Summary: मानसून में घूमने लायक नागालैंड के खूबसूरत हिल स्टेशन, जरूर करें एक्स्प्लोर
मॉनसून में नागालैंड के हिल स्टेशन जैसे कोहिमा, खोनोमा, मोकोकचुंग, वोखा और मोन हरियाली, शांति और सांस्कृतिक अनुभवों से भरपूर होते हैं। ये जगहें ट्रेकिंग, फोटोग्राफी और जनजातीय जीवनशैली को करीब से जानने के लिए बेहतरीन हैं।
Top 5 Hill Stations in Nagaland: अगर आप मानसून के मौसम में किसी शांत, खूबसूरत और प्राकृतिक नजारों से भरपूर जगह की तलाश में हैं, तो नागालैंड आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। पूर्वोत्तर भारत में बसा यह राज्य न केवल अपने सांस्कृतिक विविधता के लिए मशहूर है, बल्कि इसकी हरी-भरी घाटियां और शांत पहाड़ियां भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं।
नागालैंड की खूबसूरती केवल भारतीय ही नहीं, बल्कि विदेशी सैलानियों को भी खूब लुभाती है। हर साल यहां देश-विदेश से हजारों पर्यटक घूमने आते हैं और इसकी प्राकृतिक और पारंपरिक विरासत का आनंद लेते हैं। खास बात यह है कि यहां कुछ ऐसे हिल स्टेशन भी हैं, जो बारिश के मौसम में और भी ज्यादा जीवंत हो जाते हैं।
अगर आप नागालैंड घूमने की योजना बना रहे हैं, तो यहां के इन 5 हिल स्टेशनों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में ज़रूर शामिल करें। ये जगहें न सिर्फ मन को सुकून देती हैं, बल्कि मानसून की हरियाली में एक अलग ही जादू बिखेरती हैं।
नागालैंड के सबसे फेमस हिल स्टेशन (Top 5 Hill Stations of Nagaland)
कोहिमा
नागालैंड की राजधानी कोहिमा केवल एक प्रशासनिक शहर नहीं, बल्कि एक सुंदर और शांत हिल स्टेशन भी है। पहाड़ियों की ऊंचाई पर बसे इस शहर में मानसून के मौसम में हरियाली और ठंडी हवाएं वातावरण को बेहद सुखद बना देती हैं। यहां की डज़ुकू घाटी अपनी अद्भुत प्राकृतिक छटा के लिए जानी जाती है। इसके अलावा नागा हेरिटेज विलेज भी घूमने के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान है, जहां नागा जनजातियों की परंपराएं और जीवनशैली देखने को मिलती है। कोहिमा इतिहास प्रेमियों के लिए भी खास है, क्योंकि यहां का वॉर सेमेट्री द्वितीय विश्व युद्ध की कहानियों को संजोए हुए है।
खोनोमा

कोहिमा से कुछ दूरी पर स्थित खोनोमा गांव एक शांत और हरा-भरा हिल स्टेशन है, जिसे भारत का पहला “ग्रीन विलेज” कहा जाता है। पर्यावरण के संरक्षण की मिसाल पेश करने वाला यह गांव प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। यहां के ऊँचे-नीचे रास्तों पर ट्रेकिंग करना रोमांचकारी अनुभव देता है। मानसून के दौरान यह जगह बादलों और कोहरे के बीच डूबी रहती है, जिससे दृश्य और भी आकर्षक लगते हैं। खोनोमा में घूमते समय आप स्थानीय जीवनशैली और बांस से बने घरों की खूबसूरती को भी नजदीक से देख सकते हैं।
मोकोकचुंग
मोकोकचुंग नागालैंड का एक और शानदार हिल स्टेशन है जो अपनी हरियाली और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यह क्षेत्र खासतौर पर Ao नागा जनजाति का घर है, जहां पारंपरिक जीवनशैली आज भी जीवंत रूप में देखने को मिलती है। मानसून में यहां के जंगल, घाटियां और धुंध से ढकी पहाड़ियां एक अलग ही दुनिया का अहसास कराती हैं। फोटोग्राफी, ट्रेकिंग और लोकल हैंडीक्राफ्ट्स के शौकीनों के लिए यह जगह बेहद खास है।
वोखा

वोखा, नागालैंड का एक कम भीड़-भाड़ वाला हिल स्टेशन है, जो खासकर अपने शांत वातावरण और संतरे के बागानों के लिए प्रसिद्ध है। यह जगह उन पर्यटकों के लिए परफेक्ट है जो भीड़ से दूर रहकर प्रकृति के करीब रहना चाहते हैं। यहां की डोयांग नदी और इसके किनारे की हरियाली मन को सुकून देती है। मानसून के समय यहां की हरियाली और नदियों का दृश्य अत्यंत मनोरम हो जाता है। ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए यह स्थान स्वर्ग से कम नहीं।
मोन
नागालैंड का मोन हिल स्टेशन मानसून में घूमने के लिए एक अनूठा अनुभव देता है। यह क्षेत्र खासकर Konyak नागा जनजाति का घर है, जो अपने पारंपरिक टैटू और लकड़ी की नक्काशी के लिए प्रसिद्ध है। यहां का सांस्कृतिक वैभव और प्राकृतिक सुंदरता दोनों ही देखने लायक हैं। बारिश के मौसम में यह क्षेत्र हरियाली की चादर ओढ़ लेता है और बादलों के बीच छिपे पहाड़ बेहद आकर्षक नज़ारा पेश करते हैं। मोन की यात्रा के दौरान आप स्थानीय जनजातीय जीवन, हस्तशिल्प और पारंपरिक घरों को भी नजदीक से देख सकते हैं।
