Overview: भारी बारिश के बीच दिल्ली में डेंगू के साथ फैल रही हैं ये बीमारियां, रहें सावधान
दिल्ली में डेंगू के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक हैं। इसके अलावा मलेरिया और चिकनगुनिया के मामले भी बढ़ रहे हैं।
Dengue Surge In Delhi: मानसून में होने वाली बारिश ने जहां एक और ठंडक और हरियाली से सबको राहत दी है, वहीं दूसरी ओर कई बीमारियां फैलाकर लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। इस मौसम में डेंगू और मलेरिया का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। खासकर दिल्ली-एनसीआर में डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के हालिया आंकड़ों के अनुसार, 2025 में अब तक मलेरिया के 412 मामले दर्ज किए गए हैं, जो पिछले कुछ वर्षों की तुलना में चिंताजनक रूप से अधिक हैं। 2024 में इस अवधि में 51, 2022 में 25 और 2021 में केवल 16 मामले सामने आए थे। डेंगू के साथ कई अन्य मौसमी बीमारियां भी अपने पैर पसार रही हैं। यह स्थिति दिल्ली और इसके आसपास रहने वालों के लिए एक गंभीर चेतावनी है। तो चलिए जानते हैं कि इन बीमारियों से कैसे बचा जा सकता है और इनके लक्षण क्या हैं।
डेंगू के बढ़ते मामलों की वजह

डेंगू के मामलों में वृद्धि का मुख्य कारण मानसून के दौरान अनुकूल परिस्थितियां हैं। बारिश के बाद जमा पानी, खराब जल निकासी और नमी मच्छरों के प्रजनन के लिए आदर्श वातावरण बनाते हैं। मलेरिया और डेंगू फैलाने वाला एनोफिलीज मच्छर ऐसे स्थानों पर तेजी से पनपता है। यह मच्छरों के प्रजनन के लिए बहुत अनुकूल समय है। लोग अपने आसपास के क्षेत्र को सूखा और साफ रखें। इसके अलावा, अपर्याप्त स्वच्छता और जागरूकता की कमी भी इन बीमारियों के प्रसार को बढ़ावा देती है।
टाइफाइड और चिकनगुनिया का भी खतरा
डेंगू के साथ-साथ दिल्ली में टाइफाइड और चिकनगुनिया के मामले भी बढ़ रहे हैं। 2024 में डेंगू के 6,391 मामले और 11 मौतें दर्ज की गई थीं, जबकि मलेरिया के 792 और चिकनगुनिया के 267 मामले सामने आए थे। इस साल मेलेरिया के मामले भले ही कम हों, लेकिन डेंगू और चिकनगुनिया में 99% की वृद्धि चिंता का विषय है। विशेषज्ञों का कहना है कि देर से आई बारिश और जलभराव ने मच्छरों के प्रजनन को बढ़ावा दिया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
डॉक्टर और स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि अपने आसपास पानी को न जमनें दें, हाइड्रेटेड रहें और बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें। एमसीडी ने मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए 2.67 करोड़ घरों का निरीक्षण किया और 1.37 लाख घरों में प्रजनन स्थल पाए गए। इसके लिए 98,976 कानूनी नोटिस जारी किए गए और 18,795 लोगों पर कार्रवाई भी की गई।
डेंगू के लक्षण

डेंगू एक गंभीर बीमारी है, जिसके लक्षणों को समय पर पहचानना जरूरी है। यदि आपको निम्नलिखित लक्षण दिखें, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें:
– तेज बुखार और ठंड लगना
– सामान्य अस्वस्थता का अनुभव
– सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द
– मतली और उल्टी
– दस्त और पेट दर्द
– थकान और तेज सांस लेना
– तेज हृदय गति और खांसी
डेंगू से बचाव के उपाय
डेंगू से बचने के लिए कुछ साधारण लेकिन प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं:
मच्छर भगाने वाली क्रीम: DEET युक्त मच्छर निरोधक क्रीम त्वचा पर लगाएं।
मच्छरदानी का उपयोग: रात में सोते समय बिस्तर पर मच्छरदानी लगाएं।
खिड़कियों और दरवाजों पर जाली: घर में मच्छरों के प्रवेश को रोकने के लिए स्क्रीन लगाएं।
परमेथ्रिन का उपयोग: कपड़ों, मच्छरदानी और स्लीपिंग बैग पर परमेथ्रिन युक्त कीटनाशक का छिड़काव करें।
लंबे कपड़े पहनें: त्वचा को ढकने वाले लंबे आस्तीन के कपड़े और पैंट पहनें।
