मिशन मंगल के डायरेक्‍टर अब बनाएंगे चंद्रयान-3 पर फिल्‍म: Chandrayaan 3 Movie
Chandrayaan 3 Movie

Chandrayaan 3 Movie: चंद्रयान 3 की सफलता के बाद पूरे देश में खुशी का माहौल बन गया है। फिल्‍मी सितारों से लेकर आम आदमी सभी देश के वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि को अपनी उपलब्धि समझ रहे हैं। ऐसे में वैज्ञानिकों की इस मिशन के पीछे की मेहनत और इस दौरान सामने आई दिक्‍कतों को फिल्‍म मेकर पर्दे पर दर्शकों के सामने लाने का विचार कर रहे हैं। मिशन मंगल बनाने वाले जगन शक्ति चंद्रयान 3 की कहानी दर्शकों के सामने लाने वाले हैं। उन्‍होंने बुधवार को चंद्रयान 3 की सफल लैडिंग के बाद मीडिया में इस बात की पुष्टि की।

मिशन मंगल टीम के साथ बनाएंगे फिल्‍म

मिशन मंगल की टीम ने पर्दे पर उस मिशन में वैज्ञानिकों के चैलेंज को बखूबी पर्दे पर उतारा था। अक्षय कुमार, विद्या बालन, आशीष विद्यार्थी, तापसी पन्‍नू और शरमन जोशी के साथ अन्‍य कलाकारों ने देश के उस मिशन के पीछे वैज्ञानिकों की जद्दोजहद को दिखाया। जिससे लोगों को पता चला कि कैसे हमारे देश के वैज्ञानिक कम संसाधनों के बावजूद देश के लिए काम करने में लगे हुए हैं। अब मिशन मंगल के डायरेक्‍टर जगन शक्ति चंद्रयान 3 के पीछे वैज्ञानिकों की कहानी दर्शकों तक लाने का मन बना चुके हैं। उन्‍होंने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि वे इस विषय पर मिशन मंगल की टीम के साथ फिल्‍म बनाने का सोच रहे हैं। जगन की बडी बहन इसरो में सीनियर साइंटिस्‍ट हैं वे उनसे इस बारे में इनपुट ले रहे हैं। इसके बाद स्‍टोरी पर काम शुरू होने की संभावना है। हालांकि इस फिल्‍म में अक्षय कुमार बतौर एक्‍टर शामिल होंगे या नहीं इस बात पर उन्‍होंने पुष्टि नहीं दी है।

मिशन मंगल फिल्‍म के लिए वैज्ञानिकों की ली थी मदद

आपको बता दें मिशन मंगल बनाने से पहले फिल्‍म की रिसर्च टीम ने इसरो के वैज्ञानिकों से मदद ली थी। जगन शक्ति ने फिल्‍म मेकिंग के दौरान छोटी छोटी डीटेलिंग को फॉलो किया था। उन्‍होंने वैज्ञानिकों की बताई जानकारियों को फिल्‍म में समझाने का प्रयास किया था। जब आप किसी ऐसे विषय पर फिल्‍म बनाते हैं तो उससे जुडी हर जानकारी को सही तरीके से दर्शकों के सामने पेश करना आपकी जिम्‍मेदारी बन जाती है। जिसके लिए मिशन मंगल की टीम ने वैज्ञानिकों से हर छोटी बडी जानकारी इकट्ठा की।

मिशन की तरह ही फिल्‍म भी कम बजट में बनी

साइंस पर बनी फिल्‍मों में अमूमन बजट बड़ा होता है। क्‍योंकि आपको वीएफएक्‍स के साथ फिल्‍म के दृश्‍यों को रिलेवेंट बनाने के लिए तकनीकि रूप से ज्‍यादा खर्च करना पडता है। आपको बता दें कि हॉलिवुड की स्‍पेस पर आधारित फिल्‍म ग्रैविटी का बजट लगभग 800 करोड था। जबकि मिशन मंगल फिल्‍म का बजट लगभग 32 करोड था। हालांकि फिल्‍म में विजुअल इफैक्‍ट्स पर अच्‍छा खासा काम किया गया था। लेकिन शायद फिल्‍म मेकर्स मिशन मंगल के वैज्ञानिकों से प्रेरित थे। मेकर्स ने इस काम को कम बजट में करने के लिए इंडस्‍ट्री में नए लोगों के साथ किया। जिन्‍होंने कम बजट में बेहतरीन विजुअल इफैक्‍ट्स दे इसमें अलग जान डाल दी थी। अब जब जगन शक्ति चंद्रयान पर फिल्‍म बनाने जा रहे हैं तो देखना है कि इस बार उनकी फिल्‍म चंद्रयान की कहानी को पर्दे पर लोगों के सामने कितना प्रभावी रूप से पेश करती है।  

निशा सिंह एक पत्रकार और लेखक हैं, जिनका जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर जिलेमें हुआ। दिल्‍ली और जयपुर में सीएनबीसी, टाइस ऑफ इंडिया और दैनिक भास्‍कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्‍थानों के साथ काम करने के साथ-साथ लिखने के शौक को हमेशा जिंदा...