Clean Air Destination for New Year Celebration
Clean Air Destination for New Year Celebration

Clean Air Destinations: नए साल को लेकर उत्साहित होना स्वाभाविक है। क्योंकि बदलते साल के साथ ही लोग अपनी कई आदतों में बदलाव का प्रण भी लेते हैं। इसलिए वह नए साल की शुरुआत बेहतर तरीके से करना चाहते हैं। इस बार दिल्ली वालों का शहर में बढ़ते प्रदूषण के कारण क्रिसमस का त्यौहार और नए साल का सेलिब्रेशन प्रभावित हो रहा है। दिल्ली में लंबे समय से हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। शहर के कई हिस्सों का एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार जा चुका है। इस खराब हवा का असर न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर भी पड़ने वाला है। ऐसे में आप नए साल का स्वागत दिल्ली से बाहर जाकर कर सकते हैं।

अगर आपने अभी तक न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए प्लान नहीं किया है, तो हम आपके लिए दिल्ली के करीब कुछ ऐसे टूरिस्ट डेस्टिनेशन लेकर आए हैं, जहाँ आप बेफिक्र होकर जश्न मना सकते हैं। ऑफिस से लंबी छुट्टियां लिए बिना भी आप इन जगहों पर 2-3 दिन का क्वालिटी टाइम बिता सकते हैं। साथ ही आप अच्छे वातावरण में अपने परिवार या दोस्तों के साथ नए साल का मिलकर स्वागत कर सकते हैं। यह डेस्टिनेशन दिल्ली से 250-600 किमी के दायरे में हैं और जहां की हवा दिल्ली के मुकाबले बहुत स्वच्छ है। तो चलिए देर किस बात की-

ओरछा

Orchha
Orchha

अगर आपको ऐतिहासिक इमारतों और कला पसंद है तो आप मध्य प्रदेश के ओरछा शहर में जा सकते है। बेतवा नदी के किनारे बसा यह शहर ऐतिहासिक महलों और शांति के लिए मशहूर है। दिल्ली की तुलना में यहां प्रदूषण बहुत कम है। यहां का एक्यूआई 80 से 110 तक है जो दिल्ली के मुकाबले काफी अच्छा है।

क्या देखें और करें: यहां का राम राजा मंदिर एक ऐसा मंदिर है जहां भगवान राम को राजा के रूप में पूजा जाता है। वहीं यहां का चतुर्भुज मंदिर भगवान राम को समर्पित है और अपनी वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है। इसके अलावा मुगल और राजपूत वास्तुकला के मिश्रण को दर्शाता जहांगीर महल, बेतवा नदी के किनारे बनी छतरियां बुंदेला राजाओं और लक्ष्मी नारायण मंदिर अपनी सुंदर भित्तिचित्रों के कारण आकर्षण का केंद्र है।

जिम कॉर्बेट

jim corbett
jim corbett

जंगलों से घिरे होने के कारण यहां की वायु गुणवत्ता दिल्ली के मुकाबले काफी बेहतर है। उत्तराखंड के रामनगर में स्थित इस जगह का एक्यूआई 90 से 130 तक है।

क्या देखें और करें: अगर आप वन्यजीव प्रेमी हैं और टाइगर सफारी का मज़ा लेना चाहते हैं तो नए साल पर यहां जा सकते हैं। अगर आप पहाड़ों पर नहीं चढ़ना चाहते, तो जिम कॉर्बेट एक बेहतरीन ‘मैदानी’ विकल्प है जहां आप प्रकृति के करीब रहकर शुद्ध सांस ले सकते हैं। इसके साथ ही आप कोसी नदी में रिवर राफ्टिंग, कॉर्बेट म्यूजियम, कॉर्बेट फॉल्स और बर्ड वाचिंग का भी आनंद उठा सकते हैं।

खजुराहो

Khajuraho: Clean Air Destination for New Year Celebration
Khajuraho: Clean Air Destination for New Year Celebration

मध्य प्रदेश का प्रमुख शहर खजुराहो अपने प्राचीन एवं मध्यकालीन मंदिरों के लिए विश्वविख्यात है। हालांकि यह जगह दिल्ली से दूर है इसलिए ट्रैन या फ्लाइट से जाना सुविधाजनक हो सकता है। यहाँ की हवा बहुत साफ़ है और मंदिर वास्तुकला देखने लायक है। यहां का एक्यूआई 70 से 100 है।

क्या देखें और करें: वैसे तो खजुराहो अपनी अपनी कला के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन नए साल पर यहां के होटल्स और रिसॉर्ट्स में शानदार पार्टी आयोजित की जाती हैं। जैसे-होटल क्लार्क्स खजुराहो और सिना हेरिटेज होटल जैसे लग्जरी होटल्स में नए साल की पूर्व संध्या गाला डिनर, लाइव म्यूजिक डीजे नाइट, न्यू ईयर पैकेज और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। इसके साथ ही पश्चिमी मंदिर समूह में साउंड एंड लाइट शो देखना अच्छा विकल्प हो सकता है। वहीं प्रकृति प्रेमियों के लिए कुछ खास अनुभव भी उपलब्ध हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व और नेचर ट्रेल्स, कैंपिंग के साथ आप अपने नए साल की सुबह की अच्छी शुरुआत कर सकते हैं।

देहरादून

Dehradun: Clean Air Destination for New Year Celebration
Dehradun: Clean Air Destination for New Year Celebration

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून दिल्ली से सिर्फ 250 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां की हवा भी राष्ट्रीय राजधानी से बेहतर है। यहां का एक्यूआई 110 से 150 तक है। देहरादून में नए साल का जश्न मनाने के लिए कई शानदार विकल्प उपलब्ध हैं, जिन्हें आप अपनी पसंद के अनुसार चुन सकते हैं।

क्या देखें और करें: देहरादून में मौजूद कई रिसॉर्ट्स और होटल में नए साल के मौके पर लाइव म्यूजिक, डीजे, गाला डिनर, बोनफायर और आतिशबाजी जैसे आयोजन होते हैं। यहां के कई बड़े होटलों में नए साल के लिए विशेष पैकेज और डिनर की व्यवस्था की जाती है, जिन्हें आप ऑनलाइन प्लेटफार्म पर देख सकते हैं। अगर आप शोर-शराबे से दूर शांति से नया साल मनाना चाहते हैं तो ट्रेकिंग और कैंपिंग ट्रिप पर जा सकते हैं। मालदेवता और गुच्छुपानी क्षेत्र के रिजॉर्ट्स में नए साल के जश्न का आयोजन किया जाता है। देहरादून से कुछ ही दूरी पर स्थित मसूरी में भी Mall Road और The Glen Restobar जैसी जगहों पर बड़ी पार्टियां भी होती हैं।

वर्तमान में गृहलक्ष्मी पत्रिका में सब एडिटर और एंकर पत्रकारिता में 7 वर्ष का अनुभव. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी दैनिक अखबार में इंटर्न के तौर पर की. पंजाब केसरी की न्यूज़ वेबसाइट में बतौर न्यूज़ राइटर 5 सालों तक काम किया. किताबों की शौक़ीन...