्तिगत ख़र्चों और परिस्थितियों पर निर्भर करता है। आपके इमरजेंसी फंड में कम से कम 3 से 6 महीनों का खर्च होना चाहिए। अगर आपके लोन ज्यादा हैं और परिवार में आप अकेले कमाने वाले हैं तो आप कम से कम 6 से 9 महीने की सेविंग करके रखें।
कैसे तैयार करें इमरजेंसी फण्ड
अपने खर्चों को ट्रैक करें: अपने मासिक खर्च के हिसाब से आय-व्यय का एक बजट बनाएं।
यथार्थवादी लक्ष्य निर्धारित करें: सेविंग को लेकर ख़ुद पर तनाव न डालें और अपनी स्थिति के हिसाब से ही सेविंग करें।
ऑटोमेट सेविंग:अपने फ़ोन में ऐप डालकर रखें जिससे अपने आप ही आपकी सैलरी से एक तय अमाउंट इमरजेंसी फण्ड के लिए कट जाये।
सारे सेविंग ऑप्शंस देखें: देखें कि कहाँ आपको पैसा रखने पर ज्यादा इंटरेस्ट मिल रहा है। इससे आपकी छोटी बचत भी धीरे-धीरे बहुत काम आ सकती है।
तो, आप भी किसी भी फाइनेंशियल इमरजेंसी का शांति से सामना कर सकें, उसके लिए एक इमरजेंसी फण्ड ज़रूर रखें। याद रखें इस इमरजेंसी फण्ड का रूटीन ख़र्चों या ट्रैवल ट्रिप के लिए नहीं करें।
