Overview: बोमन ईरानी का ट्रंप पर तंज,
बोमन ईरानी ने डोनाल्ड ट्रंप के 'ईरानी' शांति वार्ता के दावे पर एक मजाकिया वीडियो बनाया और मजाक में ट्रंप से LPG सिलेंडर लाने को कहा। इस पर ईरानी एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बोमन ईरान की त्रासदी का मजाक उड़ा रहे हैं और सालों की खामोशी के बाद अब सिर्फ राजनीति के लिए बोल रहे हैं।
Boman Irani and Mandana Karimi Controversy: ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक उथल-पुथल के बीच बॉलीवुड एक्टर बोमन ईरानी का एक मजाकिया वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। जहाँ कई सितारों और फैंस ने इस वीडियो पर ठहाके लगाए, वहीं ईरानी मूल की एक्ट्रेस मंदाना करीमी इस पर बुरी तरह भड़क गई हैं। उन्होंने बोमन ईरानी पर ‘पाखंड’ और ‘चुनिंदा संवेदनशीलता’ का आरोप लगाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ‘ईरानियों’ से बातचीत करने और शांति समझौता करने के दावों के बीच बोमन ईरानी ने एक व्यंग्यात्मक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने अपने ‘ईरानी’ सरनेम का इस्तेमाल करते हुए ट्रंप को मुंबई आने का न्योता दिया और एक ‘गैस सिलेंडर’ की मांग कर डाली। इस पर मंदाना करीमी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बोमन की मंशा और समय पर सवाल उठाए हैं।
बोमन ईरानी ने वीडियो में क्या कहा
बोमन ईरानी ने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की जिसमें उन्होंने मजाक में कहा कि ट्रंप ‘ईरानियों’ से बात करना चाहते हैं, इसलिए वे, स्मृति ईरानी और अरुणा ईरानी शांति वार्ता के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे वॉशिंगटन नहीं जाएंगे, बल्कि ट्रंप को मुंबई के दादर पारसी कॉलोनी आना चाहिए। बोमन ने चुटकी लेते हुए कहा, “हम उन्हें धनसाक और कस्टर्ड खिलाएंगे, बस वो साथ में एक बड़ा गैस सिलेंडर ले आएं तो हमारी जिंदगी बहुत आसान (Smooth) हो जाएगी।”
मंदाना करीमी का गुस्सा “ये पाखंड है”
तेहरान (ईरान) में जन्मीं मंदाना करीमी, जो इस युद्ध में इजरायल और अमेरिका के रुख का समर्थन कर रही हैं, बोमन के वीडियो पर भड़क गईं। उन्होंने कमेंट बॉक्स में लिखा “बोमन ईरानी सर… अचानक आपको ईरान के बारे में बहुत कुछ कहना है? दिलचस्प टाइमिंग है। सालों से ईरानियों को गिरफ्तार किया जा रहा है, मारा जा रहा है, चुप कराया जा रहा है। हजारों लोग मारे गए, परिवार उजड़ गए। और अब… एक वीडियो आता है? अब गैस और ट्रंप पर चुटकुले बन रहे हैं?”
“कहाँ थी ये आवाज?” — मंदाना का तीखा सवाल
मंदाना ने बोमन के पारसी मूल (पारसी समुदाय मूल रूप से ईरान से आया है) का जिक्र करते हुए कहा उन्होंने कहा कि आप उस इतिहास और आग को ढोते हैं, तो जब ईरानी मर रहे थे तब आप चुप क्यों थे? मंदाना ने आरोप लगाया कि जब तक बात राजनीति और गैस की कीमतों तक नहीं आई, तब तक बोमन को ईरान की याद नहीं आई। उन्होंने इसे ‘हिपोक्रेसी’ (पाखंड) करार दिया। मंदाना ने बताया कि उन्होंने ईरान के दमनकारी शासन को 18 साल झेला है और वे वहां गिरफ्तार भी हो चुकी हैं, इसलिए उनके लिए यह कोई ‘मजाक’ का विषय नहीं है।
इंडस्ट्री का रिएक्शन और बचाव
जहाँ मंदाना गुस्से में थीं, वहीं इंडस्ट्री के कई अन्य सितारों जैसे फरहान अख्तर, जावेद जाफरी, तब्बू और सोनी राजदान ने बोमन के वीडियो को हल्का-फुल्का मनोरंजन बताते हुए हंसी वाले इमोजी कमेंट किए। कुछ फैंस ने मंदाना को शांत करने की कोशिश करते हुए लिखा कि यह सिर्फ एक ‘सैटायर’ (व्यंग्य) है और इसे गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए।

