Ramayana
Ramayana

Summary: टाइम्स स्क्वायर पर छाया रामायण का पोस्टर, रणबीर-यश की जोड़ी ने बटोरी सुर्खियां

रणबीर और यश की रामायण की झलक को विश्व स्तर पर सराहा जा रहा है। इसके प्रचार के लिए निर्माता भी कोई कमी नहीं छोड़ रहे...

Ramayana Times Square: रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की पौराणिक महाकाव्य फिल्म ‘रामायण’ की पहली झलक ने दुनियाभर में धूम मचा दी है। इसके शानदार विजुअल्स ने न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वायर को भी रोशन कर दिया। तीन जुलाई को भारत के नौ बड़े शहरों में ग्रैंड लॉन्च इवेंट के बाद, इस फिल्म का अंतरराष्ट्रीय अभियान अब उत्तरी अमेरिका पहुंचा है। वहां भी दर्शक इसकी भव्यता से प्रभावित हो रहे हैं और इसका टीजर भारतीय सिनेमा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है।

सोशल मीडिया पर प्रशंसकों और मीडिया हाउस द्वारा साझा की गई वायरल तस्वीरों में टाइम्स स्क्वायर में रामायण के पोस्टर दिखाई दे रहे हैं। इस पोस्टर में रणबीर कपूर, भगवान राम के रूप में दिख रहे हैं और यश शक्तिशाली रावण के रूप में नजर आ रहे हैं। टाइम्स स्क्वायर पर इतना बड़ा बिलबोर्ड लगना भारतीय पौराणिक कथाओं के लिए वैश्विक मंच पर ऐतिहासिक पल है।

प्रसिद्ध फिल्मकार नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित यह फिल्म नमित मल्होत्रा द्वारा प्रोड्यूस की गई है। नमित आठ बार ऑस्कर जीत चुके प्रोड्यूसर हैं। वे प्राइम फोकस स्टूडियोज व डीएनईजी के सीईओ हैं। डीएनईजी ने ‘ड्यून’ और ‘ओपेनहाइमर’ जैसी हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फिल्मों में वीएफएक्स का काम किया है। इस फिल्म में विश्वस्तरीय तकनीक और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक कहानियों का संगम है, जिससे यह एक नई तरह का सिनेमा अनुभव देने वाली है। नितेश को आप ‘दंगल’ जैसी फिल्मों से जानते हैं। नितेश का कहानी कहने का अंदाज जुदा होता है और वो इस रामायण में भी देखने को मिलेगा।

  • रणबीर कपूर – भगवान राम के रूप में
  • साई पल्लवी – सीता के रूप में
  • यश – रावण के रूप में
  • सनी देओल – हनुमान के रूप में
  • रवि दुबे – लक्ष्मण के रूप में

इस भव्यता को और बढ़ाने के लिए ऑस्कर विजेता हांस जिमर, ए.आर. रहमान के साथ बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। एक्शन सीक्वेंस ‘मैड मैक्स: फ्यूरी रोड’ के लिए प्रसिद्ध गाय नॉरिस ने कोरियोग्राफ किए हैं। 3 जुलाई को मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे, अहमदाबाद और कोच्चि जैसे नौ भारतीय शहरों में एक साथ इसका लॉन्च भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक अभूतपूर्व पल रहा। इस लॉन्च के अगले ही दिन रामायण का अभियान वैश्विक स्तर पर पहुंच गया और टाइम्स स्क्वायर पर छा गया, जिससे यह संकेत मिला कि भारतीय सिनेमा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी लीग में प्रवेश कर रहा है।

प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस द्वारा सह-निर्मित यह फिल्म आईमैक्स रिलीज के लिए दो भागों में बनाई जा रही है। पहला भाग दिवाली 2026 में रिलीज होगा और दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा, जिससे दर्शकों को एक भव्य और अद्भुत सिनेमाई अनुभव मिलेगा। फिल्म का टीजर बता रहा है कि इसमें कमाल के स्पेशल इफेक्ट्स हैं। यह ऐसी रामायण होगी जो पहले कभी ना देखी गई, ना सुनी गई। सोशल मीडिया पर इसे बेहद सकारात्मक बातें मिल रही हैं।

ढाई दशक से पत्रकारिता में हैं। दैनिक भास्कर, नई दुनिया और जागरण में कई वर्षों तक काम किया। हर हफ्ते 'पहले दिन पहले शो' का अगर कोई रिकॉर्ड होता तो शायद इनके नाम होता। 2001 से अभी तक यह क्रम जारी है और विभिन्न प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म समीक्षा...