Hindi Love Story: माशूक का घर; अस्पताल के पास हो, तब उससे मिलना कितना आसान हो जाता है। आधे-एक घंटे की मुलाक़ात कभी भी आसानी से नसीब हो जाती है और अस्पताल की पार्किंग बड़ी हो, तो अंदर के नेगेटिव माहौल को भी झेलना नहीं पड़ता।
“लाइफ़ बहुत खाली-खाली लग रही है यार आजकल। कहीं मन ही नहीं लग रहा।” उसकी उदासी मैं महसूस कर पा रहा था। वह घर से मेरे लिए भुट्टे सेक कर लेती आई थी, शायद किसी परिचित मरीज से मिलने के बहाने।
“क्या हुआ?” उसके चेहरे पर उदासी यूँ लहरती है, जैसे मैं उसका ज़िम्मेदार हूँ।
“पता नहीं, पर एक उदासी सी महसूस होती है।” उसने भुट्टे पर नींबू और नमक लगाते हुए कहा।
“तो चलो, बीयर पीते हैं और मस्ती करते हैं।” मेरी नीयत मदिरा की दीवानी।
“दो-चार घंटे मन बहला लेने से, क्या लाइफ़ ठीक हो जाएगी?”
“घंटे-घंटे करके ही लाइफ़ पूरी होती है डियर।” फिलॉसफ़र को और क्या जवाब दिया जाता। दूसरी ओर जब शराब और शबाब दोनों की सोहबत का मौका बनता दिखाई देता हो तो गरीब तबीयत क्यूँ न फड़के।
“कुछ कमी सी लगती है यार लाइफ़ में। कुछ खालीपन, अधूरा सा। समझ नहीं पाती। सब तो है लाइफ़ में, पर लगता है कुछ तो एक्साइटमेंट हो…”
“लाइफ़ हमेशा ‘रोलर कॉस्टर’ तो नहीं हो सकती ना डियर। इंसान अपनी इस समझ पर जानबूझ कर नकाब ढके जीता है कि, वह शांत जीवन की खोज में है। मुझे नहीं लगता प्यार महसूस करना और ज़िंदादिली से जीने के अलावा कुछ ऐसा है, जिसे लाइफ़ कहा जा सके; और हमारे साथ तो उन बेसिक्स की भी कमी नहीं; जो किसी के लिए बहुत ज़्यादा है।” उसकी ज़िंदगी में हासिल सहूलियतों की ओर मैंने उसका ध्यान खींचना चाहा।
“कर तो लिया प्यार, अब क्या करें? फिर वही खालीपन सा आ गया है। वही सब कहानी, रोज़ कितना करे इंसान।”
“हा…हा…हा…नई मोहब्बत कर लो या इस खालीपन के डर को लम्बे टाइम के लिए मिटाना है, तो ऐसा कोई मकसद बनाओ जिस तक पहुँचने की इतनी हवस हो कि उसके लिए ज़िंदगी लुटा सको।”
“वह भी तो कुछ समझ नहीं आता।” उसने उसी मुर्दा आवाज़ में कहा।
“अपने अंदर ढूंढो। तुम्हारे बारे में मेरा कुछ भी कहा पूरा सच नहीं हो सकता। शायद तुम सिर्फ़ प्यार करने के लिए पैदा ना हुई हो।”
“हूँ…” मैंने उसका चेहरा सूखा और भावशून्य पाया।
समझ उतरी कि, यह वक़्त ऐसे ही गुज़र जाने देना चाहिए, उस मौक़े के इंतज़ार में जब उदासी का सूरज ढलान पर और चाँदनी के ख़्वाब आसमान पर नक्काशी करते हों।
ये कहानी ‘हंड्रेड डेट्स ‘ किताब से ली गई है, इसकी और कहानी पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएं – Hundred dates (हंड्रेड डेट्स)
