अब तक तो आपको शिशु की देखभाल करना काफी अच्छे तरीके से गया होगा।साथ ही आप अपने बड़े बच्चों की माँगे भी पूरी कर पा रही होगीं हालांकि दिनरात आपका पूरा ध्यान उस नन्हे शिशु की ओर होगा। शिशु अपनी देखरेख नहीं कर सकते लेकिन वे यह नहीं कहते कि आप अपना ध्यान रखना छोड़ दें। मम्मी को भी देखभाल चाहिए। हालांकि अभी आपके सभी सवाल शिशु से जुड़े हैं लेकिन आपको अपना भी ध्यान रखना है। आपको अपनेआप से जुड़े सवालों की जिज्ञासा शांत करनी चाहिए।

आप क्या महसूस कर रही होंगी?

यह ‘रिकवरी पीरियड’ कहलाता है। आसान प्रसव व डिलीवरी के बावजूद शरीर की मांसपेशियों में काफी खिंचाव आया है और उन्हें संभलने में थोड़ा वक्त लगेगा। हर नई माँ भी भावी माँ की तरह अपने-आप में अलग होती है। हर माँ की रिकवरी में अलग-अलग समय लगता है यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप कितना आराम कर रही हैं या आपको कितनी मदद मिल रही है।

आप निम्नलिखित लक्षण महसूस कर रही होंगीः

शारीरिक

  •   जोड़ों का दर्द
  •   छातियों व निप्पलों में तकलीफ
  •   वजन में धीरे-धीरे कमी
  •   चीरे वाली जगह पर दर्द घटेगा।
  •   थकान
  •   योनि से हल्का सफेद स्राव हो रहा होगा।
  •   हल्का, दर्द बेचैनी या टांके वाली जगह पर चुभन
  •   कब्ज व हीमरॉयड्स का आराम आएगा।
  •   सूजन में धीरे-धीरे कमी
  •   पेट की कमजोर मांसपेशियों व शिशु को गोद में आने की वजह से पीठ में दर्द
  •   बाजू व गले में दर्द

भावनात्मक लक्षण

  •   जिम्मेवारी का बढ़ता बोझ
  •   मूड में उतार-चढ़ाव
  •   सेक्स के प्रति उदासीनता

प्रसव के बाद की जांच

डॉक्टर प्रसव के 4 से 6 सप्ताह के बीच जांच के लिए बुला सकते हैं यदि सी-सैक्शन हुआ होगा तो तीन सप्ताह बाद चीरे की जांच के लिए बुला सकते हैं। इस जांच में वे अपनी शैली के हिसाब से जांच करेंगे। आप अपने प्रश्न लिखकर जाएँ व वहां से उनके उत्तर लिखकर लाएं।

वे निम्नलिखित की जांच कर सकते हैं‒

  •   आपकी छातियाँ
  •   योनि की जांच
  •   गर्भाशय का घटता आकार व स्थिति
  •   रक्तचाप
  •   वजन जो कि 17 से 20 पौंड घट सकता है।
  •   गर्भाशय मुख की जांच
  •   सी-सैक्शन के चीरे या एपीसियोटामी की जांच
  •   हीमेरॉयड्स, वैरीकोज़ वेन्स आदि

आपके प्रश्न व जिज्ञासाएँ

इस मुलाकात में आप डॉक्टर से परिवार नियोजन उपाय की जानकारी भी ले सकती हैं। अगर आप डायफ्रागम लगवाना चाहती हैं और गर्भाशय का मुख ठीक नहीं हुआ तो कुछ समय तक कंडोम इस्तेमाल करें। यदि आप चाहें तो बर्थ कंट्रोल के लिए कोई गोलियां भी लिखवा सकती हैं।

 

ये भी पढ़े-

ब्रेस्ट फीडिंग करा रही हैं, तो जरूर पढ़े ये गाइड

सिजेरियन डिलीवरी के बाद के पहले कुछ दिन

शिशु के साथ घर वापसी में हो सकती है घबराहट