आजकल के बच्चों को तो जंकफूड के अलावा कुछ भी नहीं भाता है। वे चाहते हैं कि उनके लंचबॉक्स में भी जंकफूड ही रखा जाए जो उनके स्वास्थ्य के लिेए ठीक नहीं होता। ऐसी ही एक मां की समस्या है कि उनकी 12 वर्षीय बेटी स्कूल जाते वक्त कुछ नहीं खाती और न ही दूध पीती है।वे उसके लंचबॉक्स में जो भी रखती हैं, अक्सर वह भी वापस आ जाता है। वे बेहद चिंतित हैं कि वे ऐसा क्या करें कि उनकी बेटी स्वस्थ भोजन करने लगे। यह एक नहीं बल्कि अनेक माओं की चिंता है।

नई दिल्ली के आइयेएससीआई इंटरनेशनल हॉस्पिटल की न्यूट्रीशनिस्ट पारुल खुराना बताती हैं कि बच्चों को कैसे ऐसा भोजन कराया जाए जिससे वे खुश भो हों और स्वस्थ भी बनें।

बच्चों की परवरिश में सूझ-बूझ की आवश्कता होती है। यहां पेश हैं ऐसी 4 बातें जिनका ध्यान रखकर आप करवा सकते हैं अपने बच्चे को स्वस्थ भोजन-

1. स्वस्थ भोज्य विकल्प उपलब्ध कराएं-

बच्चों को घर में जो कुछ मिले, वे उन्हें खाने की कोशिश करते हैं, इसलिए जरूरी है कि आपकी अलमारी में स्वादिष्ट और स्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध हों।

2. सुबह के नाश्ते को प्राथमिकता दें-

जल्दी से तैयार होने वाले दलिया जैसे भोजन से दिन की शुरुआत करें और उन्हें बताएं कि स्वस्थ रहने के लिए सुबह का नाश्ता अहम है।

3. स्वास्थ्यकर भोजन की परंपरा कायम करें-

सुखद व स्वास्थ्यकर भोजन की योजना बनाएं तथा बच्चों के साथ खाना पकाने की कोशिश करें।

4. आदर्श स्थापित करें- 

आप स्वयं भी स्वस्थ भोजन लेना तय करें  तथा ठीक वैसा ही व्यवहार करें, जैसा आप अपने बच्चों से उम्मीद रखते हैं।