Space Gen: Chandrayaan trailer snippets
Space Gen: Chandrayaan trailer launch

Summary: स्पेस जेन: चंद्रयान के ट्रेलर में है नाकामी बनी सीख का कहानी

जियोहॉटस्टार की आगामी वेब सीरीज़ ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ भारत के अंतरिक्ष इतिहास के उस दौर को दिखाती है, जब चंद्रयान-2 मिशन के बाद देश ने असफलता का सामना किया। यह सीरीज नाकामी के बाद भरोसा, जिम्मेदारी और नए सिरे से शुरुआत की कहानी कहती है।

Space Gen Chandrayaan Trailer: भारत का अंतरिक्ष सफर सिर्फ रॉकेट, तकनीक और वैज्ञानिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है। यह उन लोगों की कहानी भी है, जिन्होंने असफलता के बाद हार मानने के बजाय खुद पर और अपने सपनों पर फिर से भरोसा किया। जियो हॉटस्टार पर आने वाली नई वेब सीरीज ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ इसी जज्बे को बेहद संवेदनशील तरीके में सामने लाने वाली है। इस पांच एपिसोड की इस सीरीज का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जो यह शो 23 जनवरी 2026 से स्ट्रीम होगा। ट्रेलर से पता चलता है कि यह सीरीज सिर्फ चंद्रयान मिशन की सफलता का जश्न नहीं मनाती, बल्कि उस कठिन दौर को भी दिखाती है, जब देश ने एक बड़ी नाकामी का सामना किया था।

YouTube video

साल 2019 में चंद्रयान-2 मिशन के दौरान जब लैंडर चांद की सतह से कुछ किलोमीटर पहले संपर्क से बाहर हो गया, तब पूरा देश स्तब्ध रह गया था। ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ उसी समय से कहानी को आगे बढ़ाती है। यह सीरीज इस सवाल को भी उठाती है कि जब उम्मीदें टूटती हैं, आलोचनाएं बढ़ती हैं और पूरी दुनिया सवाल करने लगती है, तब किसी संस्थान और उसके लोगों पर क्या गुजरती है। यह शो असफल लैंडिंग को अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत के रूप में दिखाता है। 1 मिनट 47 सेकेंड के ट्रेलर से पता चलता है कि कहानी अनिश्चितता, जिम्मेदारी और एक बड़ी नाकामी के बाद भरोसा दोबारा बनाने के दबाव के बारे में है।

सीरीज़ में दिखाया गया है कि एक नए इसरो प्रमुख आते हैं, जो उसी टीम पर भरोसा जताते हैं, जिसने पिछला मिशन पूरा किया था। यह फैसला न सिर्फ तकनीकी, बल्कि भावनात्मक रूप से भी चुनौतीपूर्ण होता है। यहीं से शुरू होती है आत्ममंथन, जिम्मेदारी और खुद को साबित करने की लंबी यात्रा, जिसका अंत भारत के ऐतिहासिक लूनर साउथ पोल लैंडिंग के रूप में होता है।

इस सीरीज में मुख्य भूमिका निभा रहे नकुल मेहता का कहना है कि यह कहानी गलती के बोझ और उसे सुधारने के साहस की है। उनका किरदार एक ऐसे व्यक्ति को दर्शाता है, जो भीतर से टूटा हुआ है, लेकिन हार मानने को तैयार नहीं। वहीं श्रिया सरन का किरदार शांत, संयमित और भीतर से बेहद मजबूत दिखाई देता है। श्रिया कहती हैं कि यह रोल उन्हें उन भावनात्मक बलिदानों के बारे में सोचने पर मजबूर करता है, जो बड़े सपनों की कीमत होते हैं और अक्सर दिखाई नहीं देते।

‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ की सबसे खास बात यह है कि यह विजुअल स्पेक्टेकल के बजाय लोगों की कहानी कहती है। टीवीएफ द्वारा निर्मित और अनंत सिंह के निर्देशन में बनी यह सीरीज वैज्ञानिकों, अधिकारियों और उनके परिवारों की भावनात्मक दुनिया को सामने लाती है। यह दिखाती है कि मिशन सिर्फ लॉन्च पैड पर नहीं, बल्कि घरों, रिश्तों और मन के भीतर भी लड़े जाते हैं। यह शो 23 जनवरी 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।

स्पर्धा रानी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज ने हिन्दी में एमए और वाईएमसीए से जर्नलिज़्म की पढ़ाई की है। बीते 20 वर्षों से वे लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट लेखन में सक्रिय हैं। अपने करियर में कई प्रमुख सेलिब्रिटीज़ के इंटरव्यू...