Peanut Benefits: घर-घर एवं दुकानों पर मिलने वाली मूंगफली एक आम मेवा है, पर यह जितनी आम है उतनी ही अपने गुणों के कारण खास है। सर्दियों में तो यह किसी औषधि से कम नहीं। यह मात्र ताकत ही नहीं देती बल्कि हमें सर्दी से भी बचाती है। आइए जानें मूंगफली के विभिन्न उपयोगों एवंï लाभों को।
हमारे देश में मूंगफली को लोग बड़ी चाव से खाते हैं फिर चाहे वह मीठे पकवान हो या फिर नमकीन क्योंकि मूंगफली सेहत का खजाना है। यह वनस्पतिक प्रोटीन का एक सस्ता स्रोत भी है। मूंगफली आयरन, नियासिन, कैल्शियम और जिंक का अच्छा स्रोत है। थोड़े से मूंगफली के दानों में 426 कैलोरीज, 5 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 17 ग्राम प्रोटीन और 35 ग्राम वसा होती है। इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन ई, के और बी 6 भी पाए जाते हैं। लेकिन कुछ लोगों को ही पता होगा कि ये स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद हैं। अधिकांश लोग तो इसे स्वाद के लिए ही खाते हैं पर यकीन मानिए इससे होने वाले फायदे जानकर आप भी चौंक जाएंगे।
मूंगफली के लाभ
● मूंगफली में मौजूद तत्त्व पेट से जुड़ी कई समस्याओं में राहत प्रदान करते हैं। इसके नियमित सेवन से कब्ज की समस्या नहीं होती है। साथ ही गैस व एसिडिटी की समस्या से भी राहत मिलती है।
● मूंगफली गीली खांसी में भी उपयोगी है। इसके नियमित सेवन से आमाशय और फेफड़ों को मजबूती मिलती है। यह पाचन शक्ति को बढ़ाती है और भूख न लगने की समस्या भी दूर होती है।
● गर्भवती स्त्री के लिए भी मूंगफली का नियमित सेवन बहुत फायदेमंद होता है। यह गर्भावस्था में शिशु के विकास में मदद करती है।
● मूंगफली में ओमेगा 6 की मात्रा भरपूर होती है। जो त्वचा को कोमल और नम बनाए रखता है और कई लोग मूंगफली के पेस्ट का इस्तेमाल फेसपैक के तौर पर भी करते हैं।
● मूंगफली कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाती है। एक शोध से यह भी पता चला है कि सप्ताह में पांच दिन मूंगफली के कुछ दाने खाने से दिल की बिमारियां होने का खतरा कम रहता है।
● खाने के बाद यदि 50 या 100 ग्राम मूंगफली रोजाना खाई जाए तो सेहत बनती है, भोजन पचता है, शरीर में खून की कमी नहीं होती है।
● मूंगफली के दानों में प्रोटीन, लाभदायक वसा, फाइबर, खनिज, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके सेवन से स्किन उम्र भर जवां दिखाई देती है।
● मूंगफली में कैल्शियम और विटामिन डी भरपूर मात्रा में पाया जाता है, इसे खाने से हड्डियां मजबूत होती हैं।
सेहत से भरपूर मूंगफली का तेल
जिस प्रकार मूंगफली के दाने आपके स्वास्थ्य के लिए बहुत उपयोगी, फायदेमंद हैं उसी प्रकार मूंगफली के तेल का इस्तेमाल भी हमें कई रोगों की समस्याओं से छुटकारा दिलाने में सहायक है। मूंगफली का तेल अन्य तेलों की अपेक्षा बहुत ही लाभकारी होता है। इसमें भरपूर मात्रा में पोषक तत्त्व होते हैं जो स्वास्थ्य की दृष्टिï से काफी फायदेमंद होते हैं। मूंगफली के तेल में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को घटाने, दिल को स्वस्थ रखने तथा पाचन क्रिया को दुरुस्त बनाये रखने के गुण होते हैं मूंगफली के तेल से होने वाले लाभ इस प्रकार हैं।
पेट की समस्या से निजात
मूंगफली के तेल का उपयोग कर आप पेट संबंधी समस्याओं से छुटकारा पा सकते हैं। जैसे- कब्ज, पाचन क्रिया, डायरिया आदि रोगों से निजात मिल जाती है। इसलिए अगर आप पेट की समस्या से परेशान हैं तो अपने आहार में मूंगफली के तेल को शमिल करें।
बालों के लिए फायदेमंद

मूंगफली का तेल बालों के लिए भी काफी फायदेमंद है यह बालों को प्रर्याप्त पोषण प्रदान करता है। इसके इस्तेमाल से दो-मुंहे बालों की समस्या भी खत्म हो जाती है। इसके साथ-साथ यह रूसी हटाने के लिए भी कारगर है। अगर आपके बालों में रूसी है तो मूंगफली का तेल लगायें, दो से तीन घंटे तक वॉश न करें।
दाने का उपचार
त्वचा की समस्याओं को भी यह तेल ठीक करने में सहायक है। मूंगफली के तेल में 2-3 बूंद नींबू का रस मिलाकर लगाने से शरीर पर निकले दानों का उपचार हो जाता है।
एरोमाथेरेपी

मूंगफली का तेल, एरोमाथेरेपी में भी इस्तेमाल किया जाता है। मूंगफली के तेल के इस्तेमाल से मसाज और वॉर्म बाथ करने से त्वचा में निखार और दमक आ जाती है।
रूखी त्वचा और झुर्रियों से छुटकारा

मूंगफली के तेल को रूखी त्वचा के उपचार के लिये भी उपयोग किया जा सकता है। यह त्वचा को नमी प्रदान कर झुर्रियों को कम करने में सहायता प्रदान करता है। यह एक प्रकार का नेचुरल स्कीन केयर होता है, ड्राई स्कीन पर इस पेस्ट को लगाने से भी काफी आराम मिलता है।
डायबिटीज में सहायक
जिन भी लोगों को डायबिटीज की शिकायत है उन्हें मूंगफली के तेल का उपयोग करना चाहिए। इस तेल का सेवन करने से शरीर में इंसुलिन की पर्याप्त मात्रा बनी रहती है। इसी के साथ खून में ग्लूकोज का स्तर नियंत्रित रहता है।
दिल को रखे दुरुस्त

मूंगफली का तेल हृदय से जुड़ी कई बिमारियों से आपको दूर रखता है। दरअसल ये धमनियों में खून का प्रवाह सुचारु रूप से करता है। इसी के साथ ये हाई ब्लड प्रेशर की समस्या में भी मददगार साबित हुआ है।
दर्द से राहत
मूंगफली के तेल को जोड़ों के दर्द होने पर मसाज करने से काफी आराम मिलता है। इसे हल्का-सा गुनगुना कर मालिश करने से भी लाभ होता है। आप चाहें तो इसमें लहसुन व मेथीदाना डालकर भी प्रयोग कर सकते हैं।
मोटापे से निजात
मोटापे की समस्या को दूर करने में मूंगफली का तेल लाभदायक है। आपको बता दें कि मूंगफली का तेल शरीर में वसा को नियंत्रित रखने में सहायता करता है। ये ऐसा तेल है जो वजन को बढ़ाता नहीं बल्कि कम करता है। इसके अलावा इसमें फैटी एसिड संतुलित मात्रा में होता है जिससे फैट ज्यादा नहीं बढ़ता है।
दिल को बनाएं स्वस्थ
मूंगफली के तेल के सेवन से कोरोनरी ऑर्टरी डिजीज नहीं होती है और नर्वस में ब्लड का फ्लो अच्छे से होता है। मूंगफली के तेल में मोनोअनसेचुरेटेड फैटी एसिड (एमयूएफए) भरपूर मात्रा में होता है जिसके कारण शरीर में फैट की मात्रा बहुत ज्यादा नहीं पहुंच पाती और बैड कोलेस्ट्रॉल भी शरीर में नहीं पहुंचता है।
रक्तचाप
उच्च रक्तचाप की समस्या के लिए भी मूंगफली का तेल काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें असंतृप्त वसा होता है जो उच्च रक्तचाप से बचने में हमारी मदद करता है साथ ही दिल की रक्षा
करता है।