Emergency Fund Tips
Emergency Fund Tips

Summary: छोटी बचत से बड़ी सुरक्षा, जानें आसान टिप्स

कम सैलरी होने पर भी आप मजबूत इमरजेंसी फंड बना सकते हैं। जानिए कैसे ₹50 रोज़ाना की बचत, स्मार्ट बजटिंग और छोटे-छोटे फाइनेंशियल डिसिप्लिन से आप अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं। शुरुआत करें आज ही।

Emergency Fund Tips: समय का कोई भरोसा नहीं है। कोई यह नहीं जानता कि कब क्या हो जाए और अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए— जैसे अस्पताल का खर्च, नौकरी जाना, या किसी अपने द्वारा पैसे की माँग। ऐसे वक्त में अगर आपके पास इमरजेंसी फंड है तो बहुत काम आता है। लेकिन अधिकतर लोग कम कमाई के कारण अलग से पैसे बचा नहीं पाते हैं। अगर आपकी भी यही परेशानी है तो चलिए जानते हैं कम कमाई में आप ऐसा फंड कैसे बना सकते हैं?

इमरजेंसी फंड क्या होता है?

इमरजेंसी फंड एक ऐसा बचत खाता होता है जिसमें आप कुछ पैसे अलग से रखते हैं ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में आपको कर्ज न लेना पड़े। यह आमतौर पर आपकी 3 से 6 महीनों की जरूरतों को पूरा करने लायक होना चाहिए।

कम आय में इमरजेंसी फंड बनाने के आसान तरीके

छोटी शुरुआत करें

जरूरी नहीं कि आप एक साथ ₹50,000 या ₹1 लाख जमा करें। आप सिर्फ ₹100 या ₹200 से भी शुरुआत कर सकते हैं। थोड़ी-थोड़ी रकम से बड़ा फंड बनाना संभव है। अगर आप हर दिन ₹50 भी अलग रखते हैं तो महीने के अंत तक ₹1500 हो जाएंगे।

हर महीने एक तय रकम बचाएं

चाहे आपकी सैलरी ₹10,000 हो या ₹25,000 — उसमें से 5% या 10% हिस्सा इमरजेंसी फंड में डालने की आदत डालें। इसे अपनी ज़रूरत नहीं, ज़िम्मेदारी मानें।

बजट बनाएं और अनावश्यक खर्च से बचें

हर महीने होने वाले खर्चों की लिस्ट बनाएं और देखें कहां-कहां आप कटौती कर सकते हैं — जैसे बाहर का खाना, ऑनलाइन शॉपिंग, या OTT सब्सक्रिप्शन। जितना आप बचा सकते हैं, वही आपकी पूंजी बनती है।

अलग खाता खोलें

इमरजेंसी फंड को उसी खाते में न रखें जिसमें आपकी रोज़ की इनकम आती है। इसके लिए एक अलग बचत खाता खोलें और उसमें पैसे जमा करते रहें। इससे पैसे निकालने की आदत नहीं लगेगी।

बोनस और गिफ्ट्स का उपयोग करें

अगर आपको साल में कोई बोनस, टैक्स रिफंड या रिश्तेदारों से पैसे मिलते हैं, तो उसका कुछ हिस्सा इमरजेंसी फंड में डाल दें। ये मौके फंड को तेजी से बढ़ाने का अच्छा जरिया होते हैं।

किन बातों का ध्यान रखें

  • इमरजेंसी फंड को कभी निवेश न समझें — यह बचत है, रिटर्न कम लेकिन सुरक्षित होना चाहिए।
  • इस फंड को सिर्फ आपातकालीन स्थिति में ही इस्तेमाल करें, जैसे अस्पताल, नौकरी छूटना, या परिवार में कोई गंभीर घटना।
  • इसे शेयर मार्केट, क्रिप्टो या म्युचुअल फंड में न लगाएं, बल्कि FD, Recurring Deposit या सेविंग अकाउंट में रखें।

क्यों जरूरी है इमरजेंसी फंड

  • कर्ज से बचाता है
  • मानसिक तनाव कम करता है
  • आत्मनिर्भरता बढ़ाता है
  • परिवार को सुरक्षित रखता है

कम कमाई होने का मतलब यह नहीं कि आप सुरक्षित भविष्य नहीं बना सकते। बस थोड़ी सी प्लानिंग, अनुशासन और बचत की आदत से आप एक मजबूत इमरजेंसी फंड बना सकते हैं। याद रखिए – यह फंड आपकी आर्थिक सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। आज से ही शुरुआत करें, चाहे जितनी भी छोटी हो।

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...