Overview:
रंगों के इस्तेमाल से अपनी घर की दीवारों को बनाएं आकर्षक
Home Colour Ideas: घर के लिए रंगों का चयन करना उतना ही मुश्किल होता है, जितना अपने लिए परफेक्ट घर ढूंढना। आपके घर की दीवार पर कौन-सा रंग खूब सजेगा। इसके लिए आजकल बाजार में कई विकल्प हैं। हम घर में लंबे समय तक रहते हैं, तो हमारे ऊपर इन रंगों का सही और ख़ुशनुमा प्रभाव पड़ता रहे, इसलिए सही कलर चुनना बहुत जरुरी है। अगर आप भी अपने घर के लिए सही रंग का चयन करना चाहते है और रंगों के जरिए घर को देना चाहते है क्रिएटिव लुक, तो चलिए हम आपको बताते है दीवार के रंगों, ट्रेंडिंग वॉल कलर्स और विभिन्न कलर कॉम्बिनेशन के बारे में, जो आपके घर को देगा कूल लुक।
सफ़ेद या हल्के रंग का चुनाव

अगर आप उन लोगों में से हैं, जिन्हें दीवारें सफ़ेद ही पसंद हैं तो आपको बता दें कि यह न सिर्फ़ क्लासी, बल्कि हमेशा चलन में रहनेवाला रंग है। सफ़ेद या हल्के रंग की दीवारें उस पूरे कमरे को बड़ा और बेहतर दिखाती हैं और देखनेवाले का पूरा ध्यान वहां मौजूद फ़र्नीचर या सजावटी सामानों पर केंद्रित करने में सहायक होती हैं। यही वजह है कि दुनियाभर में अधिकतर लोग दीवारों पर सफ़ेद रंग का चयन करते हैं।
एक ही कलर पैलेट के कई शेड्स का चुनाव

कमरे के अंदर एक ही रंग के अलग-अलग शेड्स का चुनाव भी आपके घर को अलग और सुंदर लुक दे सकता है। मसलन, एक ही कमरे की जिस दीवार को उभारना हो उसे गहरे नीले और जिसे ज़्यादा न उभारना हो उसे हल्के नीले रंग से कलर करवाया जा सकता है। बीच में ब्रीदिंग स्पेस के लिए एकदम हल्का नीला या सफ़ेद रंग को जगह दी जा सकती है। इसी तरह अन्य रंगों के पैलेट के साथ भी किया जा सकता है।
कंट्रास्ट रंगों को यूं चुनें

आप कंट्रास्ट रंगों का चुनाव कर के भी अपने घर को कलरफ़ुल बना सकते हैं। कलर व्हील में दो एकदम अलग छोरों पर मौजूद रंग, जैसे- नीले के साथ नारंगी, लाल के साथ हरा या फिर पीले के साथ बैंगनी रंग का चुनाव किया जा सकता है, लेकिन इस चुनाव में आपको एक बात का ध्यान रखना होगा कि अगर दीवारे पीले रंग में रंगी हो, तो अपहोल्स्ट्री की कोई एक चीज़ बैंगनी रखें। अगर आपने दीवार के लिए लाल रंग चुना हो, तो बेडशीट्स या कुशन हरे रंगे के चुने जा सकते हैं। इसी तरह नीले और नारंगी रंग का कॉम्बिनेशन भी किया जा सकता है। कहने का अर्थ यह है कि इन रंगों के तालमेल से घर को सजाने पर घर जीवंत हो उठेगा।
रोशनी पर भी दें ध्यान

घर की सजावट के लिए रंगों का चुनाव करते समय इस बात को भी ध्यान में रखें कि रंगों पर रोशनी का भी अलग-अलग तरह से प्रभाव पड़ता है। एक ही रंग सुबह, दोपहर और शाम की रोशनी में अलग-अलग नज़र आता है। और जब उस पर किसी ख़ास एंगल से लाइट पड़ती है तो उस रंग का प्रभाव बिल्कुल अलग भी नज़र आ सकता है। इसलिए रंगों का चुनाव करते समय इस बात पर भी ध्यान दें कि रंग का वही शेड चुनें, जो आपको हर रोशनी में अच्छा लगे।
यह प्रयोग घर को तुरंत देगा नई ऊर्जा

यदि आप घर के किसी कमरे को तुरंत नई ऊर्जा से सराबोर करना चाहते हैं तो आप उसकी ऐक्सेसरीज़ में रंगों को शामिल कर सकते हैं, जैसे- कुशन्स, थ्रोज़ या रग्स। इसके अलावा ताज़ा फूल, किताबें और लैम्प्स भी आपके कमरे को तुरंत सकारात्मक ऊर्जा से भर देंगे। यदि आप रंगों के साथ कोई नया प्रयोग करना चाहते हैं तो डायनिंग रूम से इसकी शुरुआत करना सबसे अच्छा रहेगा। तो इस तरह रंगों के इस्तेमाल से आप घर को दे सकते है क्रिएटिव लुक।