Garmiyon ki Chuttiyon ka Pyaar
Garmiyon ki Chuttiyon ka Pehla Pyaar

Hindi Love Story: गर्मी की छुट्टियां हर साल आती थीं, लेकिन इस बार की छुट्टियों में कुछ अलग होने वाला था-नौवीं में पढ़ने वाली शुचि को इसका अंदाजा भी नहीं था। प्रतापगढ़ का वह पुराना घर, आंगन में लगे बड़े-बड़े आम के पेड़, नानी का प्यार और मामा-मामी के साथ बिताए जाने वाले मस्ती भरे दिन-हर साल की तरह इस बार भी यही सब होने वाला था, लेकिन इस बार उसकी जिंदगी में एक नया मोड़ आने वाला था।

शाम का वक्त था, जब सूरज ढल रहा था और हल्की-हल्की हवा चल रही थी। शुचि अपने कजिन्स के साथ बाहर खेल रही थी। तभी अचानक उसकी नजर एक नए लड़के पर पड़ी। वह थोड़ा लंबा था, उम्र में उससे कुछ बड़ा लग रहा था, और उसकी आंखों में एक गहरी गंभीरता थी। वह खेल में शामिल हुआ और धीरे-धीरे सबके साथ घुल-मिल गया।

“तुम कौन हो?” शुचि ने चंचलता से पूछा।

“ऋषि, नानी के यहां छुट्टियां बिताने आया हूं,” उसने मुस्कुराते हुए जवाब दिया।

“अरे वाह! हम भी तो यहीं आए हैं! हर साल आते हैं। लेकिन पहले कभी मिले नहीं?”

“हर साल आता हूं, लेकिन शायद हमारा टाइमिंग अलग रहता था,” ऋषि ने हल्की हंसी के साथ कहा।

उस शाम के बाद से ऋषि और शुचि के बीच एक अनजाना सा रिश्ता बनने लगा।

अगले कुछ दिनों में ऋषि और शुचि की दोस्ती गहरी होने लगी। वे अक्सर साथ बैठकर बातें करते, खेलते, और एक-दूसरे की पसंद-नापसंद जानने लगे। ऋषि 11वीं में था, थोड़ा गंभीर और समझदार, जबकि शुचि 8वीं की थी—पूरी तरह से चुलबुली, शरारती और मस्तीखोर।

धीरे-धीरे दोनों के बीच छोटी-छोटी चिट्ठियां चलने लगीं। प्यार भरी नहीं, बल्कि मासूमियत से भरी बातें- “तुम्हें कौन सी आइसक्रीम पसंद है?”, “आज तुम बहुत ज्यादा हंसी, अच्छा लगा!”, “तुम्हारी लिखावट बहुत अच्छी है!”

इन छोटी-छोटी चिट्ठियों में उनके दिल की गहराइयां छुपी थीं। दोनों के बीच एक अनकहा रिश्ता पनप रहा था, जिसे वे खुद भी ठीक से समझ नहीं पा रहे थे।

कई बार जब उनकी नजरें मिलतीं, तो एक अजीब सी सिहरन दौड़ जाती। रात को सोने से पहले जब वे अकेले होते, तो एक-दूसरे के बारे में सोचते और एक हल्की मुस्कान उनके चेहरे पर आ जाती।

एक दिन जब सब लोग साथ बैठकर खाना खा रहे थे, ऋषि ने ध्यान दिया कि शुचि को मीठा बहुत पसंद था। उसने चुपके से अपनी प्लेट में रखी मिठाई उसके लिए छोड़ दी। शुचि ने जब देखा, तो मुस्कुराकर उसे देखा और धीरे से कहा, “तुम बहुत अच्छे हो, ऋषि।”

उसके इस छोटे से वाक्य ने ऋषि के दिल में कुछ हलचल मचा दी। क्या यह दोस्ती से ज्यादा था?

समय पंख लगाकर उड़ गया। अब वह दिन आ गया, जब शुचि को वापस जाना था। घर में हलचल मची थी…ट्रेन की तैयारी हो रही थी, बैग पैक हो रहे थे, और सब अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। लेकिन इस सबके बीच कोई था, जो बेहद बेचैन था-ऋषि।

वह बार-बार खिड़की से झांक रहा था, शायद कुछ कहना चाहता था लेकिन शब्द नहीं मिल रहे थे। उधर, शुचि भी जाने की एक्साइटमेंट में थी, लेकिन जैसे ही उसने खिड़की से ऋषि को देखा, उसके मन में भी एक अजीब सी बेचैनी होने लगी।

तभी एक छोटी सी चिट्ठी खिड़की के पास गिराई गई। शुचि ने झट से उठाई और पढ़ने लगी—

“शुचि, तुम जा रही हो, अच्छा नहीं लग रहा। परसो मैं भी चला जाऊंगा, लेकिन ये 20 दिन मेरे जीवन के सबसे खूबसूरत पल थे। रातभर सो नहीं पाया, बस तुम्हारे बारे में सोचता रहा… अजीब सा लग रहा है। क्या मुझे तुमसे प्यार हो गया है?”

शुचि के होंठों पर हल्की मुस्कान आई, लेकिन अगले ही पल उसकी आंखें भर आईं। उसने भी झट से एक चिट्ठी लिखी

“इसे प्यार नहीं कहते, ऋषि… ये दोस्ती है। दोस्त जब बिछड़ते हैं तो ऐसा ही लगता है। ज्यादा मत सोचो…”

शुचि ने ऋषि तक यह चिट्ठी पहुंचा दी। ऋषि ने जैसे ही पढ़ी, उसकी आंखों में हल्की उदासी छा गई। लेकिन अगले ही पल जो उसने किया, वह शुचि कभी नहीं भूल पाई।

ट्रेन के छूटने से ठीक पहले, ऋषि उसके पास आया और धीरे से अपनी हथेली खोली। शुचि के सांसें थम गईं। उसकी कलाई पर ब्लेड से हल्का सा ‘S’ लिखा हुआ था-शुचि के नाम का पहला अक्षर।

“ये दोस्ती नहीं है, शुचि… दोस्त के लिए कोई इतना दर्द नहीं सहता,” ऋषि ने हल्के स्वर में कहा।

शुचि का दिल जोर-जोर से धड़कने लगा। ट्रेन चल पड़ी, और उसकी आंखों से आंसू बहने लगे। ऋषि ने जाते-जाते भी उसकी आंखों में प्यार ढूंढ लिया था।

रास्ते भर शुचि की आंखों से आंसू बहते रहे। वह खुद से ही सवाल कर रही थी…क्या सच में यह सिर्फ दोस्ती थी? या कुछ और? ऋषि की आंखों में जो गहराई थी, जो मौन था, उसमें कुछ ऐसा था जिसे वह शब्दों में नहीं बांध पाई।

ट्रेन की खिड़की से पीछे छूटता स्टेशन देखती रही। ऋषि अब भी वहीं खड़ा था, हाथ में वही चिट्ठी, आंखों में वही सवाल। ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली, और धीरे-धीरे उसकी तस्वीर धुंधली होने लगी।

शुचि ने कांपते हाथों से अपनी डायरी खोली और पहली बार अपने दिल की बात लिखी,

“शायद यह प्यार था… शायद हमेशा रहेगा।”

साल बीत गए। जीवन आगे बढ़ गया। शुचि कॉलेज चली गई, करियर में व्यस्त हो गई। कई नए दोस्त बने, कई चेहरे आए और चले गए, लेकिन ऋषि की यादें हमेशा उसके दिल के किसी कोने में सजीव रहीं।

एक दिन, बहुत सालों बाद, जब वह पुराने सामानों को समेट रही थी, उसे वही पुरानी चिट्ठियां मिलीं…ऋषि की लिखी हुई, उसकी लिखी हुई। उन पन्नों पर अब भी वही एहसास जिंदा था, वही मासूमियत, वही धड़कनों की खामोश सरगम।

तभी, उसके मोबाइल की स्क्रीन चमकी। एक अनजान नंबर से मैसेज था—

“क्या तुम्हें अब भी मीठे में गुलाब जामुन पसंद हैं?”

शुचि के होंठों पर एक मुस्कान आ गई। कुछ एहसास कभी खत्म नहीं होते, कुछ कहानियां कभी पूरी नहीं होतीं, लेकिन वे हमेशा हमारे अंदर जिंदा रहती हैं।

क्योंकि पहला प्यार सिर्फ एक एहसास नहीं, बल्कि वो मीठी धड़कन होती है, जो उम्रभर हमारे दिल में गूंजती रहती है।

राधिका शर्मा को प्रिंट मीडिया, प्रूफ रीडिंग और अनुवाद कार्यों में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा पर अच्छी पकड़ रखती हैं। लेखन और पेंटिंग में गहरी रुचि है। लाइफस्टाइल, हेल्थ, कुकिंग, धर्म और महिला विषयों पर काम...