Monsoon Immunity Thali: बारिश के साथ-साथ कई तरह के संक्रमण और पेट की समस्याएं भी आती हैं। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि हम खाने-पीने का ध्यान रखें।
हाइजीन है जरूरी

मानसून के मौसम में फूड हाइजीन को लेकर किसी तरह की लापरवाही ना बरतें।
बाहर का खाना जितना हो सके उससे बचें और खाना ताजा ही खाएं।
जैसे ही बारिश का मौसम आता है, दिल बेहद खुश हो जाता है। मिट्टी की सोंधी खुशबू और ठंडी-ठंडी हवा से मन को बहुत अच्छा लगता है। यह सच है कि बारिश के मौसम जैसा कुछ नहीं होता। लेकिन बारिश के साथ-साथ कई तरह के संक्रमण और पेट की समस्याएं भी आती हैं। ऐसे में यह बेहद जरूरी हो जाता है कि हम अपने खाने-पीने का थोड़ा ध्यान रखें ताकि इन मौसमी परेशानियों को आसानी से दूर रखा जा सके और इस मुश्किल मौसम में भी हम स्वस्थ रहें। पछताने से बेहतर है कि
पहले से ही सावधान रहें।
बारिश के मौसम में खाने के कुछ खास नियम होते हैं, जिनका पालन करना चाहिए, क्योंकि
इस मौसम में वायरस के कारण बीमार पड़ने की संभावना बहुत ज्यादा होती है। इसलिए,
कुछ आसान टिप्स ध्यान में रखें-
1. गर्मियों में खीरा, तरबूज जैसे पानीदार फल खाए जाते हैं, वैसे ही बारिश में ऐसे खाने ज्यादा फायदेमंद होते हैं जिनमें पानी की मात्रा कम हो, जैसे- बेसन, भुट्टा और सूखी
सब्जियां।
2. चूंकि, इस मौसम में हमारा पाचन कमजोर हो जाता है, इसलिए बहुत हैवी और तलेभुने खाने से दूर रहें। हल्का और जल्दी पचने वाला खाना खाएं। साथ ही मसाले भी थोड़ा कम ही रखें, वरना पेट और ज्यादा गड़बड़ कर सकता है।
3. मानसून में शरीर में वॉटर रिटेंशन की समस्या पहले से ही बढ़ जाती है, ऐसे में खट्टी चीजों से थोड़ा परहेज करना चाहिए क्योंकि शरीर में वॉटर रिटेंशन और भी ज्यादा बढ़ा सकती हैं।
4. बारिश के दिनों में इंफेक्शन का खतरा सबसे ज्यादा होता है और इम्युनिटी काफी कम होती है। ऐसे में लहसुन, प्याज, हल्दी, मेथी दाना और करेला जैसी चीजों को रोजाना खाने में जरूर शामिल करें, क्योंकि ये आपके शरीर को अंदर से रक्षा करते हैं।
5. मौसमी फल और सब्जियां ही खरीदें और उन्हें अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं। जो फल-सब्जियां इस मौसम के नहीं हैं, उनसे बचें, क्योंकि ये आपको फायदा कम और नुकसान अधिक पहुंचाते हैं।
6.कच्ची सलाद और हरी पत्तेदार सब्जियां इस मौसम में या तो बिल्कुल ना खाएं या फिर उन्हें बहुत अच्छे से धोकर ही खाएं।
7. हाइड्रेशन को लेकर किसी तरह का समझौता ना करें। बारिश के दिनों में प्यास कम लगती हैं, लेकिन फिर भी दिन भर में कम से कम 8 गिलास पानी जरूर पिएं। ठंडेमौसम में हमारा दिमाग पानी की जरूरत को ठीक से नहीं समझता, लेकिन शरीर को फिर भी पानी की जरूरत होती है। इन दिनों पसीना ज्यादा आता है, इसलिए पानी की जरूरत और भी ज्यादा बढ़ जाती है।
8. इस मौसम में पांच चीजें डाइट में जरूर शामिल करनी चाहिए, कच्चा आम, कच्चा
केला, मक्का, करेला और कच्चा प्याज।
कच्चा आम
बरसात में कच्चा आम खाने का मजा ही कुछ और होता है। मछली और भिंडी के साथ इसका स्वाद बेमिसाल आता है। ये ना सिर्फ स्वाद में जबरदस्त होता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है। इसमें पेक्टिन होता है जो ब्लड शुगर को नियंत्रित करता है और डायबिटीज को काबू में रखने में मदद करता है।
कच्चा केला
बारिश के मौसम में कच्चा केला भी डाइट में शामिल करना बहुत फायदेमंद होता है। इसमें
रेसिस्टेंट स्टार्च होता है जो पाचन को सुधारता है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस
कराता है। इसकी वजह से कैल्शियम जैसे पौष्टिक तत्वों का समावेश भी बेहतर होता है।
कॉर्न
बारिश में पाचन थोड़ा धीमा हो जाता है, इसलिए ऐसे समय में कॉर्न आटे जैसे फाइबर वाले चीजें खाना जरूरी है। इसमें घुलनशील और अघुलनशील दोनों तरह के फाइबर होते हैं जो पेट सही रखते हैं। मक्का शरीर में वॉटर रिटेंशन की समस्या को भी कम करता है और इससे आपको फोलिक एसिड, विटामिन बी, सी व प्रोटीन भी मिलता है।
करेला
करेले का स्वाद भले ही कड़वा हो, लेकिन सेहत के लिए ये कमाल का है। यह एक जानी-मानी इम्यूनोमॉड्यूलेटर है जो हमारी इम्यूनिटी को बढ़ाती हैं और मौसमी फ्लू से बचने में मदद मिलती है। साथ ही साथ, इसमें खून साफ करने वाले गुण भी पाए जाते हैं, जो इंफेक्शन को दूर रखती है।
