Overview:
मानसून के दौरान गंदे पानी से होने वाली बीमारियां और गैस्ट्रिक विकार होने की आशंका बढ़ जाती है। क्योंकि मानसून में कई तरह के बैक्टीरिया खाने के साथ शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। यही कारण है कि इस दौरान बीमारियां फैलने लगती हैं।
Food to Eat during Monsoon: बारिश का मौसम अपने आप में अनोखा है। एक तरफ मिट्टी की खुशबू, चारों ओर फैली हरियाली, बारिश की बूंदें, अलग ही एहसास दिलाते हैं। लेकिन यह भी कड़वी सच्चाई है कि यह मौसम अपने साथ सेहत से जुड़ी कई परेशानियां भी लाता है। ऐसे में खानपान का ध्यान रखना जरूरी है।
इसलिए पनपते हैं रोग
मानसून के दौरान गंदे पानी से होने वाली बीमारियां और गैस्ट्रिक विकार होने की आशंका बढ़ जाती है। क्योंकि मानसून में कई तरह के बैक्टीरिया खाने के साथ शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। यही कारण है कि इस दौरान हैजा, डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड, चिकनगुनिया, वायरल फीवर जैसी बीमारियां फैलने लगती हैं। सही खानपान से आप इन खतरों से बच सकते हैं।
मानसून में जरूर खाएं ये चीजें
मानसून के दौरान कुछ जड़ी-बूटियों का सेवन करके आप रोगों से दूर रह सकते हैं। ये बहुत ही आसानी से आपकी रसोई में ही मिल जाएंगी।
1. हल्दी
बारिश के दिनों में हल्दी का सेवन ज्यादा करना चाहिए। हल्दी में मौजूद करक्यूमिन में एंटी इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटीवायरल और एंटीफंगल गुण होते हैं। ये सभी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। ऐसे में आप कई संक्रमणों से दूर रहते हैं। हल्दी में एंटीबायोफिल्म गुण होते हैं। ये बैक्टीरिया के विकास को रोकता है। साथ ही बैक्टीरिया का खातमा भी करता है।
2. काली मिर्च
काली मिर्च आयुर्वेदिक औषधि हैं। इसमें पिपेरिन नामक तत्व होता है, जिसमें एंटी बैक्टीरियल, एंटी माइक्रोबियल, एंटीऑक्सीडेंट, एंटी इंफ्लेमेटरी, एंटी फंगल, दस्तरोधी, ऐंठन रोधी गुण होते हैं। ये सभी आंतों की सुरक्षा करते हैं। इतना ही नहीं पिपेरिन कंपाउंड डेंगू, वायरल जैसे खतरनाक वायरस के एंजाइमों को भी रोकता है। काली मिर्च पाचक एंजाइमों को उत्तेजित करती है। जिससे पाचन ठीक होता है और गैस, दस्त जैसी परेशानियां दूर होती हैं।
3. तुलसी
तुलसी एक गुणकारी जड़ी-बूटी है, इसमें ढेर सारे रोगाणुरोधी गुण होते हैं। यह कई रोगाणुओं से आपकी रक्षा करती है। आप नियमित रूप से अपने भोजन, पानी या चाय में तुलसी का सेवन कर सकते हैं।
4. खट्टे फल
बारिश के मौसम में खट्टे फल जरूर खाएं। अंगूर, संतरा, नींबू, आंवला, स्ट्रॉबेरी जैसे विटामिन सी से भरपूर फल आपकी इम्यूनिटी बढ़ाते हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं जो बैक्टीरिया से लड़ते हैं और आप वायरल संक्रमण से सुरक्षित रहते हैं। शरीर मुक्त कणों से लड़ता है और विषाक्त पदार्थ आसानी से शरीर से बाहर निकल पाते हैं।
5. फोर्टिफाइड डेयरी प्रोडक्ट
मानसून सीजन में धूप कम निकलती है, इसलिए विटामिन डी का लेवल कम हो सकता है। और इम्यूनिटी पर असर पड़ता है। ऐसे में फोर्टिफाइड डेयरी उत्पादों और आटे का सेवन करें। इनमें विटामिन डी जैसे पोषक तत्व होते हैं। मानसून के दौरान विटामिन बी12 का सेवन आपके पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद होता है। इससे आंतों से संबंधित रोगों का खतरा कम होता है। इसलिए फोर्टिफाइड डेयरी प्रोडक्ट और अनाजों का सेवन करें।
इन चीजों से खुद को रखें दूर

1. तले हुए स्नैक्स
बारिश के मौसम में लोग चाय-कॉफी के साथ पकौड़ी-कचोरी-समोसे खाना पसंद करते हैं। लेकिन यह खतरनाक हो सकता है। तले हुए स्नैक्स पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचाते हैं। इस हैवी खाने से ब्लोटिंग, कब्ज, एसिडिटी, दस्त जैसी कई समस्याओं से दूर रह सकते हैं। वहीं स्ट्रीट फूड से भी दूरी बनाएं। क्योंकि इससे पानी से होने वाली बीमारियां जैसे टाइफाइड, हैजा, फूड पॉइजनिंग जैसे रोग हो सकते हैं।
2. सी-फूड
मानसून के दौरान सी फूड से दूर रहना चाहिए। क्योंकि इस दौरान इसके दूषित होने की आशंका काफी हद तक बढ़ जाती है।
3. पत्तेदार सब्जियां
मानसून के दौरान आपको पत्तेदार सब्जियां, जैसे पालक, धनिया, मेथी, पुदीना आदि से दूर रहना चाहिए। क्योंकि मानसून के कारण जमी हुई गंदगी, धूल और वातावरण की नमी के कारण इनमें बैक्टीरिया और फंगस पनपने लगते हैं।
