रात में खाना नहीं खाने के फायदे हैं या नुकसान? जानिए कैसे मैनेज करें अपनी डाइट: Skipping Dinner
Skipping Dinner

रात के खाने को लेकर जान लें ज़रूरी बातें

कई लोग हेल्थ को लेकर इतना ज्यादा सोचते हैं कि वो इसके लिए कुछ भी करने को तैयार हो जाते हैं। ठीक इसी तरह ज्यादातर लोग फिट रहने के लिए रात का खाना यानी डिनर मिस करते हैं।

Skipping Dinner: फिट रहने के लिए हम क्या कुछ नहीं करते हैं, कोई घंटों तक जिम में पसीना बहाता है तो कोई अपनी जीभ का स्वाद छोड़कर हेल्दी खाना चुनता है। कई लोग हेल्थ को लेकर इतना ज्यादा सोचते हैं कि वो इसके लिए कुछ भी करने को तैयार हो जाते हैं। ठीक इसी तरह ज्यादातर लोग फिट रहने के लिए रात का खाना यानी डिनर मिस करते हैं। इसे लेकर कई अलग-अलग तर्क हैं। ऐसे में सवाल ये है कि क्या वाकई में रात का खाना नहीं खाना चाहिए? आइए जानते हैं रात में डिनर नहीं करने के क्या फायदे और नुकसान हैं।

सही टाइमिंग जरूरी

Skipping Dinner
Plan Meal Timing

किसी भी चीज के लिए सही वक्त जरूरी होता है, फिर चाहे वो खाना हो या फिर सोना… डॉक्टरों का भी यही कहना है कि रात को खाना खाने का एक समय तय होना चाहिए, उसके बाद किसी भी तरह का खाना आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है और आपको फिट से फैट बना सकता है। ज्यादातर एक्सपर्ट्स का मानना है कि रात को 8 या फिर 9 बजे तक किसी भी हाल में डिनर कर लेना चाहिए, इसके बाद पेट भरकर भोजन करने से आपको कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं।

खाना पचने के लिए लगता है वक्त

डिनर वक्त से करने के पीछे सबसे बड़ी वजह है कि खाना पचने में एक वक्त लगता है, डॉक्टरों का कहना है कि खाना पचाने में शरीर को करीब 2 से 3 घंटे लगते हैं। इसीलिए अगर आप 11 बजे सो रहे हैं तो आपको किसी भी हाल में 8 बजे तक डिनर कर लेना चाहिए। ऐसा नहीं करने पर पेट की समस्याएं होती हैं और मेटाबॉलिज्म भी खराब होता है।

Digestion
Skipping Dinner-Digestion

रात में कम खाने की सलाह

आप रात में कोई भी फिजिकल एक्टिविटी नहीं करते हैं और आमतौर पर डिनर के बाद बिस्तर पर चले जाते हैं, ऐसे में एक्सपर्ट रात में कम खाने की सलाह देते हैं। रात में आधा पेट भोजन करने को कहा जाता है। इसके अलावा आप कमरे के अंदर ही डिनर करने के बाद कम से कम 100 कदम चल सकते हैं। सोने से पहले आधा कप दूध भी ले सकते हैं।

रात में खाना छोड़ना सही या गलत?

अब बात करते हैं उस थ्योरी की, जिसमें ये दावा किया जाता है कि मोटापा कम करने के लिए रात में बिल्कुल भी खाना नहीं चाहिए। इसके लिए डॉक्टर चेतावनी भी देते हैं, यानी सभी के लिए ये फॉर्मूला हिट साबित नहीं होता है। ये अलग-अलग बॉडी पर डिपेंड करता है, यानी किसी के लिए ये फायदेमंद है तो किसी को रात में डिनर मिस करना नुकसान दे सकता है। रात में खाना नहीं खाने से कई लोगों में पोषक तत्वों की कमी हो जाती है और कमजोरी होने लगती है। रात में भूख लगने से आपकी नींद पर भी असर पड़ सकता है।

Dinner Time
Skipping Dinner-dinner time

जो सेलिब्रिटी ऐसा कहते हैं, उनकी डाइट में काफी न्यूट्रिशिन होते हैं और वो अपने फिटनेस एक्सपर्ट की सलाह पर ऐसा करते हैं। यानी इसके लिए उनका पूरा डाइट प्लान तैयार होता है और पूरे दिन के पोषक तत्व वो ले चुके होते हैं। आम लोग इस तरह की डाइट नहीं ले पाते हैं, ऐसे में अगर वो रात को भूखे रहते हैं तो उनकी सेहत पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। भूखा रहने की बजाय आप हल्का खाना खा सकते हैं या फिर प्रोटीन डाइट ले सकते हैं।