Hey Santa
Hey Santa

Summary: मस्ती और सीख का कॉम्बो! Hey Santa रोबोट बच्चों का नया बेस्ट फ्रेंड बना

हांगकांग की कंपनी MangDang Technology ने लॉन्च किया है दुनिया का पहला AI Santa Robot – “Hey Santa”, जो बच्चों से बातें करता है, कहानियाँ सुनाता है और उन्हें सीखने का नया मज़ेदार तरीका सिखाता है।

AI Santa Claus: हर किसी के बचपन में क्रिसमस की एक मीठी याद जुड़ी होती है जब बच्चे बेसब्री से सांता क्लॉज़ का इंतज़ार करते हैं, जो उपहार लेकर आता है। लेकिन, ज़रा कल्पना कीजिए कि सांता क्लॉज़ सच में आपके घर आएं और बच्चों से बातें करने लगें तो कैसा होगा? जी हाँ, अब यह कल्पना हक़ीक़त में बदल गई है। हांगकांग की रोबोटिक्स कंपनी मांगडांग टेक्नोलॉजी ने दुनिया का पहला AI सांता क्लॉज़ रोबोट लॉन्च किया है, जिसका नाम है Hey Santa। यह कोई साधारण खिलौना नहीं, बल्कि एक स्मार्ट रोबोट है जो बच्चों के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह डिवाइस न केवल उनसे बात करता है, बल्कि कहानियां सुनाता है, गीत गाता है, और सीखने के मजेदार अनुभव भी देता है।

बच्चों का नया AI साथी

मांगडांग टेक्नोलॉजी का यह AI रोबोट 7 अक्टूबर 2025 को Kickstarter प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया गया है, और कंपनी नवंबर 2025 से इसकी शिपिंग शुरू करने की योजना बना रही है। कंपनी का कहना है कि “Hey Santa” को बच्चों के लिए इस तरह बनाया गया है कि वे त्योहारों की खुशियां मनाने के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान भी प्राप्त करें।

इसे खासतौर पर इंटरएक्टिव लर्निंग टूल के रूप में विकसित किया गया है, जो बच्चों के साथ बातचीत करके उनकी सोच और समझ को बेहतर बनाता है।

आंखें हैं ख़ास पहचान

‘Hey Santa’ की सबसे दिलचस्प बात है इसकी भावनात्मक आंखें। यह आंखें इमोजी और एक्सप्रेशंस दिखाती हैं, जैसे खुश होना, सोना, या अलार्म मोड में घंटी का निशान दिखाना।
अगर यह अलार्म की तरह सेट किया गया हो, तो इसकी आंखों में घंटियां चमकने लगती हैं  जिससे बच्चे समय पर उठें।

इसकी आंखें केवल भाव नहीं दिखातीं, बल्कि यह बच्चों की गतिविधियों के अनुसार रिएक्ट भी करती हैं। उदाहरण के लिए, जब कोई बच्चा इसे “गुड मॉर्निंग” कहता है, तो यह मुस्कुराते हुए जवाब देता है और खुशी से झूमने लगता है।

हल्का, सुरक्षित और स्मार्ट डिज़ाइन

यह सिर्फ 0.5 किलो वज़न का है और 12.8 इंच लंबा है, जिससे इसे बच्चे आसानी से संभाल सकते हैं। यह USB Type-C केबल या AA बैटरियों से चलता है, इसलिए इसे कहीं भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

कंपनी ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें कैमरा नहीं लगाया है, ताकि बच्चों की निजता पूरी तरह सुरक्षित रहे। फिर भी, यह AI सिस्टम की मदद से बच्चों की आवाज़ और हावभाव को समझ सकता है और उनके अनुसार प्रतिक्रिया देता है।

ब्लॉक प्रोग्रामिंग फीचर

‘Hey Santa’ सिर्फ एक टॉय नहीं है, बल्कि यह बच्चों को प्रोग्रामिंग की शुरुआती समझ भी देता है। इसमें मौजूद ब्लॉक प्रोग्रामिंग फीचर से बच्चे खुद इसे प्रोग्राम कर सकते हैं। वे तय कर सकते हैं कि रोबोट कौन-सी कहानी सुनाएगा, कौन-सा गाना गाएगा या क्या एक्टिविटी करेगा। इस फीचर से बच्चों को कोडिंग, लॉजिक और प्रॉब्लम सॉल्विंग जैसी स्किल्स सीखने का मौका मिलता है।

कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस बच्चों के लिए एक डिजिटल सांता की तरह होगा जो हर दिन कुछ नया सिखाएगा और मुस्कान बांटेगा।

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...