Overview:कॉलेज खत्म होने के बाद यूं चुनें सही करियर
कॉलेज खत्म होने के बाद अगर आप अपने करियर की दिशा को लेकर असमंजस में हैं तो यह लेख आपकी दुविधा दूर करने में आपकी मदद करेगा।
Career Confusion after College: जैसे ही कॉलेज खत्म होता है तो हर कोई बस हमसे एक ही सवाल पूछने लगता है कि अब करियर में आगे क्या करना है। खुद हमारे मन में भी यही कशकमश रहती है कि हम करियर की किस राह को चुनें, जिससे एक सफल जिन्दगी जी सकें। साथ ही, वह करियर हमारे व्यक्तित्व और पसंद के अनुसार भी हो, जिससे हमें अपना काम करने में मजा भी आए। अगर आप भी कॉलेज खत्म होने के बाद ऐसे ही सवालों के घेरे में हैं तो आपको परेशान होने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है, क्योंकि आप अकेले नहीं है। करियर को लेकर उलझन होना बिल्कुल आम बात है और हम सभी कभी ना कभी इस दौर से गुजरे हैं।
हालांकि, एक बात यह भी सच है कि यह दौर किसी भी छात्र के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है। अगर इस समय गलत डिसीजन लिया जाए या फिर आप खुद के लिए सही दिशा की तलाश नहीं कर पाते हैं तो ऐसे में बाद में आपको काफी पछतावा होता है। हो सकता है कि इस समय आप थोड़ा दबाव, थोड़ी घबराहट और डर का सामना कर रहे हों, लेकिन अच्छी बात ये है कि आप बेहद आसानी से इस करियर कन्फ्यूजन का हल ढूंढ सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कॉलेज खत्म होने के बाद की करियर कन्फ्यूजन को दूर करने के लिए कुछ टिप्स बता रहे हैं, जो कहीं ना कहीं आपको एक क्लियर रोडमैप देने में मदद करेंगे-
खुद को दें एक ब्रेक
जैसे ही कॉलेज खत्म होता है, हम सभी के ऊपर एक तरह का मेंटल प्रेशर आ जाता है। ऐसे में हम तुरंत एक परफेक्ट करियर फील्ड को चुन लेना चाहते हैं। हालांकि, आपको यह समझना चाहिए कि कोई भी फील्ड अच्छी या खराब नहीं होती है, बस वो हमारे कितने कितनी सही है, इसे गहराई से समझने की जरूरत होती है। लेकिन मेंटल प्रेशर में अक्सर वह क्लीयेरिटी नहीं आ पाती है। जिसकी वजह से अक्सर दबाव में हम सभी गलत फैसले ले लेते हैं। इसलिए, एकदम से किसी फील्ड में काम करने से पहले खुद को थोड़ा मेंटल ब्रेक दें और एक-दो महीने खुद को एक्सप्लोर करने की कोशिश करें। आप इंटर्नशिप करों और यह समझने के लिए वक्त लो कि आपके लिए सबसे अच्छा क्या है। हो सकता है कि घर-परिवार या रिश्तेदारों को यह केवल समय की बर्बादी लगे, लेकिन वास्तव में यह एक इनवेस्टमेंट है, जो आपको ताउम्र खुश रखने में मदद करेगा।
खुद का करें एनालिसिस

किसी भी व्यक्ति के लिए करियर की दिशा तीन चीजों से होती है- इंटरस्ट, स्किल्स और वैल्यूज। मसलन, आपको किस काम को करने में सबसे ज्यादा मजा आता है और किन चीजों में आप नेचुरली काफी अच्छे हैं और आखिरी में आप अपनी जिन्दगी में किसी तरह का वैल्यूज या लाइफस्टाइल चाहते हैं। जब आप इन चीजों का सही तरह से एनालिसिस करते हैं तो आप खुद के लिए एक परफेक्ट करियर चुन सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर आपको क्रिएटिविटी पसंद हैं और आपके राइटिंग स्किल्स काफी अच्छे हैं। लेकिन आपको नौ से पांच की जॉब नहीं करनी है और एक फ्लेक्सिबल लाइफस्टाइल चाहते हैं तो ऐसे में आप फ्रीलांस राइटर बन सकते हैं। इसमें आप अपनी क्रिएटिविटी के इंटरस्ट, राइटिंग के स्किल्स और फ्लेक्सिबल लाइफस्टाइल को एक साथ एन्जाय कर पाएंगे।
उस फील्ड के लोगों से करें बात
अक्सर हम दूसरों की सुनी-सुनाई बातों पर या इंटरनेट पर छपे किसी एक लेख पर भरोसा करके अपना भविष्य चुन लेते हैं। लेकिन कई बार हमारा ये फैसला गलत हो जाता है। इसलिए किसी भी क्षेत्र में करियर बनाने से पहले आप गूगल रिसर्च के अलावा उस फील्ड के लोगों से बात करें। जो लोग पहले से ही उस फील्ड में काम कर रहे हैं, वे आपको असली रिव्यू दे सकते हैं। इससे आपको उस फील्ड के वास्तविक फायदे और नुकसान के बारे में पता चल जाएगा। जिसके बाद आपके लिए एक सही निर्णय ले पाना अधिक आसान हो जाएगा।
छोटे-छोटे स्किल्स सीखने की कोशिश करो

अगर आप अपने करियर को लेकर कन्फ्यूज हैं और खुद के लिए एक सही फील्ड को चुनना चाहते हैं तो ऐसे में खुद को बेहतर तरीके से एक्सप्लोर करने का सही तरीका है नए स्किल्स को सीखना। इन स्किल्स को सीखने के लिए आपको पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। बस आप यूट्यूब या ऑनलाइन फ्री कोर्स की मदद ले सकते हैं। इससे आपको ये समझने में मदद मिलेगी कि आप जिस फील्ड में करियर बनाने के बारे में सोच रहे हैं, वह सच में आपके लिए है भी या नहीं। कभी-कभी हम बस नए ट्रेंड के पीछे भागते हैं और अपना करियर चुन लेते हैं। मसलन, अगर डिजिटल मार्केटिंग काफी ट्रेंड में है और आप उसमें करियर बनाने के बारे में सोच रहे हैं तो पहले 4 हफ़्ते का एससीओ कोर्स करके देखो। अगर आपको पसंद आता है तो आप आगे बढ़ सकते हैं।
करें करियर मैपिंग
करियर से जुड़ी किसी भी कन्फ्यूजन को दूर करने का सबसे अच्छा तरीका है करियर मैपिंग करना। इसके लिए आप एक नोटबुक में लिखें कि आपको अगले 6 महीने में क्या करना है और उसके अगले 1-2 साल में कौन सा फील्ड एक्सप्लोर करना चाहते हैं। इसी तरह आप लंबे समय में कैसी लाइफस्टाइल चाहते हैं। जब आप करियर मैपिंग करते हैं तो इससे आपके दिमाग में चीजें बेहतर तरीके से क्लीयर होती हैं।
