Tricks Can Be Useful While Filling Cheque- कैश लेनदेन को कम करने के लिए सरकार ने डेली कैश लेनदेन की सीमा तय कर दी है। अब एक दिन में अधिकतम दो लाख रुपए का कैश ट्रांजेक्शन किया जा सकता है। वहीं डिजिटल तरीके से भुगतान करने की भी अपनी एक सीमा है। इसलिए बड़े भुगतान के लिए बैंक चेक का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर होता है। चेक से लेनदेन सुरक्षित और भरोसेमंद होता है।
लेकिन चेक से भुगतान करते वक्त कुछ बातों का ख्याल रखना बहुत जरूरी होता है। महिलाएं अक्सर चेक भरते समय छोटी-छोटी गलतियां कर देती हैं, जिसकी वजह से चेक कैंसिल हो जाता है और भुगतान अटक जाता है। जल्दबाजी में चेक में की गई लापरवाही नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए जरूरी है कि चेक बनाते समय सावधानी बरती जाए। आइए जानते हैं चेक भरते समय किन गलतियों से बचना चाहिए।
एक ही पेन से लिखें

चेक भरते समय इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि एक ही पेन का इस्तेमाल किया जाए। पेन बदलने से चेक पर लिखावट भी बदल जाती है। एक ही चेक पर अलग-अलग पेन से लिखना नुकसानदायक होगा। अलग-अलग पेन से लिखने से चेक डिसऑर्नर हो जाता है और इस चेक से भुगतान नहीं होता है। इसलिए हमेशा ध्यान रखें कि चेक पर एक ही पेन का इस्तेमाल करें।
ओवरराइटिंग से बचें
इस बात का भी ध्यान रखना जरूरी है कि चेक पर ओवरराइटिंग नहीं होनी चाहिए। बैंक ओवरराइटिंग वाले चेक को मान्य नहीं करते हैं। इसलिए चेक भरने से पहले सभी नामों की स्पेलिंग अच्छी तरह से देख लेनी चाहिए। तारीख, धनराशि और चेक पाने वाले का नाम आदि को किसी कागज पर लिखकर उससे चेक पर कॉपी करना चाहिए। इससे गलती होने की संभावना बहुत कम हो जाती है।
कांट-छांट न करें

चेक पर कांट-छांट भी नहीं करना चाहिए। कांट-छांट वाले चेक को बैंककर्मी शंका की नजर से देखते हैं। कई बैंक तो इस तरह के चेक को वापस भी लौटा देते हैं। इसलिए कोशिश करें कि चेक पर कोई कांट-छांट न की जाए। चेक भरने से पहले सारी जानकारी एक पेपर पर लिखकर चेक कर लें, उसके बाद ही चेक में सही और साफ अक्षरों में उसे लिखें।
यह भी देखे-सावधान! क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के चक्कर में हो सकते हैं कंगाल: Credit Card Scam
हस्ताक्षर सही करें
कई बार हम भूल जाते हैं कि बैंक में हमने कौन-से हस्ताक्षर किए हैं। केवल वही चेक मान्य होता है जिसपर हस्ताक्षर ठीक उसी तरह होते हैं, जिसका रिकॉर्ड बैंक के पास होता है। इसलिए हमेशा याद रखें कि चेक पर आप वही हस्ताक्षर करें, जिसका रिकॉर्ड बैंक के पास मौजूद है। महिलाओं को कोशिश करना चाहिए कि वे अपने हस्ताक्षर एक ही रखें, बार-बार हस्ताक्षर में बदलाव न करें।
धनराशि लिखने के बाद /- जरूर लिखें

चेक में शब्दों में और अंकों में धनराशि का मेल होना चाहिए। अंकों में धनराशि लिखने के बाद /- का साइन जरूर बनाएं। वहीं शब्दों में धनराशि लिखने के बाद केवल या ओनली जरूर लिखें। ऐसा करने से चेक के साथ छेड़छाड़ करना नामुमकिन हो जाता है। जिन चेक में /- का साइन नहीं होता है, तब जालसाजों के लिए चेक धनराशि बढ़ाने का अवसर बन जाता है।
डेट का रखें खास ध्यान
बैंक चेक उस पर डली तारीख से तीन महीने तक ही वैलिड होता है। इसका मतलब है कि तारीख से तीन महीने भीतर ही चेक से धनराशि को निकाला या जमा किया जा सकता है। तीन महीने की तारीख पूरी होने के बाद चेक बेकार हो जाता है। चेक पर डेट डालते वक्त अगर गलती हो जाए तो इसे ओवरराइट करने के बजाय नया चेक बनाएं।
अकाउंट पेई साइन बनाना

अगर आप अपने चेक को सुरक्षित बनाना चाहते हैं तो हमेशा ध्यान रखें कि चेक के बायीं ओर कोने पर डबल क्रॉस के बीच a/c payee जरूर लिखें। ऐसा करने से चेक के जरिये भुगतान व्यक्ति के बैंक अकाउंट में होगा। इस साइन का एक फायदा ये भी होता है कि चेक गुम हो जाने की स्थिति में कोई भी व्यक्ति इसे गलत तरीके से भुना नहीं पाएगा। चेक पर जिस व्यक्ति का नाम लिखा जाता है, भुगतान उसी के बैंक अकाउंट में होता है। वहीं अगर बियरर चेक होगा, तो व्यक्ति सीधे बैंक के कैश काउंटर पर जाकर इससे पैसे ले सकेगा, जिसे सुरक्षित नहीं माना जाता है।
हमेशा रखें बैंक बैलेंस पर नजर
कई बार चेक बनाते समय हमें अपने बैंक बैलेंस की जानकारी नहीं होती। इसलिए चेक से पेमेंट करने से पहले बैंक अकाउंट के बैलेंस की जांच करना जरूरी होता है। अगर बैंक बैलेंस कम है और आप उससे ज्यादा अमाउंट का चेक बना देंगे, तब ऐसी स्थिति में आपका चेक बाउंस हो जाएगा और बैंक इसके लिए आप पर पेनल्टी भी लगाएंगे।
चेक डिटेल्स का रिकॉर्ड रखना

जब भी आप चेक से भुगतान करें तो उस चेक लीफ की डिटेल्स जैसे चेक नंबर, पाने वाले का नाम, डेट और अमाउंट की जानकारी को जरूर नोट करें। ये जानकारी चेक कैंसिल करने की जरूरत पड़ने पर आपके काम आ सकती है। इसके अलावा आपको चेक रिकॉर्ड से यह भी पता रहता है कि कहीं कोई चेक लीफ इधर-उधर तो नहीं हुआ है और ऐसा करने से आपकी चेकबुक हमेशा सुरक्षित रहेगी।
शब्दों और अंकों के बीच अधिक जगह छोड़ना
आप जब भी चेक से भुगतान करें तब शब्दों और अंकों के बीच अधिक जगह छोड़ने से बचें। ज्यादा जगह होने से नाम और धनराशि के साथ छेड़छाड़ होने की आशंका बहुत अधिक होती है। इसके अलावा इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि जो धनराशि शब्दों में लिखी है, वहीं धनराशि अंकों में भी लिखें। इसमें कोई भी अंतर नहीं होना चाहिए। दोनों तरह से लिखी गई धनराशि जब एकसमान होती है, बैंक तभी चेक को स्वीकार करते हैं।
चेक को न करें फोल्ड

बैंक चेक पर नीचे की तरफ एक मैग्नेटिक इंक कैरेक्टर रिकॉगनिशन कोड लिखा रहता है। इसलिए हमेशा याद रखें कि चेक को फोल्ड न करें। चेक को फोल्ड करने से एमआईसीआर कोड को नुकसान पहुंच सकता है। एमआईसीआर कोड चेक की जल्दी प्रोसेसिंग और सेटलमेंट में मदद करता है।
