Summary: हनुमान जयंती पर आएगी ‘राम’ की पहली झलक, फैंस में बढ़ी उत्सुकता
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म “रामायण” को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। राम नवमी के मौके पर प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने एक भावुक संदेश साझा करते हुए फिल्म की अगली झलक ‘राम’ को 2 अप्रैल, हनुमान जयंती के दिन रिलीज करने की घोषणा की।
Ramayana First Look: साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में “रामायण” को गिना जा रहा है, जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे बड़े स्टार्स नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को बेहद भव्य और इंटरनेशनल लेवल के सिनेमा के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसका निर्देशन निटेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी नमित मल्होत्रा को सौंपी दी गई है। फिल्म को लेकर उत्साह को और बढ़ाते हुए नमित ने राम नवमी के शुभ अवसर पर अपने सोशल मीडिया के जरिए एक इमोशनल मैसेज शेयर किया है।
राम नवमी पर नमित मल्होत्रा का इमोशनल मैसेज
हाल ही में नमित मल्होत्रा ने राम नवमी के पावन मौके पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने इस फिल्म के निर्माण से जुड़ी यात्रा और जिम्मेदारी के बारे में बात की। उन्होंने लिखा कि “रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं है, यह हम सभी की आस्था और विरासत का हिस्सा है, और इसे पूरी सच्चाई और श्रद्धा के साथ प्रस्तुत करना हमारा कर्तव्य है।” उनके इस मैसेज ने साफ कर दिया कि यह प्रोजेक्ट सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा हुआ है।
“रामायण” को लेकर एक बड़ी घोषणा
इसी के साथ नमित ने एक और बड़ी घोषणा की, वो यह कि फिल्म की अगली झलक ‘राम’ को हनुमान जयंती के दिन, यानी 2 अप्रैल को रिलीज किया जाएगा। यह सिर्फ एक टीजर रिलीज नहीं होगा, बल्कि इसे एक ग्लोबल लेवल पर मनाए जाने वाले खास मौके की तरह पेश किया जाएगा, जहां दुनियाभर के फैंस इस पल का हिस्सा बनेंगे।
फैंस हुए उत्सुक

फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता साफ नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर लोग बेसब्री से इस नई झलक का इंतजार कर रहे हैं। कई फैंस ने इसे “जनरेशन डिफाइनिंग परफॉर्मेंस” बताया है, खासकर रणबीर कपूर के लिए, जो इस फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। उनके लुक और एक्टिंग को लेकर पहले से ही काफी चर्चा हो रही है।
एक फैन ने लिखा, “रणबीर को भगवान राम के रूप में चमकते हुए देखने का बेसब्री से इंतजार है।” एक अन्य को साई पल्लवी का इंतजार है, उन्होंने लिखा, “क्वीन साई पल्लवी को सीता देवी के रूप में देखने का बेसब्री से इंतजार है।” “भारत की सबसे बड़ी फिल्म”, “धुरंधर के बाद यह अकेली ऐसी फिल्म है, जिसके लिए मैं बहुत ज्यादा उत्साहित हूं” और “यह मेरी सपनों की फिल्म है; मैं इसके लिए पूरी तरह से दीवाना हूं”, जैसे कमेंट्स इंस्टाग्राम पर हैं।
प्रमोशन टूर की होगी शुरुआत
खबरों के अनुसार, फिल्म की टीम जल्द ही अमेरिका में अपने प्रमोशनल टूर की शुरुआत करने वाली है। यह पहली बार होगा जब इस प्रोजेक्ट को इंटरनेशनल लेवल पर इतने बड़े पैमाने पर प्रमोट किया जाएगा। इस दौरान फिल्म से जुड़े कुछ खास दृश्य और झलकियां भी मीडिया के सामने पेश की जा सकती हैं।
फिल्म की कास्ट और रिलीज डेट
अगर फिल्म की कास्ट की बात करें, तो यह किसी ड्रीम टीम से कम नहीं है। रणबीर कपूर राम के रूप में, साई पल्लवी मां सीता के रूप में नजर आएंगी, जबकि यश रावण का किरदार निभाएंगे। इसके अलावा सनी देओल हनुमान के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे। काजल अग्रवाल और रकुल प्रीत सिंह क्रमशः मंदोदरी और शूर्पणखा के किरदार निभाएंगी। फिल्म 2 भागों में रिलीज होगी, पहली दिवाली 2026 और दूसरी दिवाली 2027।

