Overview:
यह बात सही है कि सप्लीमेंट्स आपकी सेहत की जरूरतों को पूरा करते हैं। लेकिन इन्हें सही समय पर लेना भी जरूरी है। गलत समय पर लिया गया सप्लीमेंट, उन्हें बर्बाद करने जैसा है।
Right Time to Take Ashwagandha: ‘एक उम्र के बाद हर किसी को सप्लीमेंट लेने चाहिए।’ ये बात आपने अक्सर अपने परिवार, दोस्तों या जानकारों से सुनी होगी। जानकार सप्लीमेंट्स के फायदे गिनाते हैं और लोग बिना सोचे समझे इन्हें लेना शुरू कर देते हैं। लोकल सर्किल्स की ओर से हुए एक सर्वे में चौकाने वाला सच सामने आया। सर्वे के अनुसार भारत में 69 से 71 प्रतिशत लोग डॉक्टर की बिना सलाह के ही सप्लीमेंट ले लेते हैं। उन्हें न ही इनकी सही जरूरत का पता होता है और न ही समय का। जबकि इस बात का ध्यान रखना जरूरी है।
दोगुना होगा सप्लीमेंट का असर

यह बात सही है कि सप्लीमेंट्स आपकी सेहत की जरूरतों को पूरा करते हैं। अगर आप दिनभर थकान महसूस करते हैं, नींद नहीं आती या फिर पेट की गड़बड़ी से परेशान हैं तो सप्लीमेंट्स असरदार हैं। लेकिन इन्हें सही समय पर लेना भी जरूरी है। एम्स, हार्वर्ड और स्टैनफोर्ड संस्थानों से प्रशिक्षित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने हाल ही में अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट में सप्लीमेंट्स लेने का सही समय बताया है। डॉ.सेठी का कहना है कि सही समय पर सप्लीमेंट लेने का असर दोगुना हो सकता है। गलत समय पर लिया गया सप्लीमेंट, उन्हें बर्बाद करने जैसा है।
सुकून के लिए इस समय लें अश्वगंधा
डॉ. सेठी ने बताया कि अश्वगंधा लेने का सबसे अच्छा समय शाम का है। अश्वगंधा एक प्राचीन आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है जो शरीर में तनाव के हार्मोन कोर्टिसोल को कम करने में मदद करती है। इससे मन शांत होता है, स्ट्रेस कम होता है और नींद भी अच्छी आती है। इसलिए अगर आप दिनभर की भागदौड़ के बाद मानसिक और शारीरिक तौर पर रिलेक्स होना चाहते हैं तो अश्वगंधा शाम को लेना सबसे फायदेमंद रहेगा।
नींद का साथी मेलाटोनिन
अनिद्रा आज के समय में एक कॉमन परेशानी है। अगर आपको नींद नहीं आती या बार-बार नींद खुल जाती है, तो मेलाटोनिन सप्लीमेंट मददगार हो सकता है। डॉ. सेठी ने बताया कि इसे सोने से 30 से 60 मिनट पहले लेना चाहिए। मेलाटोनिन आपके शरीर को यह संकेत देता है कि अब सोने का समय है। यह नींद की प्रक्रिया को नेचुरली सपोर्ट करता है। खासतौर पर उन लोगों के लिए जो शिफ्ट में काम करते हैं या जेट लैग से परेशान हैं।
बॉडी बिल्डिंग का सुपरस्टार क्रिएटिन
जिम जाने वालों के बीच क्रिएटिन एक जाना-पहचाना नाम है। यह मसल्स को एनर्जी देने, ताकत बढ़ाने और थकान कम करने में मदद करता है। डॉ. सेठी कहते हैं कि क्रिएटिन को आप कसरत के बाद या दिन के किसी भी समय ले सकते हैं। बस ध्यान रखें कि इसका नियमित सेवन जरूरी है।
पेट साफ रखेगा साइलियम हस्क
कब्ज की शिकायत या पेट भारी-भारी रहना भी आज एक आम परेशानी है। डॉ. सेठी की सलाह है कि रोज सुबह नाश्ते से पहले पानी के साथ साइलियम हस्क यानी इसबगोल की भूसी लें। यह आपके पेट की सफाई में मदद करता है और खाने के बाद जल्दी भूख नहीं लगने देता, जिससे ओवरईटिंग से भी बचा जा सकता है। यानी वजन घटाने में भी मदद मिल सकती है।
