Benefits of Gond Katira: गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत के कई इलाकों में पारा अभी से 40 डिग्री के पार हो चुका है। ऐसे में शरीर को ठंडा रखने के लिए आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक की बजाय एक ऐसी अनोखी चीज का सेवन कर सकते हैं जो न केवल शरीर को अंदर तक तरोताजा रखेगा बल्कि पोषित भी करेगा। इनदिनों सोशल मीडिया पर भी इसकी काफी चर्चा की जा रही है। जी हां, यहां हम बात कर रहे हैं गोंद कतीरा की। ये एक नेचुरल इंग्रीडिएंट है जो शरीर के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है। गोंद कतीरा क्या है और उसका कैसे लाभ उठाया जा सकता है चलिए जानते हैं इसके बारे में।
क्या है गोंद कतीरा

ये एक क्रिस्टलीय जड़ी-बूटी है तो लोकोवीड के पौधे के रस से प्राप्त होती है। ये अपने प्राकृतिक शीतलन और स्वास्थ्य लाभकारी गुणों के लिए जानी जाती है। आयुर्वेदिक चिकित्सा में इसका उपयोग खांसी और दस्त को ठीक करने के लिए किया जाता है। ये हल्के पीले रंग का ठोस क्रिस्टल होता है जो फूलकर जेली जैसा हो जाता है।
गोंद कतीरा के फायदे
हीट स्ट्रोक से बचाए: गोंद कतीरा धूप से झुलसे शरीर को अंदर तक तरोताजा रखने में मदद कर सकता है। ये हीट स्ट्रोक से बचाता है साथ ही तनाव को भी कम करने में सहायक भूमिका निभाता है। इसके अलावा ये गर्मी के कारण नाक से खून बहने की समस्या हो भी नियंत्रित करता है।
डाइजेशन में सुधार: गोंद कतीरा डाइजेस्टिव फंक्शन को उत्तेजित कर आंत की समस्याओं का इलाज करती है। इसमें पाचन प्रक्रिया को सुचारू बनाने और कब्ज की समस्या को दूर करने वाले कई महत्वपूर्ण एंजाइम्स होते हैं।
वजन घटाने में मददगार: गोंद कतीरा वजन घटाने का काम भी बखूबी कर सकता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर होता है जो शरीर को ऊर्जा प्रदान कर मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है। इसके अलावा इसके नियमित सेवन से फैट बर्निंग प्रोसेस भी तेज हो जाती है। गोंद कतीरा भूख को भी नियंत्रित करता है।
त्वचा को बनाए चमकदार: गोंद कतीरा में मौजूद एंटी-एजिंग कंपाउंड त्वचा को चमकदार और दाग-धब्बों से मुक्त बनाने में मदद करता है। इसके इस्तेमाल से ब्लैकहेड्स और झुर्रियों की समस्या से निजात मिल सकती है।
गोंद कतीरा के नुकसान
– गोंद कतीरा में फाइबर अधिक होता है इसलिए इसे कई बार पचाने में कठिनाई महसूस हो सकती है।
– श्वांस संबंधित मरीजों को इसका कम मात्रा में सेवन करना चाहिए। इसके अधिक सेवन से सांस लेने में परेशानी आ सकती है।
– इसका अधिक सेवन करने से उल्टी की समस्या हो सकती है।
– कई लोगों को इसके सेवन से स्किन एलर्जी जैसे दाद, लाल चकत्ते और खुजली हो सकती है।
गोंद कतीरे का कैसे करें इस्तेमाल

– गोंद कतीरे से कई प्रकार के ड्रिंक्स और शेक तैयार किए जा सकते हैं। इसका उपयोग शिकंजी, मिल्क शेक, स्मूदी और जूस में किया जा सकता है।
– बेहतर नींद के लिए गोंद कतीरे को दूध के साथ भी लिया जा सकता है।
– यदि आप होममेड सॉस बना रहे हैं तो गोंद कतीरे का इस्तेमाल कर सॉस को गाढ़ा किया जा सकता है। ये प्रिजरवेटिव का काम भी कर सकता है।
– चोट लगने या जलने पर इसके जेल को घाव पर लगाने से आराम मिल सकता है। इससे त्वचा में हो रही जलन को कम करने में मदद मिलती है।
कितनी मात्रा में करें सेवन
वैसे तो गोंद कतीरा सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है लेकिन इसका इस्तेमाल सीमित मात्रा में ही किया जाना चाहिए। गर्भवती महिला को बिना चिकित्सक की सलाह के इसका उपयोग नहीं करना चाहिए। एक दिन में गोंद कतीरा का सेवन 1-2 टेबल स्पून से अधिक नहीं करना चाहिए। यदि कोई हेल्थ प्रॉब्लम है तो पहले चिकित्सक से सलाह लें फिर इसका सेवन करें।
