Kajol Social Media Break: बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस काजोल ने शुक्रवार को एक पोस्ट लिखकर सभी को चौका दिया। एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए घोषणा की कि वे सोशल मीडिया से ब्रेक ले रही हैं। इतना ही नहीं काजोल ने इसी के साथ अपने सभी मौजूदा पोस्ट इंस्टाग्राम से हटा दिए हैं। हालांकि उनके ट्विटर प्रोफाइल में अभी भी पिछले पोस्ट नजर आ रहे हैं। इस दौरान काजोल ने सोशल मीडिया से ब्रेक लेने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है।
अपनी पोस्ट में काजोल ने ये लिखा
अपने इंस्टाग्राम और ट्विटर हैंडल पर काजोल ने लिखा,’जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर का सामना कर रही हूं’। साथ में कैप्शन दिया, ‘सोशल मीडिया से ब्रेक।’ काजोल की इस पोस्ट के बाद इंटरनेट पर हलचल बढ़ गई। एक्ट्रेस के इस बड़े फैसले से हर कोई हैरान है। एक ओर उनके फैंस एक्ट्रेस को शुभकामनाएं देने के साथ ही ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं तो दूसरी ओर कुछ लोग इसे वेब सीरीज द गुड वाइफ के प्रमोशन का तरीका बता रहे हैं।
आपको बता दें कि गुड वाइफ एक अमेरिकन कोर्ट रूम ड्रामा है, जिसके हिंदी रूपांतरण में काजोल नजर आएंगी। काजोल के कुछ फैंस उन्हें आश्वासन दे रहे हैं कि आप पूरा समय लें, हम आपको यहीं मिलेंगे। सोशल मीडिया से ब्रेक लेने की घोषणा पहले भी कुछ बॉलीवुड सेलेब्स कर चुके हैं। इन सेलेब्स में एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा, शिल्पा शेट्टी और मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान भी शामिल हैं।
मेंटल हेल्थ पर पड़ता है असर

काजोल ने सोशल मीडिया से दूरी बनाने का फैसला चाहे जिस भी कारण से लिया हो, लेकिन स्टडी बताती हैं कि सोशल मीडिया की आभासी दुनिया से ब्रेक लेना मानसिक शांति के लिए एक अच्छा ऑप्शन है। विभिन्न अध्ययनों का दावा है कि सोशल मीडिया का बहुत ज्यादा उपयोग डिप्रेशन, चिंता और अकेलेपन का कारण बन सकता है।
इतना ही नहीं सोशल मीडिया नकारात्मक अनुभवों को बढ़ावा दे सकता है। अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की एक स्टडी के अनुसार वयस्कों की तुलना में सोशल मीडिया किशोरों के लिए अधिक जोखिम भरा हो सकता है।
इसे कारण टीनएजर्स में टेंशन और अनिद्रा की शिकायत हो सकती है। यूनाइटेड किंगडम में रॉयल सोसाइटी फॉर पब्लिक हेल्थ की एक रिपोर्ट के अनुसार सोशल मीडिया पर पोस्ट अन्य लोगों की फोटोज और वीडियोज को देखकर टीनएजर्स खुद की तुलना करने लगते हैं, जिससे वे अवसाद में चले जाते हैं।
95% टीनएजर्स कर रहे उपयोग

पिछले दिनों अमेरिकी सर्जन जनरल डॉ. विवेक मूर्ति के कार्यालय की ओर से युवाओं को सोशल मीडिया के संभावित खतरों के प्रति आगाह किया गया। साथ ही प्रशासन और कंपनियों से इसके लिए मानक तय करने का आग्रह किया गया। कार्यालय के अनुसार 10 से 19 वर्ष की उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया यूज पर ध्यान देने की ज्यादा जरूरत है। एडवाइजरी 2022 के प्यू रिसर्च सेंटर के अनुसार 95% टीनएजर्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं। चिंता की बात यह है कि इनमें से एक तिहाई से अधिक इसका उपयोग लगातार करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार 12 से 15 साल की जो बच्चे दिन में तीन घंटे से ज्यादा सोशल मीडिया पर बिताते हैं, उनमें डिप्रेशन का जोखिम दोगुना बढ़ जाता है।
