Holi 2025 Upay: हिंदू पंचांग के अनुसार, होली का पर्व फाल्गुन माह की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। वर्ष 2025 में होली 14 मार्च, शुक्रवार को खेली जाएगी, जबकि होलिका दहन एक दिन पहले, 13 मार्च, गुरुवार को होगा। यह रंगों से सजा उत्सव न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि वास्तु शास्त्र में भी इसे अत्यंत शुभ माना गया है।
वास्तु शास्त्र के अनुसार, यदि होली से पहले कुछ विशेष वस्तुएं घर में लाई जाएं, तो पूरे वर्ष सुख-समृद्धि बनी रहती है और आर्थिक समस्याओं से मुक्ति मिलती है। होलाष्टक से लेकर होली तक इन चीजों को घर लाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है।
तोरण
होली पर अपने घर के मुख्य द्वार पर तोरण जरूर लगाना चाहिए। यह न केवल सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करता है, बल्कि नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने में भी मदद करता है। तोरण लगाने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर में धन-संपत्ति की कोई कमी नहीं रहती।
बांस का पौधा
घर में बांस का पौधा रखना अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि होली के अवसर पर इसे घर लाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। साथ ही, यह पौधा सुख और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है, जो घर और जीवन में शुभता लाता है।
चांदी का सिक्का
होलिका दहन के दिन फाल्गुन पूर्णिमा होती है, जो बेहद शुभ मानी जाती है। इस दिन घर में चांदी का सिक्का लाना विशेष लाभकारी होता है, क्योंकि इससे माता लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। चांदी के सिक्के की विधिपूर्वक पूजा करके उसे लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में समृद्धि और बरकत बनी रहती है।
कछुआ
कछुए को भगवान का स्वरूप माना जाता है। मान्यता है कि होली के दिन यदि धातु से बना कछुआ घर में लाया जाए, तो माता लक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहती है। हालांकि, कछुए की पीठ पर श्रीयंत्र या कुबेर यंत्र होना आवश्यक है। इसे घर में रखने से सुख-शांति और समृद्धि भी बनी रहती है।
गुलाल और हल्दी
गुलाल और हल्दी शुभता के प्रतीक माने जाते हैं। होली से दो दिन पहले इन्हें घर लाने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। इससे घर में सुख-शांति बनी रहती है, आर्थिक समृद्धि बढ़ती है और रुके हुए कार्य भी पूर्ण होने लगते हैं।
अनाज और अन्न
होली से पहले घर में गेहूं, चावल और अन्य अनाज लाना तथा जरूरतमंदों को दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है। इससे न केवल पुण्य मिलता है, बल्कि माता लक्ष्मी की असीम कृपा भी प्राप्त होती है।
श्री यंत्रधन
यदि आप कर्ज से परेशान हैं या आपका व्यवसाय ठीक से नहीं चल रहा है, तो घर में श्रीयंत्र स्थापित करना लाभकारी हो सकता है। होली से दो दिन पहले इसे खरीदकर लाएं और विधिपूर्वक पूजा करने के बाद घर के मंदिर में उत्तर-पूर्व दिशा में स्थापित करें। इसके बाद प्रतिदिन श्रद्धा भाव से इसकी पूजा करें। ऐसा करने से आपकी समस्याएं धीरे-धीरे समाप्त होने लगती हैं।
