Nitin Desai Suicide News: बॉलीवुड के मशहूर आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने मंगलवार देर रात अपने एनडी स्टूडियो में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। देसाई के मैनेजर ने बताया कि मुंबई के पास कर्जत में अपने स्टूडियो में नितिन ने खुदकुशी कर ली है। बताया जा रहा है कि 58 वर्षीय देसाई ने रात करीब 3.30 बजे फांसी लगाई है। अपने काम को लेकर नितिन इतने जुनूनी थे कि वे अक्सर अपना ज्यादातर समय अपने ड्रीम स्टूडियो में ही बिताते थे। अपने आखिरी समय में उन्होंने यहीं अंतिम सांस ली।
इन मशहूर फिल्मों का रहे हिस्सा
बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों के सेट डिजाइन करने वाले नितिन देसाई कई हिट फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने मशहूर डायरेक्टर संजय लीला भंसाली के साथ काफी काम किया। फिल्म हम दिल दे चुके सनम, देवसान जैसी फिल्मों के भव्य सेट्स नितिन देसाई की ही सोच का परिणाम थे। इसी के साथ उन्होंने लगान, जोधा अकबर, मिशन कश्मीर, खाकी, स्वदेश और प्रेम रतन धन पायो जैसी बड़ी फिल्मों में भी आर्ट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था।
इस कारण से किया सुसाइड
देसाई के सुसाइड की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। हालांकि महाराष्ट्र के विधायक महेश बाल्दी का दावा है कि नितिन देसाई लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। ऐसे में यही उनकी आत्महत्या करने का कारण हो सकता है। एक इंटरव्यू में देसाई ने यह बात स्वीकारी थी कि कोविड के कारण उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा। इसी के साथ वे कई हेल्थ प्रॉब्लम्स से भी जूझ रहे थे।
सफल करियर, ढेरों अवॉर्ड
नितिन देसाई ने अपने करियर की शुरुआत साल 1987 में धारावाहिक ‘तमस’ से की थी। वे अपने काम को लेकर इतने जुनूनी थे कि वे 13 दिनों तक तमस के सेट पर ही रहे। यहीं से उन्हें पहचान मिली। साल 1999 में आई फिल्म ‘डॉ बाबासाहेब अंबेडकर’ के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। साल 2000 में उन्हें फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ के लिए सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। उन्हें फिल्म लगान के लिए भी नेशनल अवार्ड मिला। साल 2003 में उन्हें फिल्म ‘देवदास’ के लिए सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशक के राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया। बॉलीवुड फिल्मों के साथ ही नितिन मराठी फिल्म इंडस्ट्री में भी काफी सक्रिय थे। उन्होंने कई मराठी फिल्मों में अभिनय भी किया। फिल्म ‘हरिश्चंद्र फैक्ट्री’ के लिए उन्हें ‘महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार’ से भी नवाजा गया।
ऐसे हुई एनडी स्टूडियो की शुरुआत
नितिन को अपने स्टूडियो से बेहद लगाव था। उन्होंने इसका नाम रखा था एनडी स्टूडियो। वह अपना ज्यादातर समय यहीं बिताते थे। इस स्टूडियो के निर्माण की कहानी काफी अलग है। दरअसल, अमेरिकन फिल्म डायरेक्टर ओलिवर स्टोन ने फिल्म ‘एलेक्जेंडर-द ग्रेट’ के लिए नितिन से संपर्क किया। फिल्म के लीड रोल में ब्रैड पिट थे। इसके लिए नितिन ने कई लोकेशन्स भी देखीं। लेकिन भारत में इस फिल्म के लिए वैसा इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं मिल पाया और यह योजना अधूरी ही रह गई। इसके बाद नितिन ने इंटरनेशनल स्टेंडर्ड के अनुसार एनडी स्टूडियो का निर्माण किया। आमिर खान की फिल्म ‘मंगल पांडे-द राइजिंग’, मधुर भंडारकर की ‘ट्रैफिक सिग्नल’, आशुतोष गोवारिकर की ‘जोधा अकबर’, सलमान खान की फिल्म वांटेड, प्रेम रतन धन पायो, किक जैसी बिग बजट फिल्मों की शूटिंग इसी स्टूडियो में की गई।
