Overview: पिप्पली यानी लॉन्ग पेपर के आयुर्वेदिक फायदे बच्चों को कैसे दिलाते हैं राहत
सर्दी के मौसम में पिप्पली यानी लॉन्ग पेपर बच्चों के लिए एक प्राकृतिक हेल्थ बूस्टर की तरह काम करती है। यह न केवल खांसी, जुकाम और गले की खराश में आराम देती है, बल्कि बच्चों की इम्यूनिटी भी मजबूत बनाती है। हालांकि, इसे हमेशा बहुत कम मात्रा में और बच्चे की उम्र के अनुसार ही देना चाहिए।
Long Pepper Benefits for Kids: सर्दी का मौसम शुरू होते ही छोटे बच्चों में खांसी, जुकाम, बुखार और गले में खराश जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। डॉक्टर के पास जाना ज़रूरी तो है, लेकिन बार-बार दवाइयों का सहारा लेने से कई माता-पिता बचना भी चाहते हैं। ऐसे में दादी-नानी की परंपराओं में इस्तेमाल होने वाली पिप्पली (लॉन्ग पेपर) आज भी उतनी ही असरदार मानी जाती है। यह हल्की तीखी आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, जुकाम शांत करने और शरीर को गर्माहट देने में बहुत मदद करती है। सही मात्रा और सही तरीके से इस्तेमाल की जाए तो पिप्पली बच्चों को तेज और प्राकृतिक राहत देती है।
पिप्पली और शहद

दादी मां का यह नुस्खा लगभग हर घर में आजमाया जाता था। चुटकीभर पिसी पिप्पली में थोड़ा-सा शहद मिलाकर देने से गले की जलन कम होती है और खांसी रुकने लगती है। शहद गले को कोट करता है, जबकि पिप्पली की गर्म तासीर बंद हुआ गला खोलने में मदद करती है। यह उपाय रात में सोने से पहले सबसे ज्यादा कारगर माना जाता है।
पिप्पली चूर्ण और गर्म पानी

अगर बच्चा बार-बार छींक रहा हो, नाक बंद रहने लगे या ठंड लग जाए, तो हल्की मात्रा में पिप्पली चूर्ण गुनगुने पानी के साथ दिया जा सकता है। यह शरीर में गर्माहट लाता है और सर्दी की शुरुआत में होने वाली असुविधा को कम करता है। समय रहते दिया जाए तो वायरल पकड़ने की संभावना भी घट जाती है।
पिप्पली-अदरक काढ़ा
सर्दियों में घर-घर में बनने वाला यह काढ़ा बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए जाना जाता है। अदरक, तुलसी, काली मिर्च और पिप्पली से तैयार हल्का काढ़ा शरीर में गर्माहट देता है, सांस से जुड़ी समस्याओं को कम करता है और वायरस से लड़ने की क्षमता मजबूत करता है। छोटे बच्चों के लिए इसकी मात्रा बहुत कम रखी जाती है।
पिप्पली घी मिश्रण
ठंड में कई बच्चे भूख कम लगने की शिकायत करते हैं। ऐसे में गर्म घी में एक चुटकी पिप्पली मिलाकर देना पाचन शक्ति को बढ़ाता है। यह शरीर में एनर्जी बनाए रखता है और भूख में सुधार लाता है। कमजोर बच्चों के लिए यह नुस्खा खासतौर पर फायदेमंद माना जाता है।
पिप्पली वाला दूध
गर्म दूध में थोड़ी-सी पिप्पली मिलाकर देने से शरीर को अंदर से गर्माहट मिलती है। यह खांसी की तीव्रता कम करता है और रुक-रुककर आती जुकाम की समस्या में भी राहत देता है। सर्दी ज्यादा बढ़ गई हो तो यह उपाय दो–तीन दिन तक लगातार देने से फर्क साफ नजर आता है।
पिप्पली और गुड़ मिश्रण
सूखी खांसी बच्चों के लिए बहुत परेशान करने वाली होती है। गुड़ में पिप्पली मिलाकर देने से बलगम ढीला होता है और सीने का भारीपन कम होता है। यह न सिर्फ खांसी को शांत करता है बल्कि गले की सूजन भी घटाता है। गुड़ का मीठा स्वाद इसे बच्चों के लिए और आसान बनाता है।
पिप्पली तेल से छाती की मालिश
अगर बच्चे को सांस लेने में हल्की दिक्कत हो रही हो या सीना भारी लग रहा हो, तो पिप्पली से युक्त गर्म तेल की मालिश बहुत राहत देती है। यह बलगम को ढीला करता है और चेस्ट कंजेशन को कम करने में मदद करता है। हल्की मालिश से बच्चे आराम से सो भी पाते हैं।
