हमारे खान-पान में ही हमारी मानसिक सेहत और हमारे सौंदर्य का गुप्त राज़ छिपा है। शरीर की खूबसूरती, स्फूर्ति, ऊर्जा तीनों ही हमारे जीवन में खाने-पीने की शैली से प्रभावित होती हैं। संतुलित खान-पान से मिला सौंदर्य वास्तविक एवं टिकाऊ होता है।

संयमित आहार एवं जीवनशैली

स्‍वस्‍थ दिनचर्या के साथ पौष्टिक आहार का सेवन बहुत जरूरी है। आपकी सुंदरता या फिर यौवन लंबे समय तक बरकरार रहे, इसके लिये सही और संयमित आहार बेहद ज़रूरी है। भोजन के माध्यम से हमारे शरीर के भीतर जो पहुंचता है, वही शरीर पर झलकता है। शरीर के सभी अंगों की कार्यक्षमता इसी पर निर्भर है अन्यथा हमें स्ट्रेस, एंग्जायटी, डिप्रेशन, पैनिक अटैक्स या किसी भी प्रकार का मानसिक तनाव हो सकता है।

संतुलित खान-पान

भोजन शरीर में ठीक वैसे ही काम करता है जैसे किसी गाड़ी में पेट्रोल। अगर पेट्रोल में मिलावट होती है तो गाड़ी का इंजन जाम हो जाता है, इसी तरह से अगर शरीर के इंजन हृदय और मस्तिष्क को मिलावटी खाने का सेवन कराया जाएगा तो आप खुद को अनेक बीमारियों से घिरा पाएंगे। अगर आप शरीर से स्वस्थ हैं तो समझ लें कि आप दिमाग से भी स्वस्थ हो सकते हैं। दरअसल अनियमित जीवन शैली और खान-पान ही वे कारण हैं जिनकी वजह से हमारी सेहत बनती- बिगड़ती है और शरीर में  बीमारियां घर करने लगती हैं। अगर हम थोड़ी सी सावधानी बरतें और खुद पर कुछ अंकुश लगाएं तो हम कई बीमारियों से आसानी से बच सकते हैं।

शरीर और उसकी सुंदरता की देखभाल की जब बात हो तो यह जानना जरूरी है कि आपकी हर रोज की खुराक में क्या-क्या शामिल होता है। शरीर के रूप-सौंदर्य से वही झलकता है जो आप शरीर के अंदर डालते हैं। शारीरिक देखभाल में सबसे मुख्य त्वचा है। त्वचा की रंगत अगर सही न हो तो शरीर की खूबसूरती वैसे ही आधी रह जाती है। इसीलिए घर का बना पनीर, पत्तागोभी, फ्लोरीनयुक्त खाद्य पदार्थ ऐसे हैं जो त्वचा की रंगत में सुधार लाने में मदद करते हैं। खाना बार-बार गरम करने से फ्लोरीन नष्ट हो जाता है, इसका ख्याल रखें।

स्वस्थ एवं सुंदर काया

हमारे खान-पान में कई ऐसी चीजें शामिल होती हैं, जिनमें खूबसूरती और स्वास्थ्य का अनमोल खजाना छिपा होता है, इसीलिये आप प्रोटीन और फाइबर का सेवन करें। स्वस्थ रहने के लिए हमें विभिन्न पोषक तत्वों की आवश्यकता को पूरा करना पड़ता है, इसीलिए आप अपने खाने में विविधता लाएं। कच्ची सब्जियां व ताजा फलों का सेवन ज्यादा से ज्यादा करें। दही भी एक ऐसा ही फायदेमंद आहार है। दूध की अपेक्षा दही में कैल्शियम की मात्रा 18 गुना अधिक होती है। दही के बैक्टीरिया तथा पोषक तत्व शरीर के लिए एंटीबायोटिक का कार्य करते हैं, साथ ही रोगाणुओं से लड़ने की क्षमता भी बढ़ाते हैं। दही में प्रोटीन, लैक्टोज, कैल्शियम, आयरन, फॉस्फोरस आदि कई विटामिन होते हैं। इसलिए दही को अधिक पोषक माना जाता है। इसको भोजन में शामिल करें।

याद रखें कि त्वचा से जुड़ी सभी समस्याएं किडनी से शुरू होती हैं। शरीर में पानी की कमी न होने देें। पानी शरीर के हानिकारक टॉक्सिस को बाहर निकालने में सहायक होता है। कुछ आयोडीनयुक्त सब्जियां जैसे- गाजर, चुकंदर और पत्तेदार सब्जियां भी शरीर को टॉक्सिस से मुक्ति दिलाती हैं। इसलिए अंकुरित दालें, जौ, टमाटर, पालक, अंजीर व स्ट्राबेरी जैसे खाद्य पदार्थ का सेवन करना चाहिए। हरी पत्तेदार सब्जियां त्वचा को फटने से बचाती हैं। त्वचा का बहुत अधिक खुश्क होना फ्लोरीन नामक एक अधातु तत्व की कमी को दर्शाता है, जिससे शरीर में चमक कम दिखाई देती है। सोडियम की कमी से त्वचा चिपचिपी होती है और उस पर झुर्रियां जल्दी आती हैं। खीरा अत्यधिक सोडियमयुक्त सब्जी है, जिसका सेवन शरीर में सोडियम की कमी को पूरा करने के साथ शरीर को ठंडा भी रखता है।

भोजन में हो विभिन्न पोषक तत्त्व

सोया फूड के सेवन से ब्रेस्ट कैंसर होने का खतरा कम हो सकता है। इसमें लगभग 40 प्रतिशत प्रोटीन होता है, जो कि दालों में सर्वाधिक है। सोयाबीन का सेवन दिल की बीमारियों की आशंका को कम करता है।

इसके अलावा पौधों का स्टेरॉल्स कद्दू यानी लौकी के बीज टी सेल्स (किलर सेल्स) को शरीर में बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। यही नहीं ऑलिव ऑयल का प्रयोग शरीर के लिए बहुत ही फायदेमंद है। यह बालों से डैंड्रफ समाप्त करता है। ऑलिव ऑयल का प्रयोग खाना और सलाद बनाने में किया जाता है। यह ना सिर्फ आपके सौंदर्य को लंबे समय तक बनाए रखता है, बल्कि शरीर को स्वस्थ रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। भोजन में फलों का भी महत्व है, इसीलिए फलों में अंगूर सर्वोत्तम माना जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट होता है। यह मस्तिष्क को लंबे समय तक उर्वर और स्वस्थ रखता है। अंगूर का सेवन अल्जाइमर जैसी बीमारियों को भी दूर करने में अहम भूमिका निभाता है। 

यह भी पढ़ें –आईटीसी निमवाश वेमिनार- शैफ कुनाल कपूर

स्वास्थ्य संबंधी यह लेख आपको कैसा लगा? अपनी प्रतिक्रियाएं जरूर भेजें। प्रतिक्रियाओं के साथ ही स्वास्थ्य से जुड़े सुझाव व लेख भी हमें ई-मेल करें-editor@grehlakshmi.com