Nutmeg
Nutmeg

Summary: जायफल के 8 जबरदस्त फायदे: चेहरे की चमक से लेकर डायबिटीज कंट्रोल तक करता है कमाल

किचन में मौजूद जायफल सिर्फ मसाला नहीं, बल्कि एक प्राकृतिक औषधि है जो सर्दी-जुकाम से लेकर नींद की कमी, पाचन और इम्युनिटी जैसी कई समस्याओं को दूर करता है। रोज़मर्रा की छोटी-छोटी परेशानियों में इसका उपयोग सेहत और सौंदर्य दोनों के लिए फायदेमंद है।

आजकल हम सभी छोटी छोटी बीमारियों के लिए परेशान होकर डॉक्टरों के चक्कर लगाने लगते हैं इसका मुख्य कारण यह है कि हमारे किचन में जो चीजें मौजूद हैं, उनके गुणों के बारे में हमें पता ही नहीं होता। किचन में उपलब्ध मसाले अनेक औषधीय गुणों के भंडार हैं। इन्हीं में से एक है जायफल। इसे हम मसाले के रूप में तो प्रयोग करते हैं, लेकिन इसके औषधीय गुणों के बारे में ज्यादा कुछ नहीं जानते।

प्रकृति के इस अनुपम उपहार जायफल का जरा सा उपयोग ना सिर्फ चेहरे के दाग धब्बों से मुक्ति दिलाकर हमारी त्वचा में निखार लाता है बल्कि हमें तरह-तरह की बीमारियों से भी दूर रखता है। सर्दियों के मौसम में तो इसका उपयोग बहुत लाभदायक है। वैसे तो जायफल के अनगिनत फायदे हैं, लेकिन आज हम आपको इसके 8 प्रमुख फायदों के बारे में बताते हैं।

सर्दी से बचाता है

सर्दी के मौसम में जुकाम, खांसी से बचाव के लिए यह एक रामबाण उपाय है। जायफल को थोड़ा सा खुरचिये, और चुटकी भर कतरन को मुंह में रखकर चूसते रहिये। एक या दो दिन के अंतराल पर पूरी सर्दियों के मौसम में ऐसा करते रहिये। यह शरीर को स्वाभाविक गर्मी प्रदान करेगा और इन बीमारियों से दूर रखेगा। बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए जायफल एक बेहतरीन उपाय है। इसे घिसकर उनकी छाती पर मालिश कर दें और फिर देखिये सर्दी उनके पास नहीं आएगी।

cough and cold
cough and cold

चेहरे के दाग धब्बे और झाइयां मिटाएं

चेहरे या फिर त्वचा पर पड़ी झाइयों को हटाने के लिए यह एक कारगर उपाय है। जायफल को पानी के साथ पत्थर पर घिसने के बाद इसका लेप बना लें और इस लेप का झाईयों की जगह पर इस्तेमाल करें, इससे झाईयों से निजात मिलेगी और आपकी त्वचा में निखार भी आएगा। जायफल पाउडर को शहद के साथ मिला कर पेस्‍ट बनाए और चेहरे पर लगाए तो चेहरा साफ हो जाता है। इससे मुंहासों के दाग भी साफ होते हैं। ये एक अच्छा फेसपैक है।

पाचन तंत्र को रखे ठीक

अपने रोज के खाने में जायफल को शामिल करेंगे तो पाचन आसान हो जाएगा। फाइबर से युक्त होने के कारण यह डाइजेशन में सुधार तो करता ही है साथ में पेट की दूसरी समस्याओं जैसे डायरिया, एसिडिटी, कब्ज़ आदि को भी ठीक करता है। बच्चों में अक्सर डाइजेशन से सम्बंधित समस्याएँ हो जाती हैं इनके लिए आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है उन्हें नियमित रूप से दूध में जायफल मिलाकर दें तो इससे सभी समस्याएं ख़त्म हो जाएंगी और उनकी भूख भी बढ़ेगी।

digestion
digestion

नींद ना आने की समस्या दूर

आजकल भागदौड़ और तनाव की वजह से अनिंद्रा एक आम समस्या है। अगर आपको भी इन्सोमनिया यानी रात को नींद न आने की समस्या है तो आपके लिए जायफल का सेवन काफी फायदेमंद हो सकता है। सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में चुटकी भर जायफल मिलाकर पीने से बेहतर नींद आती है। एंटी-डिप्रेसेंट के रूप में कर यह तनाव और डिप्रेशन को कम कर दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन को सुधारता है और एकाग्रता को बेहतर कर सकता है और इन्ही वजहों से यह बेहतर नींद लाने का भी काम करता है। डिप्रेशन को दूर करने के लिए भी यह रामबाण उपाय है।

इम्युनिटी बूस्टर

स्वस्थ रहने के लिए अच्छी इम्युनिटी बहुत जरूरी है। कई लोग मौसम में थोड़ा-सा बदलाव आते ही बीमार या सर्दी-जुकाम के शिकार हो जाते हैं, क्योंकि उनकी इम्युनिटी कमजोर होती है।पोटैशियम, कैल्‍शियम, आयरन और मैग्नीशियम जैसे कई मिनरल्स, विटामिन्स और फाइबर की उपस्थिति की वजह से जायफल हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है।

गठिया के लिए

महिलाओं में अक्सर उम्र बढ़ने के साथ हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। कई लोगों को गठिया की भी समस्या हो जाती है। गठिया होने पर दर्द के साथ सूजन रहना भी आम है। अगर जायफल का सेवन करें या उसका तेल लगाएं, तो जल्द ही गठिया के सूजन व दर्द से राहत मिल सकती है। जायफल में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो गठिया से राहत दिलाने में फायदेमंद साबित होते हैं। इसके तेल की मालिश से हाथ पैरों के दर्द में भी आराम मिलता है।

डायबिटीज में है फायदेमंद

डायबिटीज आज एक बेहद आम बीमारी बन गयी है। पहले यह सिर्फ बुढ़ापे की बीमारी मानी जाती थी, लेकिन अब यह लाइफस्टाइल डिजीज़ बन चुकी है और युवाओं और बच्चों को भी तेजी से अपनी चपेट में ले रही है। इस स्थिति में जरूरी है कि वक्त रहते इस पर नियंत्रण के उपाय अपनाएं। जायफल को ट्राइटेरपीन्स का समृद्ध स्रोत माना गया है। ट्राइटेरपीन्स में एंटी-डायबिटिक गुण मौजूद होते हैं और इसीलिए इसके सेवन से शुगर लेवल को नियंत्रित रखता है।

diabetes
diabetes

शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की वजह से कई समस्याएं शुरू होने लगती हैं। जिनमें हर वक्त थकान महसूस होना, हार्ट अटैक का खतरा, किडनी की समस्या, आंखों की रोशनी कम होना आदि समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। अगर जायफल का सेवन किया जाए तो इसमें मौजूद एथेनॉलिक एक्सट्रैक्ट हमारे शरीर के बेड कोलेस्ट्रॉल का स्तर घटाने में सहायक होता है और इससे जन्म लेने वाली बहुत सी बीमारियों से भी बचाता है।

कैसे करें इस्तेमाल

जायफल का इस्तेमाल कई तरह से कर सकते हैं। इसके बहुत छोटे-छोटे टुकड़े कर सीधे मुंह में रख सकते हैं।

गुड़ में मिलाकर छोटी छोटी गोली बनाकर भी खा सकते हैं इसे पानी में मिलकर भी पी सकते हैं। इसे घिसकर शहद में मिलाकर बच्चों को चटाएं। चेहरे पर लगाने के लिए भी शहद में मिलाकर इस्तेमाल करें।

दूध में जायफल पाउडर डालकर पीना बहुत लाभदायक है। बच्चों को सर्दियों में रात को सोने के पहले इस दूध को ज़रूर देना चाहिए।

इसका तेल भी मिलता है, उसकी मालिश भी बहुत लाभदायक है। सिर में दर्द होने पर जायफल को पानी में घिसकर माथे पर लगा सकते हैं।

देखा आपने, जायफल सिर्फ स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि हमें बेहतर स्वास्थ्य देने के लिए भी कितना जरूरी है। इसलिए बस अब आप अपने किचन में मौज़ूद इस औषधीय गुणों से भरपूर मसाले को हर दिन इस्तेमाल करिए और बीमारियों से खुद को रखिए दूर।

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...

Leave a comment