मानसून में जूतों की देखभाल: फंगल इन्फेक्शन से बचाव के 7 आसान उपाय
मानसून में नमी और गीलापन जूतों में फंगल इन्फेक्शन का कारण बनते हैं। इन आसान सफाई और स्टोरेज टिप्स से आप अपने जूतों को सुरक्षित और पैरों को स्वस्थ रख सकते हैं।
Fungal Infection Prevention: मानसून का मौसम भले ही ठंडक और ताज़गी लेकर आता है, लेकिन इस दौरान बढ़ी हुई नमी और गीलापन पैरों में फंगल इन्फेक्शन का सबसे बड़ा कारण बनते हैं। गीली मिट्टी और बारिश के पानी से बार-बार भीगने वाले जूते, चप्पल बैक्टीरिया और फंगस का घर बन जाते हैं। इसका असर सीधे हमारे पैरों पर खुजली, लालपन, बदबू और स्किन इन्फेक्शन के रूप में नज़र आने लगता है। इस समस्या से बचने के लिए जूतों की समय पर सफाई और उन्हें रखने का सही तरीका अपनाया जाए तो इन समस्याओं से बचा जा सकता है। इसलिए मानसून में जूतों की सही देखभाल बेहद ज़रूरी है।
आइए जानते हैं बारिश के मौसम में जूते साफ़ और सुरक्षित रखने के कुछ आसान से टिप्स, जो आपके पैरों को फंगल इंफेक्शन से पूरी तरह बचाएंगे।
एंटी-फंगल पाउडर

जूते पहनने से पहले पैरों और जूतों के अंदरूनी हिस्से में एंटी-फंगल पाउडर जरूर छिड़कें। यह न केवल नमी सोखता है बल्कि फंगल ग्रोथ को भी रोक देता है। पैरों में बदबू की समस्या हो तो यह उपाय और भी कारगर साबित होता है।
दो से तीन जोड़ी जूते रखें
बारिश में रोज़ाना एक ही जोड़ी जूते पहनना सही नहीं है। कोशिश करें कि आपके पास कम से कम दो से तीन जोड़ी जूते हों और उन्हें बारी-बारी से पहनें। इससे हर जूते को ठीक से सूखने और हवा लगने का समय मिलेगा।
सफाई पर ध्यान दें

जूते सिर्फ बाहर से साफ़ दिखें, यह काफ़ी नहीं है । इनकी अंदरूनी सफाई भी बहुत ज़रूरी है। आप जूतों को हल्के साबुन और गुनगुने पानी से धो सकते हैं। कैनवस शूज़ या स्पोर्ट्स शूज़ को वॉशिंग मशीन में भी सावधानी के साथ धोया जा सकता है। धोने के बाद उन्हें छाँव या धूप में अच्छी तरह सुखाना न भूलें।
लेदर शूज़ की खास देखभाल
लेदर के जूते बारिश में जल्दी खराब होने लगते हैं और उनमें फंगस भी आसानी से जम जाता है। इन्हें इस्तेमाल के बाद सूखे कपड़े से पोंछें और फिर लेदर कंडीशनर या पॉलिश का भी इस्तेमाल करें । इन्हें कभी भी प्लास्टिक बैग में बंद करके न रखें, हमेशा हवा लगने वाली जगह पर रखें।
सही तरह से स्टोर करें

गीले और गंदे जूतों को बंद अलमारी या बॉक्स में कभी न रखें। ऐसा करने से उनमें नमी फँस जाती है और फंगस तेजी से फैलता है। जूतों को स्टोर करने से पहले पूरी तरह सुखा लें। बेहतर होगा अगर आप उन्हें जालीदार रैक या कपडे के बैग में रखें।
बेकिंग सोडा और अख़बार
अगर आपके जूते बार-बार नमी लेते हैं, तो रात में उनमें अख़बार के टुकड़े या बेकिंग सोडा डालकर रखें। अख़बार जूते की नमी खींच लेता है और बेकिंग सोडा बदबू को दूर करता है। सुबह जूतों को झाड़कर पहनें, वे ताज़ा और सूखे मिलेंगे।
सिलिका जेल पैक

सिलिका जेल पैक मानसून में जूतों को सुरक्षित रखने का एक आसान और असरदार तरीका है। जब भी आप जूतों को स्टोर करें, उनके अंदर सिलिका जेल पैकेट जरूर डालकर रखें। यह पैकेट जूतों के अंदर मौजूद नमी को पूरी तरह से सोख लेते हैं और इन्हें को लंबे समय तक सूखा रखते हैं। नमी खत्म होने से उनमें बैक्टीरिया और फंगस पनपने की संभावना कम हो जाती है।
