Summary: वज़न कम नहीं हो रहा? पहले किचन की ये गलतियाँ सुधारें
अक्सर डाइट टूटने की वजह कमज़ोर इरादे नहीं, बल्कि किचन में की जाने वाली रोज़मर्रा की छोटी गलतियाँ होती हैं। तेल, मात्रा, प्लानिंग और परफेक्शन का दबाव—इन पर ध्यान देकर डाइट को आसान और टिकाऊ बनाया जा सकता है।
Kitchen Mistakes ruining Diet: हर बार डाइट शुरू करते समय इरादे मज़बूत होते हैं कम खाना, हेल्दी खाना और फिट रहना। लेकिन कुछ ही हफ्तों में डाइट टूट जाती है और हम खुद को दोष देने लगते हैं। जबकि सच्चाई यह है कि ज़्यादातर डाइट हमारी इच्छाशक्ति से नहीं, बल्कि किचन की छोटी-छोटी गलतियों की वजह से फेल होती है। अगर इन गलतियों को समय रहते समझ लिया जाए, तो डाइट निभाना कहीं आसान हो सकता है।
‘थोड़ा-सा’ तेल असल में बहुत ज़्यादा होता है
डाइट पर रहते हुए हम सोचते हैं कि बस थोड़ा-सा तेल डाल रहे हैं। लेकिन बिना नापे डाला गया तेल कैलोरी को चुपचाप बढ़ा देता है। कढ़ाही में घूमता एक अतिरिक्त चम्मच तेल पूरी डिश की हेल्दी इमेज बिगाड़ देता है।
हेल्दी खाना, लेकिन गलत तरीका

उबली सब्ज़ी, दाल या सलाद सब कुछ हेल्दी लगता है, लेकिन अगर उसे ज़्यादा देर तक पकाया जाए या बार-बार गरम किया जाए, तो पोषण कम हो जाता है। डाइट फेल होने की एक वजह यह भी है कि हम सही चीज़ को गलत तरीके से पकाते हैं।
फ्रिज में भरा रहता है ‘डाइट का दुश्मन’
डाइट पर रहते हुए भी अगर फ्रिज़ में मिठाई, कोल्ड ड्रिंक या तली चीज़ें रखी हों, तो मन डगमगाता ही है। देर रात या तनाव में सबसे पहले वही चीज़ें बाहर निकलती हैं और डाइट वहीं टूट जाती है।
भूखे रहना सबसे बड़ी गलती
कई लोग सोचते हैं कि डाइट मतलब कम खाना या खाना छोड़ देना। लेकिन ज़्यादा देर भूखे रहने से मेटाबॉलिज़्म धीमा होता है और अगली बार ज़्यादा खाने की इच्छा होती है। किचन में समय पर हेल्दी स्नैक्स न रखना भी डाइट फेल होने की वजह बनता है।
‘घर का खाना है’ सोचकर ज़्यादा खा लेना
घर का खाना हेल्दी होता है, लेकिन मात्रा का ध्यान न रखा जाए तो वही खाना वज़न बढ़ा सकता है। बड़ी प्लेट में खाना परोसना और बार-बार सर्व करना डाइट की सबसे आम किचन गलतियों में से एक है।
शुगर और नमक का छुपा खेल
हम अक्सर चीनी सिर्फ़ मिठाई में गिनते हैं, लेकिन चाय, सॉस, रेडी मसाले हर जगह शुगर छुपी होती है। यही हाल नमक का भी है। ज़्यादा नमक पानी रोकता है और वजन कम होने की रफ्तार धीमी कर देता है।
कुकिंग प्लान न होना
डाइट फेल होने की बड़ी वजह यह भी है कि किचन में कोई प्लान नहीं होता। क्या बनाना है, कब खाना है ये तय न हो तो आख़िरी समय में गलत विकल्प चुन लिए जाते हैं।
बच्चों और परिवार का खाना, खुद का अलग
अक्सर महिलाएँ परिवार के लिए तला-भुना और खुद के लिए उबला खाना बनाती हैं। यही फर्क मन में असंतोष पैदा करता है और धीरे-धीरे डाइट छोड़ने का मन बन जाता है।

पानी को हल्के में लेना
डाइट के दौरान पानी कम पीना बहुत आम गलती है। किचन में पानी की बोतल न दिखना, या बार-बार भरकर न रखना छोटी बात लगती है, लेकिन इसका असर सीधे डाइट पर पड़ता है।
परफेक्ट बनने की कोशिश
हर दिन परफेक्ट डाइट फॉलो करने का दबाव भी डाइट फेल करता है। एक दिन कुछ अलग खा लिया तो खुद को दोष देना और सब छोड़ देना यही सबसे बड़ी मानसिक किचन गलती है।
