लिवर को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए बदल दें ये आदतें
अपने लिवर का ध्यान रखना बेहद जरुरी होता है। मगर हमारी रोजाना की कुछ आदतें इसे प्रभावित करती हैं और शरीर कई बीमारियों का शिकार हो सकता है।
Liver Health Care: हम में से कई लोगों को ये पता नहीं होता है कि लिवर हमारे शरीर का कितना महत्वपूर्ण अंग है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए लिवर का स्वस्थ होना बेहद जरुरी होता है। लिवर मेटाबॉल्जिम, पाचन, शरीर से विषाक्त पदार्थ निकालने और पोषक तत्वों को जमा करके रखने में मदद करता है। कुल मिलाकर अगर कहा जाए कि आप लिवर के बिना जीवित नहीं रह सकते हैं तो ये गलत नहीं होगा। इसलिए अपने लिवर का ध्यान रखना बेहद जरुरी होता है। मगर हमारी रोजाना की कुछ आदतें इसे प्रभावित करती हैं और शरीर कई बीमारियों का शिकार हो सकता है। आज हम आपको रोजाना की उन आदतों के बारे में बताते हैं जिनका लिवर पर बुरा प्रभाव पड़ता है और ये उसे खराब कर सकती हैं।
जंक फूड का सेवन

फास्ट फूड्स में ट्रांस फैट होते हैं, जो आपके लिवर के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं। इससे ब्लड शुगर बढ़ सकती है और जब आपके लिवर के आस-पास फैट जमा होने लगता है तो उससे लिवर सेल्स खत्म होने लगते हैं।
ज्यादा मीठा खाना

मीठा लिवर के लिए एल्कोहल से कम खतरनाक नहीं होता है। ज्यादा मीठा खाने से लिवर की बीमारी हो सकती है। अगर आपको मीठा खाने का बहुत शौक है, तो इसे बीमारी से बचने के लिए आप शुगर के नेचुरल सोर्स जैसे फल और सब्जियों का सेवन कर सकते हैं।
तनाव लेना

तनाव से कॉर्टिसोल का लेवल बढ़ता है जो लिवर को बहुत नुकसान पहुंचाता है। इसके साथ ही इससे नॉन एल्कोहॉलिक फैटी लिवर डिसीज होती है। तनाव की वजह से व्यक्ति की डाइट खराब हो जाती है जिसकी वजह से लिवर का काम प्रभावित होता है। वह सही तरीके से काम नहीं कर पाता है।
पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीना

पानी हमारे शरीर से विषाक्त पदार्थ बाहर निकालता है। ये शरीर में विषाक्त पदार्थ जमा नहीं होने देता है जो लिवर को नुकसान पहुंचाते हैं। रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से खून पतला होता है जो लिवर के विषाक्त पदार्थ निकालने के काम को आसान बनाता है।
एक्सरसाइज नहीं करना

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए थोड़ा बहुत एक्सरसाइज करना बेहद जरुरी होता है। ये आपके शरीर को कई बीमारियों से बचाती हैं। जब आपका लाइफस्टाइल खराब हो जाता है और आप एक्सरसाइज नहीं करते हो तो इससे हैप्टिक फैटी इंफिलट्रेशन बढ़ जाती है और लिवर खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।
ज्यादा एल्कोहल का सेवन

जब आप रोजाना ज्यादा मात्रा में एल्कोहल का सेवन करते हैं तो ये आपके लिवर के लिए खतरनाक साबित होता है। जब आप ज्यादा मात्रा में एल्कोहल का सेवन करते हैं तो लिवर पर लगातार सूजन आने लगती है जो लिवर कैंसर, लिवर के फैल होने के खतरे को बढ़ा देती है।
नींद पूरी ना होना

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जिस तरह काम करने की जरुरत होती है ठीक उसी तरह नींद पूरी लेना भी जरुरी है। जब आपकी नींद पूरी नहीं होती है तो तनाव का प्रभाव बढ़ने लगता है जो लिवर पर ज्यादा प्रेशर बनाता है। जिसकी वजह से लिवर के आस-पास फैट बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है।
इस तरह आपकी रोजाना की कुछ आदतें आपके लिवर को नुकसान पहुंचाती हैं। शरीर के बाकी अंगों की तरह इसे भी स्वस्थ रखने के लिए आपको अपनी कुछ आदतों को बदल देना ही बेहतर है।